ब्रेकिंग न्यूज़
जोधपुर को मिला नया एयरपोर्ट टर्मिनल, पीएम मोदी ने लॉन्च की संशोधित ‘उड़ान’ योजना

राजस्थान / सत्ता संदेश

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राजस्थान के जोधपुर में एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने संशोधित ‘उड़ान’ योजना भी लॉन्च की, जिसका उद्देश्य देश में विमानन कनेक्टिविटी का विस्तार और विमानन-आधारित विकास को गति देना है।

नए टर्मिनल का किया निरीक्षण

प्रधानमंत्री मोदी ने जोधपुर एयरपोर्ट पहुंचने के बाद नए टर्मिनल भवन का निरीक्षण किया। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू और केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने उन्हें टर्मिनल की विभिन्न विशेषताओं की जानकारी दी। इसके बाद प्रधानमंत्री ने नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया।

480 करोड़ रुपए की लागत से तैयार हुआ टर्मिनल

यह परियोजना 480 करोड़ रुपए की लागत से विकसित की गई है। 23,000 वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्र में फैला यह नया टर्मिनल भवन हर साल 20 लाख यात्रियों को संभालने में सक्षम है। इसमें आधुनिक यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे यात्रियों को अधिक सुगम और आरामदायक यात्रा का अनुभव मिलेगा।

राजस्थान की विरासत और हरित निर्माण पर विशेष जोर

राजस्थान की शाही विरासत से प्रेरित इस टर्मिनल की वास्तुकला में मेहराब और झरोखों जैसे पारंपरिक तत्वों को आधुनिक डिजाइन के साथ समाहित किया गया है। ऊर्जा-कुशल प्रणालियां, जल संरक्षण उपाय और हरित भवन निर्माण पद्धतियां इसकी प्रमुख विशेषताएं हैं। टर्मिनल को 5-स्टार जीआरआईएचए रेटिंग के अनुरूप विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है। नए टर्मिनल के शुरू होने से क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

संशोधित ‘उड़ान’ योजना के लिए 28,840 करोड़ रुपए का प्रावधान

पीएम नरेंद्र मोदी ने संशोधित ‘उड़ान’ योजना भी लॉन्च की। इस योजना के तहत 28,840 करोड़ रुपए का आवंटन किया गया है। इसका उद्देश्य अगले 10 वर्षों में विमानन-आधारित विकास को गति देना और देशभर में व्यापक तथा टिकाऊ हवाई कनेक्टिविटी सुनिश्चित करना है।

100 नए हवाई अड्डे और 200 हेलीपैड विकसित होंगे

योजना के तहत मौजूदा अप्रयुक्त हवाई पट्टियों का उपयोग करते हुए 100 हवाई अड्डों के विकास पर विशेष जोर दिया गया है, जिसके लिए 12,000 करोड़ रुपए से अधिक का बजट निर्धारित किया गया है। इसके अलावा, क्षेत्रीय हवाई अड्डों के शुरुआती वर्षों में उनके संचालन और रखरखाव (ओएंडएम) के लिए 2,500 करोड़ रुपए से अधिक की सहायता दी जाएगी। दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों में बेहतर पहुंच सुनिश्चित करने के लिए 200 आधुनिक हेलीपैड विकसित करने का भी प्रस्ताव रखा गया है। 

घरेलू हवाई यात्रियों की संख्या जनवरी में 4.36 प्रतिशत बढ़कर 152.49 लाख हुई

मुंबई, 28 फरवरी (भाषा) देश के भीतर हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या जनवरी 2026 में वार्षिक आधार पर 4.36 प्रतिशत बढ़कर 152.49 लाख रही, नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) द्वारा जारी आंकड़ों में यह जानकारी दी गई है।

शुक्रवार देर शाम जारी आंकड़ों के अनुसार, इंडिगो, एयर इंडिया समूह, स्पाइसजेट और अकासा एयर सहित प्रमुख घरेलू विमानन कंपनियों ने जनवरी 2025 में कुल 146.11 लाख यात्रियों को सेवाएं दी थीं।

दिसंबर में पायलटों के विश्राम और ड्यूटी अवधि के कड़े नियमों के कारण परिचालन संबंधी बाधाओं का सामना करने वाली इंडिगो ने अपनी बाजार हिस्सेदारी फिर से हासिल कर ली है। कंपनी 63.6 प्रतिशत बाजार हिस्सेदारी और 97.04 लाख यात्रियों के साथ शीर्ष पर रही।

इसके विपरीत, एयर इंडिया समूह की बाजार हिस्सेदारी पिछले महीने की तुलना में लगभग तीन प्रतिशत घटकर 26.5 प्रतिशत (40.34 लाख यात्री) रह गई।

विमान में सीटों के भरने की दर (पीएलएफ) के मामले में अकासा एयर 93.2 प्रतिशत के साथ सबसे आगे रही, जबकि इंडिगो 87.7 प्रतिशत के साथ दूसरे स्थान पर रही।

पीएलएफ यह मापता है कि विमान की कुल क्षमता का कितना उपयोग किया गया है।

आंकड़ों के अनुसार, जनवरी 2026 में घरेलू उड़ानों के रद्द होने की कुल दर 1.44 प्रतिशत रही। वहीं, दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, हैदराबाद और बेंगलुरु जैसे छह प्रमुख महानगरीय हवाई अड्डों से समय पर परिचालन के मामले में इंडिगो 70.9 प्रतिशत के साथ सबसे बेहतर रही।व्यापारमुंबई