ब्रेकिंग न्यूज़
MYB-DAC ने चंडीगढ़ में युवा सहभागिता को सशक्त बनाने की समीक्षा की

चंडीगढ़ / सत्ता संदेश

माय भारत चंडीगढ़ की जिला सलाहकार समिति (MYB-DAC) की बैठक गुरुवार को उपमंडल मजिस्ट्रेट (दक्षिण), चंडीगढ़ की अध्यक्षता में आयोजित की गई। उन्होंने उपायुक्त, चंडीगढ़ के नामित प्रतिनिधि के रूप में बैठक की अध्यक्षता की।

बैठक में चंडीगढ़ में माय भारत की विभिन्न पहलों की प्रगति की समीक्षा की गई तथा शैक्षणिक संस्थानों के माध्यम से युवाओं की सहभागिता को और अधिक सुदृढ़ करने के उपायों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में विभिन्न सरकारी विभागों एवं शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

बैठक में यह निर्णय लिया गया कि सभी शैक्षणिक संस्थानों को अपने विद्यार्थियों का पंजीकरण माय भारत पोर्टल पर सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया जाएगा। साथ ही, प्रत्येक संस्थान से एक नोडल अधिकारी तथा कैंपस एम्बेसडर नियुक्त करने का अनुरोध किया जाएगा, ताकि युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा सके, स्वयंसेवा (वॉलंटियरिज्म) को बढ़ावा मिले तथा संस्थागत स्तर पर माय भारत की गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन हो सके।

समिति ने इस बात पर विशेष बल दिया कि राष्ट्र निर्माण से संबंधित पहलों तथा माय भारत मंच के माध्यम से उपलब्ध अनुभवात्मक अधिगम (Experiential Learning) के अवसरों में युवाओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सभी हितधारकों के बीच समन्वित प्रयास आवश्यक हैं।

बैठक का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि सभी संबंधित विभाग एवं संस्थान मिलकर चंडीगढ़ में माय भारत के सशक्त पारिस्थितिकी तंत्र (Ecosystem) के निर्माण की दिशा में कार्य करेंगे तथा युवाओं को सामुदायिक विकास एवं स्वयंसेवी गतिविधियों में अधिक से अधिक भागीदारी के लिए प्रेरित करेंगे।

PUNJAB TOP-10 NEWS, चुटकियों में पढ़े बड़ी दिन भर की खबरें…4-05-2026

पंजाब डेस्क: पंजाब और चंडीगढ़ में आज की सबसे बड़ी हलचल बंगाल चुनाव के नतीजों और उसके पंजाब की राजनीति पर पड़ने वाले असर को लेकर रही। इसके साथ ही राज्य में अपराध, धार्मिक संवेदनशीलता और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पंजाबियों की उपलब्धियों से जुड़ी खबरें भी सुर्खियों में रहीं। आइए विस्तार से जानते हैं आज की 10 बड़ी खबरें।

बंगाल चुनाव का पंजाब पर राजनीतिक असर: पश्चिम बंगाल में भाजपा की एकतरफा बढ़त के बाद पंजाब की राजनीति गर्मा गई है। केंद्रीय राज्यमंत्री रवनीत बिट्‌टू ने दावा किया है कि अब पंजाब में भी तख्तापलट होगा, जिस पर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पलटवार करते हुए इसे ‘शेखचिल्ली के सपने’ बताया है। राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि यदि भाजपा बंगाल फतह करती है, तो वह पंजाब में भी सत्ता पाने के लिए अपनी पूरी ताकत और नीतियां झोंक देगी।

गुरदासपुर में मर्डर-सुसाइड की खौफनाक वारदात: गुरदासपुर में बरिंदर सिंह उर्फ बिंदा ने अपनी दूसरी पत्नी परमशील उर्फ शैली की गोली मारकर हत्या कर दी और फिर खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पति-पत्नी के बीच लंबे समय से घरेलू कलह चल रही थी और दूसरी पत्नी ने तलाक के लिए वूमेन सेल में शिकायत भी की थी। घटना के समय उनकी दो बेटियाँ घर पर नहीं थीं और पुलिस ने मौके से एक लाइसेंसी पिस्टल बरामद की है।

शिक्षक की प्रताड़ना से छात्र का सुसाइड: फरीदकोट में BA प्रथम वर्ष के एक छात्र ने सरहिंद नहर में कूदकर जान दे दी। सुसाइड से पहले उसने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट डाली थी, जिसमें शिक्षक को अपनी मौत का जिम्मेदार बताते हुए उसे सजा दिलाने की मांग की थी। छात्र के पिता का आरोप है कि शिक्षक ने उसे बहुत बेइज्जत किया था और उसे नहर में कूदकर मरने के लिए उकसाया था। पुलिस ने आरोपी शिक्षक को हिरासत में ले लिया है।

AAP विधायक और गैंगस्टर के बीच फोन पर भिड़ंत: लुधियाना के पायल से विधायक मनविंदर सिंह ग्यासपुरा और गैंगस्टर डोनी बल के बीच तीखी बहस का एक वीडियो सामने आया है। गैंगस्टर ने विधायक और उनके करीबियों को जान से मारने की धमकी दी, जिसके जवाब में विधायक ने कहा कि वे धमकियों से नहीं डरते। विधायक ने इस मामले की शिकायत डीजीपी को भेजी है क्योंकि उनके करीबियों पर पहले भी फायरिंग और धमकियां दी जा चुकी हैं।

गोल्डन टेंपल में AI फोटो से धार्मिक भावनाएं आहत: स्वर्ण मंदिर की एक AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) जनित फोटो वायरल हुई है, जिसमें परिक्रमा के भीतर लोगों को चप्पल पहने और नंगे सिर दिखाया गया है। सोशल मीडिया पर आपत्ति जताए जाने के बाद फोटो पोस्ट करने वाले ने माफी मांग ली है। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है और उनके कानूनी सलाहकार इस पर आगे की कार्रवाई करेंगे।

चंडीगढ़ में मोबाइल चोरी के शक में हत्या: मनीमाजरा में नगर निगम के एक कर्मचारी कृष्ण कुमार की बेल्ट से गला दबाकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में बिहार के रहने वाले एक पिता, उसके बेटे और एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को शक था कि उनके दो मोबाइल फोन कृष्ण कुमार ने चुराए हैं, जिसके बाद हुई मारपीट में उसकी जान चली गई और आरोपियों ने शव को जंगल में फेंक दिया।

बिक्रम मजीठिया को फिर मिली जान से मारने की धमकी: अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया को एक विदेशी नंबर से व्हाट्सएप पर धमकी भरा संदेश मिला है। मैसेज में लिखा था कि “कुछ दिन और जिंदगी जी लो, ट्रेलर जल्द आने वाला है”। सुरक्षा एजेंसियां और साइबर सेल इस धमकी के स्रोत की जांच कर रहे हैं।

ट्राइडेंट समूह और प्रदूषण बोर्ड विवाद: पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने ट्राइडेंट समूह और पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के बीच चल रहे विवाद पर सुनवाई पूरी कर फैसला सुरक्षित रख लिया है। ट्राइडेंट समूह ने आरोप लगाया है कि बोर्ड की कार्रवाई राजनीति से प्रेरित है और सैंपल लेने के दौरान नियमों का उल्लंघन किया गया है।

कनाडा पुलिस में पंजाबी बेटी की कामयाबी: मोगा के गांव मल्लके की जसदीप कौर बराड़ को कनाडा पुलिस में ‘पीस ऑफिसर’ के रूप में चुना गया है। जसदीप के पिता, जो गांव के सरपंच हैं, ने बताया कि उनकी बेटी ने कड़ी मेहनत और संघर्ष से यह मुकाम हासिल किया है, जो युवाओं के लिए एक प्रेरणा है।

चंडीगढ़ की विरासत की विदेशों में नीलामी: चंडीगढ़ के हेरिटेज फर्नीचर के 4 लॉट हाल ही में ब्रिटेन में करीब 21.8 लाख रुपये में नीलाम हुए हैं। इनमें पियरे जीनरेट द्वारा डिजाइन किए गए डेस्क, कुर्सियां और रैक शामिल थे। स्थानीय अधिवक्ताओं ने केंद्र सरकार से मांग की है कि ऐसी नीलामियों को रोकने के लिए एक विशेष नीति (SOP) बनाई जाए क्योंकि यह चोरी की गई संपत्ति है।

PUNJAB TOP-10 NEWS, चुटकियों पढ़े बड़ी दिन भर की खबरें…

पंजाब डेस्क: पंजाब-चंडीगढ़ की आज की 10 बड़ी खबरें: कही अंबेडकर प्रतिमा तोड़ी गई, ओर कही टोल टैक्स महंगा और प्रियंका चोपड़ा की स्वर्ण मंदिर में सेवा आए आप को दिनभर पंजाब की अहम खबरें से रूबरू करवाते है।

1. अंबेडकर प्रतिमा को हथौड़ों से तोड़ा: होशियारपुर के गांव नूरपुर जट्टां में डॉ. भीमराव अंबेडकर की मूर्ति को हथौड़ों और नुकीले हथियारों से क्षतिग्रस्त कर दिया गया। खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने इस घटना का वीडियो जारी कर दावा किया कि इसे खालिस्तानियों ने अंजाम दिया है। घटना के बाद गांव में तनाव है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

2. कल से टोल टैक्स महंगा: पंजाब में 1 अप्रैल से सफर महंगा हो जाएगा क्योंकि NHAI ने टोल प्लाजा की दरों में बढ़ोतरी कर दी है। लाडोवाल टोल प्लाजा पर कार और जीप के लिए सिंगल ट्रिप अब ₹220 के बजाय ₹225 की होगी। इसके साथ ही अब टोल पर कैश लेन-देन पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा।

3. प्रियंका चोपड़ा ने स्वर्ण मंदिर में की सेवा: बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर (गोल्डन टेंपल) पहुंचीं। उन्होंने वहां मत्था टेका और लंगर हॉल में बर्तन धोने की सेवा की। उन्होंने वहां कुछ देर बैठकर गुरबाणी भी सुनी।

4. मूसेवाला के पूर्व मैनेजर का पिता गिरफ्तार: लुधियाना पुलिस ने सिद्धू मूसेवाला के कथित पूर्व मैनेजर शगनप्रीत सिंह के पिता सौदागर सिंह को गिरफ्तार किया है। उन पर एक आढ़ती से ₹1 करोड़ की फिरौती मांगने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, शगनप्रीत ऑस्ट्रेलिया से इस साजिश में शामिल था।

5. अमेरिका में पंजाबी ड्राइवर पर 9.4 करोड़ का जुर्माना: अमेरिका के ओहियो में 200 किमी/घंटा की रफ्तार से गाड़ी चलाकर एक्सीडेंट करने वाले पंजाबी मूल के तरसेम सिंह पर कोर्ट ने 1 मिलियन डॉलर (करीब 9.4 करोड़ रुपए) का जुर्माना लगाया है। इस हादसे में एक 17 वर्षीय गर्भवती लड़की और उसके अजन्मे बच्चे की मौत हो गई थी।

6. अन्य प्रमुख खबरें:

कनाडा में हत्या: सरे में पंजाबी मूल के जसमन सेखों की ड्रग वार के चलते 10 गोलियां मारकर हत्या कर दी गई।

ब्लैकमेलिंग गिरोह: सुल्तानपुर लोधी में घर बुलाकर अश्लील वीडियो बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है, जो लोगों को घर दिखाने के बहाने बुलाकर ब्लैकमेल करते थे।

राजनीतिक एंट्री: बाबा गुरविंदर सिंह खेड़ी वाले अमृतपाल सिंह की पार्टी ‘वारिस पंजाब दे’ में शामिल हो गए हैं, जिस पर विवाद खड़ा हो गया है।