आंध्र प्रदेश में भीषण हादसा: ट्रक और बस की टक्कर के बाद लगी आग, 10 यात्रियों की जिंदा जलकर मौत
नेशनल डेस्क: आंध्र प्रदेश के मार्कपुरम जिले में गुरुवार सुबह एक हृदयविदारक सड़क हादसा हुआ है, जहाँ एक निजी बस और ट्रक की भीषण टक्कर में 10 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। यह दर्दनाक घटना रायवरम के पास लकड़ी की खदानों के नजदीक घटित हुई।
तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर : जानकारी के अनुसार, हैदराबाद से पामुर जा रही हरिकृष्णा की एक निजी ट्रैवल बस की टक्कर चिमाकुर्थी से बजरी ले जा रहे एक टिपर ट्रक से आमने-सामने हो गई। चश्मदीदों और पुलिस के मुताबिक, हादसा तेज रफ्तार की वजह से हुआ, जिसके बाद बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और पलट गई। टक्कर के तुरंत बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई, जिससे बस में सवार यात्रियों को संभलने या बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिल सका।
हताहतों का विवरण: हादसे के समय बस में करीब 40 यात्री सवार थे। इस अग्निकांड में 10 लोगों की मौके पर ही जलकर मौत हो गई। इसके अलावा, करीब 20 लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जबकि 12 अन्य को मामूली चोटें आई हैं। बताया जा रहा है कि मरने वालों में ज्यादातर कनिगिरी और पामुर इलाकों के निवासी थे। गंभीर रूप से झुलसे लोगों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहाँ डॉक्टरों का कहना है कि मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है।
बचाव कार्य और जांच: घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकलकर्मी भारी संख्या में मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। हालांकि, जब तक आग पर काबू पाया जाता, तब तक दोनों वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो चुके थे। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

