ब्रेकिंग न्यूज़
‘अपना पिंड संभालो’ मुहिम तेज, 50 गांवों की पंचायतों ने लिया ‘चिट्टा मुक्त’ बनाने का संकल्प

कपूरथला / सत्ता संदेश

सुल्तानपुर लोधी: गांवों को नशे की लत से मुक्त करने और युवा पीढ़ी को चिट्टा जैसे जानलेवा नशे से बचाने के लिए राज्यसभा सदस्य संत बलबीर सिंह सीचेवाल की ओर से शुरू की गई ‘अपना पिंड संभालो’ मुहिम तेजी से आगे बढ़ रही है। मुहिम के तहत अब गांवों के लोग खुद नशा तस्करों के खिलाफ सक्रिय हो रहे हैं और गांव स्तर पर चेकिंग प्वाइंट बनाकर नशे की सप्लाई रोकने का प्रयास कर रहे हैं।

पिछले सप्ताह गांववासियों की ओर से अपने स्तर पर की गई कार्रवाई में करीब 150 ग्राम हेरोइन बरामद किए जाने की बात सामने आई है। इसके अलावा, कथित तौर पर नशा तस्करी से जुड़ी 8 मोटरसाइकिलें भी बरामद की गईं, जबकि एक कथित नशा तस्कर को पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया।

50 गांवों की पंचायतों के साथ हुई अहम बैठक

इसी अभियान को आगे बढ़ाने के लिए गुरुवार को निर्मल कुटिया, सुल्तानपुर लोधी में करीब 50 गांवों की पंचायतों और सरपंचों के साथ विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता राज्यसभा सदस्य संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने की।

बैठक में कपूरथला के SSP गौरव तूरा, सुल्तानपुर लोधी के DSP धीरेंद्र वर्मा और सुल्तानपुर लोधी विधानसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी के इंचार्ज एवं अर्जुन अवॉर्डी सज्जन सिंह चीमा भी मौजूद रहे।

बैठक के दौरान पंचायतों ने नशे के खिलाफ अभियान को अपने-अपने गांवों में और मजबूत करने का संकल्प लिया। पंचायतों ने कहा कि नशे की लत में फंसे युवाओं को नशा मुक्ति केंद्रों तक पहुंचाने और उनके इलाज एवं पुनर्वास में हरसंभव मदद की जाएगी।

वहीं, नशा बेचने या तस्करी में शामिल लोगों की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने पर भी जोर दिया गया, ताकि उनके खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई की जा सके।

‘नशे के खिलाफ लड़ाई सबकी जिम्मेदारी’

संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने कहा कि ड्रग्स के खिलाफ लड़ाई सिर्फ सरकार या पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने पंजाब के लोगों से ‘अपना पिंड संभालो’ अभियान से अधिक से अधिक जुड़ने और अपने गांवों को नशामुक्त बनाने के लिए आगे आने की अपील की।

उन्होंने कहा कि नशे की गिरफ्त में आए युवाओं को नफरत नहीं, बल्कि सहयोग, इलाज और पुनर्वास की जरूरत है। साथ ही समाज को एकजुट होकर नशा बेचने वालों के खिलाफ आवाज उठानी चाहिए।

पुलिस ने भी पंचायतों को दिया कार्रवाई का भरोसा

SSP कपूरथला गौरव तूरा ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई में पुलिस और आम लोगों का सहयोग बेहद जरूरी है। उन्होंने पंचायतों से अपील की कि वे नशा तस्करी से संबंधित जानकारी पुलिस के साथ साझा करें। पुलिस की ओर से ऐसी सूचनाओं पर कानून के मुताबिक कार्रवाई का भरोसा दिया गया।

उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य सिर्फ नशा तस्करी पर रोक लगाना नहीं, बल्कि नशे की लत में फंसे युवाओं को इलाज और पुनर्वास के जरिए दोबारा मुख्यधारा में लाना भी है।

हर गांव को ‘चिट्टा मुक्त’ बनाने का लक्ष्य

विधानसभा क्षेत्र इंचार्ज सज्जन सिंह चीमा ने ‘अपना पिंड संभालो’ अभियान को समय की जरूरत बताते हुए कहा कि गांवों के लोगों का खुद नशे के खिलाफ आगे आना जागरूकता बढ़ने का संकेत है। उन्होंने अभियान को हर गांव तक पहुंचाने में सहयोग का भरोसा दिया।

गांवों की पंचायतों और सरपंचों की सक्रिय भागीदारी से ‘अपना पिंड संभालो’ मुहिम को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलती दिखाई दे रही है। अब आने वाले दिनों में यह अभियान सुल्तानपुर लोधी और आसपास के गांवों में नशे के खिलाफ कितना बड़ा जनआंदोलन बनता है, इस पर सभी की नजरें रहेंगी।

अमृतसर पुलिस को बड़ी सफलता, अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़

अमृतसर / सत्ता संदेश

दो आरोपियों की गिरफ्तारी, 10 किलो ICE और 4 किलो हेरोइन बरामद

दुबई से संचालित हो रहा था नशा तस्करी नेटवर्क,

पंजाब-दिल्ली तक सप्लाई
छेहरटा थाने में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज, जांच जारी

अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस को नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग स्मगलिंग मॉड्यूल का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 किलो ICE (मेथामफेटामाइन) और 4 किलो हेरोइन बरामद की है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी दुबई और अबू धाबी में बैठे एक ड्रग तस्कर के संपर्क में थे और उसके निर्देशों पर पंजाब तथा दिल्ली में नशे की सप्लाई कर रहे थे। पुलिस के अनुसार, आरोपियों में से एक हाल ही में दुबई से वापस लौटा था, जहां उसे कथित तौर पर नशा तस्करी की ट्रेनिंग दी गई थी। उसे हेरोइन और ICE की खेपों को पंजाब पहुंचाने और आगे सप्लाई करने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपी माजहा और दोआबा क्षेत्रों में बड़े स्तर पर नशीले पदार्थों की सप्लाई कर रहे थे। पुलिस अब इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों और इसके अंतरराष्ट्रीय लिंक की जांच में जुटी हुई है।
इस संबंध में थाना छेहरटा, अमृतसर में NDPS एक्ट के तहत FIR दर्ज कर ली गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी और अतिरिक्त बरामदगी होने की संभावना है।

नशा और गैर-कानूनी हथियार तस्करी मॉड्यूल का अमृतसर में पर्दाफाश; 2.1 किलो हेरोइन और सात पिस्तौल सहित एक गिरफ्तार

अमृतसर / सत्ता संदेश

वर्चुअल नंबरों के जरिए अपने विदेशी हैंडलर के संपर्क में था गिरफ्तार आरोपी: डीजीपी गौरव यादव

बरामद पिस्तौल अपराधियों को आगे सप्लाई की जानी थीं: सीपी अमृतसर गुरप्रीत भुल्लर

पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने नशा और अवैध हथियार तस्करी मॉड्यूल में सक्रिय एक व्यक्ति को 2.1 किलोग्राम हेरोइन और सात आधुनिक पिस्तौलों सहित गिरफ्तार कर इस मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। यह जानकारी पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने आज यहां साझा की।

गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान खुश कुमार उर्फ भोलू (26) निवासी गुरवाली गेट, अमृतसर के रूप में हुई है। आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट तथा स्नैचिंग के मामले पहले से दर्ज हैं।

बरामद पिस्तौलों में एक 9 एमएम ग्लैडिएटर (तुर्की निर्मित), एक 9 एमएम जिगाना एक्स-शॉट, एक .30 बोर बेरेटा (इटली निर्मित), एक .30 बोर जिगाना (चीन निर्मित), एक .30 बोर (ऑस्ट्रिया निर्मित), एक .30 बोर (चीन निर्मित) और एक .30 बोर पिस्तौल शामिल हैं।

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी वर्चुअल नंबरों के माध्यम से विदेशी तस्करों के संपर्क में था। उन्होंने कहा कि हेरोइन और हथियारों की अवैध खेप सीमा पार से ड्रोन के जरिए भेजी जा रही थी, जिन्हें आरोपी आगे अपराधियों तक पहुंचाता था।

डीजीपी ने कहा कि इस नेटवर्क के आगे-पीछे के संबंधों का पता लगाने और इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान करने के लिए आगे की जांच जारी है।

ऑपरेशन संबंधी जानकारी साझा करते हुए पुलिस कमिश्नर (सीपी) अमृतसर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि योजनाबद्ध तरीके और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने आरोपी खुश उर्फ भोलू को गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से 2.1 किलोग्राम हेरोइन बरामद की। उन्होंने बताया कि आरोपी से लगातार पूछताछ और आगे की जांच के दौरान सात पिस्तौल भी बरामद किए गए।

सीपी ने कहा कि जांच में यह भी सामने आया है कि बरामद पिस्तौल अपराधियों को आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने के लिए सप्लाई की जानी थीं। कमिश्नरेट पुलिस अमृतसर ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हथियारों की खेप आगे पहुंचने से पहले ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

इस संबंध में एफआईआर नंबर 60 दिनांक 12-05-2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 21-सी और आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत पुलिस स्टेशन सी-डिवीजन, अमृतसर में मामला दर्ज किया गया है।

नशे की गिरफ्त में युवा पीढ़ी, लुधियाना में MLA ने मौके पर की कार्रवाई

लुधियान / सत्ता संदेश

लुधियाना के चंडीगढ़ रोड स्थित सेक्टर-32 की मेन मार्केट के पीछे उस समय हड़कंप मच गया, जब कुछ युवकों का एक समूह कथित रूप से नशा करते हुए पकड़ा गया। जानकारी के अनुसार, ये युवक इलाके में छिपकर नशे का सेवन कर रहे थे। इसी दौरान विधायक दलजीत सिंह अपने सुरक्षा कर्मियों के साथ वहां से गुजर रहे थे, तभी उनकी नजर इन युवकों पर पड़ी। स्थिति को गंभीरता से लेते हुए विधायक और उनके सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत कार्रवाई की और युवकों का पीछा किया। खुद को घिरता देख युवक मौके से भागने लगे और इधर-उधर छिपने की कोशिश करने लगे। हालांकि, सुरक्षा कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए सभी को काबू कर लिया।
इसके बाद मौके पर ही युवकों से पूछताछ की गई, जिसमें सामने आया कि सभी युवक अच्छे परिवारों से संबंध रखते हैं और कॉलेज में पढ़ाई कर रहे हैं। इस खुलासे के बाद विधायक ने उन्हें कड़ी चेतावनी दी और भविष्य में नशे से दूर रहने की सख्त हिदायत दी। मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए और उनके भविष्य को ध्यान में रखते हुए, बिना किसी कानूनी कार्रवाई के सभी युवकों को छोड़ दिया गया। इस घटना के बाद इलाके में नशे के बढ़ते प्रभाव को लेकर एक बार फिर चिंता जताई जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं पर सख्ती से रोक लगनी चाहिए, ताकि युवा पीढ़ी को नशे की गिरफ्त में जाने से बचाया जा सके। लुधियाना से दिनेश राजपूत की रिपोर्ट