खन्ना: मेगा PTM के जरिए सरकारी स्कूलों की पढ़ाई का स्तर होगा बेहतर, मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद ने किया स्कूलों का दौरा
खन्ना में कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद ने दो सरकारी स्कूलों में मेगा PTM के दौरान विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों से बातचीत की। ललहेड़ी स्कूल में साइंस लैब के निर्माण कार्य का उद्घाटन किया।
खन्ना / लुधियाना / सत्ता संदेश
पंजाब के कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद ने सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर बनाने और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित मेगा पेरेंट-टीचर मीटिंग (मेगा PTM) कार्यक्रम के तहत खन्ना के दो सरकारी स्कूलों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों से बातचीत की तथा शिक्षा व्यवस्था में अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी के महत्व पर जोर दिया।
कैबिनेट मंत्री ने अमलोह रोड स्थित राघववीर सिंह फ्रीडम फाइटर पीएम श्री गवर्नमेंट हाई स्कूल और गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्मार्ट स्कूल, ललहेड़ी का दौरा किया। उन्होंने कहा कि मेगा PTM का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति का आकलन करना नहीं, बल्कि उनके मानसिक, नैतिक और सामाजिक विकास को भी सुनिश्चित करना है।
सौंद ने कहा कि बच्चे किसी भी देश और समाज की सबसे मूल्यवान संपत्ति होते हैं। उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध करवाना जरूरी है। शिक्षा समाज की प्रगति का एक महत्वपूर्ण माध्यम है और इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए माता-पिता तथा शिक्षकों की संयुक्त भूमिका अहम है।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए कदम उठा रही है। सरकारी स्कूलों में पढ़ाई का स्तर ऊंचा उठाने और विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा की सुविधाएं देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मेगा पेरेंट-टीचर मीटिंग के माध्यम से माता-पिता और शिक्षकों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित होता है। इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई, प्रदर्शन और अन्य गतिविधियों के बारे में जानकारी साझा करने के साथ उनकी जरूरतों को समझने तथा समय रहते सुधारात्मक कदम उठाने में मदद मिलती है।
उन्होंने विद्यार्थियों की तुलना बिना तराशे हीरों से करते हुए कहा कि उचित मार्गदर्शन, मेहनत और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के माध्यम से उनकी प्रतिभा को निखारा जा सकता है। उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों से बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए मिलकर काम करने तथा उनके सर्वांगीण विकास में योगदान देने की अपील की।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद ने गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्मार्ट स्कूल, ललहेड़ी में साइंस लैब के निर्माण कार्य का उद्घाटन भी किया।
कार्यक्रम में मार्केट कमेटी खन्ना के चेयरमैन जगतार सिंह गिल, जिला परिषद सदस्य मास्टर अवतार सिंह दैहिरू, ओएसडी करण अरोड़ा, वार्ड नंबर 8 के पार्षद राज लखिया, अमनदीप सिंह पूरेवाल, पुनीत खट्टर सहित स्कूलों के शिक्षक, स्कूल प्रबंधन समिति (SMC) के सदस्य, विद्यार्थी और उनके अभिभावक मौजूद रहे।

