ब्रेकिंग न्यूज़
फिरोजपुर : बस स्टैंड पर ड्राइवरों पर हमला, छेड़छाड़ का विरोध करने पर तेजधार हथियारों से वार का आरोप

फिरोजपुर / सत्ता संदेश

फिरोजपुर बस स्टैंड पर मारपीट और कथित तौर पर बढ़ रही आपराधिक घटनाओं को लेकर पंजाब रोडवेज कर्मचारियों में रोष है। ताजा मामले में लड़कियों से कथित छेड़छाड़ का विरोध करने पर दो बस ड्राइवरों पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में दोनों ड्राइवर घायल हुए हैं।

पंजाब रोडवेज कर्मचारियों के मुताबिक, बस स्टैंड पर कुछ युवक लड़कियों को परेशान कर रहे थे। वहां मौजूद कर्मचारियों ने जब इसका विरोध किया तो आरोप है कि युवकों ने एकजुट होकर कर्मचारियों पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए। घटना में दो ड्राइवर घायल बताए जा रहे हैं।

रोडवेज कर्मचारियों का कहना है कि बस स्टैंड पर आए दिन लूटपाट और मारपीट की घटनाएं सामने आ रही हैं। कर्मचारियों ने बस स्टैंड की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताते हुए पुलिस प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग की है।

कर्मचारी नेताओं ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए बस स्टैंड में स्थायी पुलिस पोस्ट स्थापित करने की मांग भी रखी है, ताकि कर्मचारियों और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

फिरोजपुर में कबूतरबाजी को लेकर खूनी संघर्ष: समझौते के दौरान चली गोलियां, 2 की मौत

पंजाब डेस्क: पंजाब के फिरोजपुर जिले के गांव कड़मा में कबूतरबाजी को लेकर बच्चों के बीच शुरू हुआ एक मामूली विवाद बड़े खूनी संघर्ष में बदल गया। बुधवार शाम को जब दो गुट इस विवाद को सुलझाने के लिए राजीनामे (समझौते) के लिए इकट्ठा हुए, तो वहां बहस हिंसक हो गई और गोलीबारी शुरू हो गई। इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई है।

घटना का मुख्य विवरण:यह विवाद होली के दिन बच्चों के बीच कबूतर उड़ाने (कबूतरबाजी) को लेकर हुई बहस से शुरू हुआ था। समझौते की बातचीत के दौरान एक पक्ष के सदस्य ने दूसरे पर गोली चला दी, जिसके जवाब में दूसरे पक्ष ने भी हथियार छीनकर फायरिंग की।

मृतकों की पहचान : गांव कड़मा के निवासी खलारा सिंह (उर्फ मुन्ना, 45 वर्ष) और गांव टिब्बी कलां के जग्गी सिंह (उर्फ जज सिंह) के रूप में हुई है।

पुलिस की कार्रवाई: घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी (SSP) भूपेंद्र सिंह सिद्धू सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए फोर्स तैनात की गई है।

फिरोजपुर : किसान ने पत्नी और 4 साल के मासूम बेटे को मारी गोली, फिर खुद को भी उड़ाया; तीनों वेंटिलेटर पर

पंजाब डेस्क : पंजाब के फिरोजपुर जिले के वजीदपुर गांव में शुक्रवार दोपहर एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक संपन्न किसान ने घरेलू विवाद के बाद अपनी पत्नी और महज 4 साल के बेटे को गोली मारने के बाद खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या की कोशिश की।

विवाद के बाद चलीं गोलियां: जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे जगसीर सिंह उर्फ साबा (35) का अपनी पत्नी नवनीत कौर (35) के साथ किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। गुस्से में आकर जगसीर ने अपनी पिस्तौल निकाल ली और पहले अपनी पत्नी और फिर अपने 4 साल के बेटे वारिसदीप सिंह को गोली मार दी। इसके तुरंत बाद उसने खुद पर भी फायरिंग कर ली।

वेंटिलेटर पर पूरा परिवार: गोलियों की आवाज सुनकर जब पड़ोसी मौके पर पहुंचे, तो तीनों खून से लथपथ हालत में पड़े थे। उन्हें तुरंत नजदीकी प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उनकी हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों के अनुसार, तीनों फिलहाल वेंटिलेटर पर जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं।

जांच में जुटी पुलिस: जगसीर सिंह एक किसान परिवार से ताल्लुक रखता है और उसके पास अच्छी-खासी जमीन है। गांव के लोग इस घटना से हैरान हैं और उन्हें समझ नहीं आ रहा कि आखिर ऐसा क्या विवाद हुआ जिसने इतना हिंसक रूप ले लिया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है और उन कारणों का पता लगा रही है जिनकी वजह से यह खूनी खेल खेला गया।