ब्रेकिंग न्यूज़
समराला अनाज मंडी में धान खरीद की औपचारिक शुरुआत, पहली बोली ₹2467 प्रति क्विंटल

समराला / सत्ता संदेश

समराला की अनाज मंडी में धान की फसल की खरीद की औपचारिक शुरुआत हलके के विधायक जगतार सिंह दयालपुरा ने की। इस दौरान मंडी में पहुंचने वाले पहले किसान प्रिंस दीप सिंह की धान की फसल की पहली बोली ₹2467 प्रति क्विंटल तय हुई। अच्छा रेट मिलने पर किसान ने खुशी जाहिर की।

धान खरीद की शुरुआत करते हुए विधायक जगतार सिंह दयालपुरा ने कहा कि पंजाब सरकार किसानों की फसल का एक-एक दाना खरीदने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अनाज मंडियों में किसानों को बारदाने, पीने के पानी और अन्य जरूरी सुविधाओं को लेकर किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

इस मौके पर आढ़ती एसोसिएशन के अध्यक्ष आलमदीप सिंह ने कहा कि आढ़ती हमेशा किसानों की सेवा के लिए तैयार रहते हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मंडी में फसल की कटाई और नीलामी का काम समय पर पूरा किया जाएगा।

आलमदीप सिंह ने प्रशासन से अपील की कि मंडी में पहुंचने वाली कटी हुई धान की फसल की लिफ्टिंग भी साथ-साथ करवाई जाए, ताकि मंडी में अनाज का ढेर न लगे और किसानों को अपनी फसल उतारने में परेशानी का सामना न करना पड़े।

धान खरीद की शुरुआत के मौके पर बड़ी संख्या में किसान, आढ़ती और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।