ब्रेकिंग न्यूज़
Rajpura Teej Celebration: कलोली गांव में हरियाली तीज का रंग, गिद्धा-चरखा और पंजाबी विरासत की दिखी झलक

राजपुरा / सत्ता संदेश

Report / दीपक कुमार की रिपोर्ट।

राजपुरा के कलोली गांव में हरियाली तीज का पर्व धूमधाम से मनाया गया। महिलाओं ने गिद्धा, किकली, चरखा और पारंपरिक वेशभूषा के साथ पंजाबी संस्कृति व विरासत को जीवंत किया।

लुधियाना के राजपुरा में स्थित गांव कलोली में हरियाली तीज का पर्व उत्साह और पारंपरिक अंदाज में मनाया गया। गांव की महिलाओं और युवतियों ने पंजाबी संस्कृति और लोक परंपराओं की शानदार झलक पेश करते हुए समारोह को यादगार बना दिया।

तीज समारोह के दौरान महिलाओं और युवतियों ने पारंपरिक पंजाबी वेशभूषा में सज-धजकर हिस्सा लिया। हरे रंग के लहंगे, चूड़ियां और हाथों में रची मेहंदी ने समारोह की खूबसूरती को और बढ़ा दिया। कार्यक्रम में महिलाओं ने चरखा चलाने के साथ किकली खेली और गिद्धा डालकर पंजाब की समृद्ध लोक संस्कृति को जीवंत किया।

समारोह में पूर्व विधायक हरदयाल सिंह कंबोज की पत्नी और उनकी पुत्रवधू ने भी विशेष रूप से शिरकत की। उन्होंने गांव की महिलाओं और युवतियों के साथ मिलकर तीज का आनंद लिया और पंजाबी संस्कृति एवं विरासत को बढ़ावा देने का संदेश दिया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आज के दौर में पंजाब और पंजाबियत की पारंपरिक पहचान को कायम रखने के लिए ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों की बेहद जरूरत है। नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपराओं और विरासत से जोड़ने के लिए इस तरह के कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाने चाहिए।

उन्होंने सभी को हरियाली तीज की शुभकामनाएं देते हुए आपसी भाईचारे और एकता का संदेश दिया। साथ ही पंजाब के पारंपरिक त्योहारों को मिल-जुलकर मनाने की अपील की।

ग्रामीणों का कहना है कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन युवाओं को अपनी जड़ों और रीति-रिवाजों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इन आयोजनों के माध्यम से पंजाब की लोक कला, परंपराओं और विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने में मदद मिलती है।