आगरा में 19 जून को पहला BRICS MSME फोरम और कार्य समूह की बैठक आयोजित होगी
भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय द्वारा 19 जून को आगरा में “लचीलापन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता के लिए निर्माण” की व्यापक थीम के अंतर्गत प्रथम ब्रिक्स MSME फोरम और तीसरी SME कार्य समूह की बैठक आयोजित की जाएगी।
पहले ब्रिक्स MSME फोरम की बैठक में ब्राजील, चीन, मिस्र, इथियोपिया, इंडोनेशिया, ईरान, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका, यूएई, बेलारूस, मलेशिया, नाइजीरिया, थाईलैंड, युगांडा और भारत सहित ब्रिक्स सदस्य और ब्रिक्स सहयोगी देशों के नीति निर्माता, उद्योगपति, उद्यमी और अन्य प्रमुख हितधारक एक साथ आएंगे और वैश्विक MSME इकोसिस्टम को मजबूत करने, स्थिरता को बढ़ावा देने और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ाने पर विचार-विमर्श करेंगे।
भारत का MSME क्षेत्र, जिसमें 86 लाख से अधिक उद्यम शामिल हैं, देश की आर्थिक वृद्धि और विकास का एक महत्वपूर्ण स्तंभ बनकर उभरा है। यह क्षेत्र GDP में 31.1 प्रतिशत से अधिक का योगदान देता है, विनिर्माण उत्पादन में 35.4 प्रतिशत की हिस्सेदारी रखता है और भारत के निर्यात में 48.58 प्रतिशत से अधिक का योगदान देता है, साथ ही पूरे देश में बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर भी पैदा करता है।
इस कार्यक्रम का शुभारंभ MSME की उत्कृष्टता को प्रदर्शित करने वाली एक प्रदर्शनी के उद्घाटन के साथ होगा, जिसके बाद ब्रिक्स सदस्यों के तीसरे एसएमई कार्य समूह की बैठक “एमएसएमई इाकेसिस्टम का निर्माण – सतत जड़ों से वैश्विक मार्गों तक” विषय पर होगी।
इसके साथ ही, ब्रिक्स सदस्य देशों के निजी क्षेत्र के हितधारक ‘एमएसएमई के लिए प्रौद्योगिकी तक पहुंच’ और ‘स्थिरता उन्मुख एमएसएमई का विकास’ पर विचार-विमर्श करेंगे। इस फोरम में वरिष्ठ सरकारी अधिकारी और ब्रिक्स देशों के प्रतिनिधि भाग लेंगे, जो सरल भविष्य के लिए तैयार MSME इाकोसिस्टम को बढ़ावा देने के लिए सर्वोत्तम प्रथाओं, नीतिगत अनुभवों और सफल केस स्टडीज को साझा करेंगे।
ब्रिक्स एसएमई फोरम से ब्रिक्स देशों के बीच सहयोग को मजबूत करने और एमएसएमई के विकास और वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मकता को बढ़ावा देने के लिए एक सहयोगात्मक वातावरण विकसित करने की उम्मीद है। यह फोरम सहभागी देशों को ज्ञान का आदान-प्रदान करने, उभरते अवसरों की पहचान करने और समावेशी एवं सतत आर्थिक विकास में योगदान देने वाली साझेदारियां बनाने का अवसर भी प्रदान करेगा।

