ब्रेकिंग न्यूज़
मशहूर हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा की बढ़ी मुश्किलें: महिला आयोग ने भेजा समन; देहरादून कॉलेज कार्यक्रम में दी थीं गालियां

मनोरंजन डेस्क: मशहूर हरियाणवी गायक मासूम शर्मा एक नए कानूनी विवाद में फंस गए हैं। हरियाणा राज्य महिला आयोग ने उन्हें एक कॉलेज कार्यक्रम के दौरान अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने के आरोप में समन जारी कर व्यक्तिगत रूप से पेश होने का आदेश दिया है।

विवाद की वजह: हाल ही में उत्तराखंड के डीएवी कॉलेज, देहरादून में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मासूम शर्मा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस वीडियो में वे गाना गाते-गाते अचानक अभद्र भाषा और गालियों का इस्तेमाल करते हुए दिखाई दे रहे हैं।

महिला आयोग का सख्त रुख: आयोग ने इसे महिलाओं की गरिमा, शालीनता और सम्मान के विरुद्ध माना है। आयोग के अनुसार, एक बड़े स्टार द्वारा इस तरह का आचरण बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं है।

समन और पेशी की तारीख: हरियाणा राज्य महिला आयोग अधिनियम 2012 की धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए आयोग ने गायक को 18 अप्रैल, 2026 को सुबह 11 बजे सेक्टर-2 पंचकूला स्थित कार्यालय में पेश होकर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है।

कानूनी कार्रवाई की चेतावनी: नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि यदि मासूम शर्मा निर्धारित समय पर उपस्थित नहीं होते हैं, तो उनके खिलाफ आयोग के प्रावधानों के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

गायक की सफाई: हालांकि मामले के तूल पकड़ने के बाद मासूम शर्मा ने इस घटना के लिए माफी मांग ली है, लेकिन महिला आयोग फिलहाल इस मामले को शांत करने के मूड में नहीं दिख रहा है।