ब्रेकिंग न्यूज़
19वें मुंबई अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में प्रतिभागियों की पंजीकरण प्रक्रिया की शुरूआत

मुंबई / सत्ता संदेश

मुंबई अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (MIFF) के 19वें आयोजन के लिए प्रतिभागी पंजीकरण प्रक्रिया शुरू होने की घोषणा कर दी गई है। यह महोत्सव 15 से 21 जून, तक मुंबई, महाराष्ट्र के पेडर रोड स्थित एनएफडीसी परिसर में आयोजित किया जाएगा। दक्षिण एशिया के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित गैर-फीचर फिल्मों को समर्पित महोत्सवों में से एक के रूप में मान्यता प्राप्त एमआईएफएफ, दुनिया भर के फिल्म निर्माताओं, कलाकारों, मीडिया पेशेवरों और सिनेमा प्रेमियों को एक व्‍यापक मंच प्रदान करता है।

जैसे-जैसे भारतीय फिल्म उद्योग कंटेंट निर्माण में वैश्विक दिग्‍गज के रूप में उभर रहा है, मुंबई अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव महत्वाकांक्षी फिल्म निर्माताओं के लिए एक महत्वपूर्ण मंच और सीढ़ी के रूप में कार्य करता है।

एमआईएफएफ 2026 के लिए प्रतिभागी पंजीकरण

आगामी एमआईएफएफ आयोजन के लिए प्रतिभागियों का पंजीकरण आधिकारिक महोत्सव पोर्टल के माध्यम से शुरू हो गया है। इच्छुक प्रतिभागी आधिकारिक एमआईएफएफ वेबसाइट: https://miff.in/en के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं।

पंजीकरण पूरा करने के लिए प्रतिभागी https://my.miff.in/dashboard/ पर जा सकते हैं।

नए उपयोगकर्ताओं को अपना अकाउंट बनाना होगा, जबकि मौजूदा उपयोगकर्ता सीधे लॉग इन कर सकते हैं। आवेदकों को आवश्यक विवरण भरने होंगे और 500 रुपये का पंजीकरण शुल्क जमा करना होगा।

छात्र पंजीकरण नि:शुल्क है। छात्र श्रेणी के अंतर्गत प्रस्तुत आवेदनों की समीक्षा और अनुमोदन बैकएंड टीम द्वारा विवरणों और सहायक दस्तावेजों के सत्यापन के बाद किया जाएगा।

पंजीकरण संबंधी किसी भी सहायता के लिए प्रतिभागी registration@miff.in पर सहायता टीम से संपर्क कर सकते हैं । तकनीकी प्रश्नों के लिए, कृपया digitalteam@nfdcindia.com पर संपर्क करें ।

19वें MIFF के बारे में जानकारी

MIFF एक ऐतिहासिक आयोजन है और दक्षिण एशिया में वृत्तचित्र, लघु कथा और एनिमेशन फिल्मों को समर्पित सबसे पुराना और सबसे बड़ा फिल्म महोत्सव होने का गौरव रखता है। 1990 में स्थापित (शुरुआत में बॉम्बे अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के रूप में) एमआईएफएफ भारतीय और अंतर्राष्ट्रीय फिल्म निर्माताओं की उत्कृष्ट कृतियों को प्रदर्शित करने वाले एक जीवंत मंच के रूप में विकसित हुआ है।

19वें मुंबई अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में भव्य उद्घाटन और समापन समारोह के साथ-साथ अंतर्राष्ट्रीय और भारतीय प्रतियोगिता खंड भी शामिल होंगे, जिनमें प्रतिष्ठित गोल्डन और सिल्वर कोंच पुरस्कार और 55 लाख रुपये के नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। प्रमुख पुरस्कारों में वी. शांताराम लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार, प्रमोद पति पुरस्कार (सबसे नवीन/प्रायोगिक फिल्म के लिए), तकनीकी उत्कृष्टता पुरस्कार, सर्वश्रेष्ठ छात्र फिल्म पुरस्कार और सर्वश्रेष्ठ नवोदित निर्देशक पुरस्कार शामिल हैं।

इस महोत्सव में कई गैर-प्रतियोगिता खंड भी शामिल होंगे, जिनमें प्रिज्म – भारत और दुनिया भर की शीर्ष श्रेणी की और नवोन्मेषी फिल्मों का एक क्यूरेटेड शोकेस; अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रशंसित और पुरस्कार विजेता फिल्मों को प्रदर्शित करने वाले विशेष क्यूरेटेड खंड; स्वतंत्र फिल्में; देश केंद्रित फिल्में; पुनर्स्थापित क्लासिक्स; वन्यजीव फिल्में; छात्र फिल्में; न्यू मीडिया और एआई फिल्में; और कई अन्य खंड शामिल हैं।

MIFF 2026 में विशेष स्क्रीनिंग, रेड कार्पेट इवेंट, मास्टरक्लास, पैनल चर्चा और वेव्स डॉक बाज़ार का भी आयोजन किया जाएगा, जिससे यह सिनेमाई उत्कृष्टता और रचनात्मक आदान-प्रदान का एक व्यापक उत्सव बन जाएगा। पहली बार, वेव्स डॉक बाज़ार में इमर्सिव मार्केट भी पेश किया जाएगा, जो इमर्सिव कंटेंट क्रिएटर्स, प्रोड्यूसर्स और तकनीकी सहयोगियों के लिए एक समर्पित मंच है। वीआर, एआर, एक्‍सआर और संवादात्‍मक अनुभवों पर केंद्रित यह मार्केट अभिनव परियोजनाओं को प्रदर्शित करने, कहानी कहने के नए प्रारूपों का पता लगाने और सार्थक सहयोग को बढ़ावा देने के लिए एक मंच प्रदान करेगा।

वेव्स डॉक बाज़ार का दूसरा संस्करण 16 से 18 जून, 2026 तक आयोजित किया जाएगा

वेव्स डॉक बाज़ार 2026 में व्यूइंग रूम और वर्क-इन-प्रोग्रेस लैब के लिए आवेदन प्रारंभ हुए

वेव्स डॉक बाज़ार 2026 अगली पीढ़ी की गाथा कहने के लिए एक उभरता बाजार प्रस्‍तुत करेगा

मुंबई / सत्ता संदेश

वेव्स डॉक बाज़ार का दूसरा संस्करण 16 से 18 जून, 2026 तक 19वें मुंबई अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (एमआईएफएफ) के साथ मुंबई के एनएफडीसी कॉम्प्लेक्स में आयोजित किया जाएगा।

वेव्स डॉक बाज़ार एक प्रमुख मंच है जिसे वृत्तचित्र, एनिमेशन और लघु फिल्म निर्माताओं की प्रगति को बढ़ावा देने और गति प्रदान करने के लिए तैयार किया गया है। यह मंच सहयोग, मार्गदर्शन, बाज़ार तक पहुंच और वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने के अवसर प्रदान करता है। अपने दूसरे संस्करण के साथ इस मंच का उद्देश्य ऑडियो-विज़ुअल उद्योग के स्थापित पेशेवरों और उभरती हुई प्रतिभाओं को एक साथ लाना है। इसके अलावा, यह बाज़ार रचनाकारों, निर्माताओं, वितरकों, प्रसारकों, वित्तदाताओं और प्रौद्योगिकी भागीदारों के लिए एक जीवंत केंद्र के रूप में कार्य करेगा, जो निर्माण और वितरण के विभिन्न चरणों में सहयोग प्रदान करते हुए असाधारण कहानी कहने की कला को सशक्त बनाएगा और फिल्म निर्माताओं को वैश्विक दर्शकों तक पहुंचने में सहायता प्रदान करेगा। प्रतिभागी विशेषज्ञों और अनुभवी पेशेवरों के साथ सीधे संवाद के माध्यम से वर्तमान उद्योग रुझानों, बाज़ार की मांगों, वितरण रणनीतियों और दर्शकों की प्राथमिकताओं के संदर्भ में बहुमूल्य जानकारी प्राप्त करेंगे।

वेव्स डॉक बाज़ार के प्रमुख खंडों में से एक है व्यूइंग रूम (वीआर), जहां हाल ही में पूरी हुई या पोस्ट-प्रोडक्शन में मौजूद वृतचित्र, लघु और एनिमेशन फिल्मों को पंजीकृत प्रतिनिधियों के एक चुनिंदा समूह को दिखाया जाएगा। चुनिंदा खरीदारों, प्रोग्रामरों, वितरकों और निवेशकों के लिए ही सुलभ एक सुरक्षित मंच के रूप में डिज़ाइन किया गया यह मंच फिल्म निर्माताओं को वितरण कार्य प्राप्‍त करने, सह-निर्माताओं और विश्व बिक्री एजेंटों से जुड़ने, फिल्म समारोहों की संभावनाओं का पता लगाने और फिल्म निर्माण के लिए धनराशि प्राप्त करने के अवसर प्रदान करता है। एक विशेष रूप से तैयार की गई व्‍यवस्‍था के माध्यम से, खरीदार भाषा, अवधि, निर्माण के चरण और अन्य विवरणों के आधार पर फिल्मों को ब्राउज़ कर सकते हैं, जबकि चुनिंदा फिल्मों को व्यूइंग रूम कैटलॉग में भी शामिल किया जाएगा, जिसे सभी पंजीकृत प्रतिनिधियों के साथ साझा किया जाएगा और कार्यक्रम से पहले ऑनलाइन उपलब्ध कराया जाएगा।

वर्कइन-प्रोग्रेस लैब (डब्ल्यूआईपी)

विशेष रूप से डॉक्यूमेंट्री और एनिमेशन फिल्मों के रफ-कट चरण के लिए डिज़ाइन की गई है। एक बंद कमरे में आयोजित इस लैब में चयनित प्रतिभागियों को अनुभवी फिल्म निर्माताओं, संपादकों और अंतरराष्ट्रीय सलाहकारों से बहुमूल्य प्रतिक्रिया, मार्गदर्शन और सलाह मिलती है, जिससे उन्हें अपने प्रोजेक्ट को व्यापक दर्शकों के लिए परिष्कृत करने में सहायता मिलती है।

वीआरएआर और एक्सआर पर केंद्रित उभरते बाज़ार का प्रीमियर वेव्स डॉक बाज़ार में होगा।

पहली बार, वेव्स डॉक बाज़ार में उभरता बाजार भी प्रस्‍तुत किया जाएगा, जो इमर्सिव कंटेंट क्रिएटर्स, प्रोड्यूसर्स और टेक्नोलॉजी पार्टनर्स के लिए एक समर्पित मंच है। वीआर, एआर और एक्सआर और परस्‍पर संवादात्‍मक अनुभवों पर केंद्रित यह बाजार अभिनव परियोजनाओं को प्रदर्शित करने, कहानी कहने के नए प्रारूपों का पता लगाने और सार्थक सहयोग को बढ़ावा देने के लिए एक मंच प्रदान करेगा।

अपने गतिशील कार्यक्रमों और उद्योग-केंद्रित पहलों के साथ, वेव्स डॉक बाज़ार वृत्तचित्रों, एनिमेशन और लघु फिल्मों के लिए इकोसिस्‍टम को मजबूत करने के लिए तैयार है, साथ ही रचनात्मक उत्कृष्टता और अंतर्राष्ट्रीय पहुंच के लिए नए मार्ग प्रशस्‍त कर रहा है।

वेव्स डॉक बाज़ार 2026 में व्यूइंग रूम और डब्‍ल्‍यूआईपी लैब के लिए आवेदन आमंत्रित हैं।

वेव्स डॉक बाज़ार 2026 के व्यूइंग रूम और वर्क-इन-प्रोग्रेस (डब्ल्यूआईपी) लैब के लिए आवेदन आमंत्रित हैं। यह एक वैश्विक मंच है जो वृत्तचित्र और एनिमेशन फिल्म निर्माताओं को उद्योग के अग्रणी पेशेवरों से जोड़ता है। इच्छुक प्रतिभागी 15 मई, 2026 को भारतीय समयानुसार रात 11:59 बजे तक अपने आवेदन जमा कर सकते हैं।

2024 में आयोजित डॉक फिल्म बाजार के पहले संस्करण की पीआईबी फाइल तस्वीरें

पात्रता:
यह कार्यक्रम विश्वभर की वृत्तचित्र और एनिमेशन फिल्मों के लिए खुला है। लघु, मध्यम और फीचर-लंबाई वाली फिल्में वेव्स डॉक बाज़ार 2026 में प्रदर्शित होने के लिए पात्र हैं। फिल्में पूर्ण हो चुकी हों या पोस्ट-प्रोडक्शन में हों, और अधिकांश शूटिंग पूरी हो चुकी हो। विकास या पूर्व-निर्माण चरण में उपस्थित परियोजनाएं पात्र नहीं हैं। जिन फिल्म निर्माताओं की परियोजनाएं फिल्म समारोहों में प्रदर्शित होने, बिक्री, वितरण या निर्माण के लिए धन जुटाने की तलाश में हैं, उन्हें विशेष रूप से आवेदन करने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है। सीमित या बिना अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित फिल्मों का भी स्वागत है।

प्रस्तुत करने की प्रक्रिया

पहले चरण में, आवेदकों को समीक्षा के लिए पूरी फिल्म या उसके रफ कट का पासवर्ड से सुरक्षित स्क्रीनर लिंक जमा करना होगा। चयन होने पर, फिल्म निर्माताओं को व्यूइंग रूम के लिए कम से कम 10 मिनट का फुटेज जमा करना होगा। पूरी फिल्म जमा करने के लिए विशेष रूप से प्रोत्साहित किया जाता है। अंतिम फाइलें सुरक्षित रूप से अपलोड की जाएंगी और केवल अधिकृत प्रतिभागियों के लिए ही उपलब्ध होंगी।

फिल्म निर्माताओं को अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपने काम का प्रदर्शन करने और वृत्तचित्र और एनीमेशन उद्योग के प्रमुख निर्णयकर्ताओं से जुड़ने के इस अवसर का लाभ उठाने के लिए आमंत्रित किया जाता है।

इच्छुक उम्मीदवार नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करके अपना आवेदन जमा कर सकते हैं।

नियम एवं विनियम, अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न और वीआर तथा निर्माणाधीन परियोजनाओं के बारे में अधिक जानकारी यहां से प्राप्त की जा सकती है।