ब्रेकिंग न्यूज़
लुधियाना : गैर-कानूनी लॉटरी की दुकान पर विधायक राजिंदर पाल कौर छीना की कार्रवाई

लुधियाना / सत्ता संदेश

लुधियाना साउथ से विधायक राजिंदर पाल कौर छीना ने क्षेत्र में कथित गैर-कानूनी लॉटरी का कारोबार चलाने वाली एक दुकान पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान मौके पर पुलिस को बुलाया गया और दुकान संचालक को हिरासत में ले लिया गया।

विधायक ने कहा कि कुछ पैसों के लालच में लोगों को कथित तौर पर लॉटरी के नाम पर गुमराह कर आर्थिक नुकसान पहुंचाया जा रहा था। उन्होंने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र में इस तरह की गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

मौके पर पुलिस पहुंचने के बाद दुकान संचालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू की गई। विधायक राजिंदर पाल कौर छीना ने गैर-कानूनी लॉटरी का कारोबार करने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि वे खुद ही इस तरह का काम बंद कर दें, अन्यथा सख्त कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।

विधायक ने अधिकारियों को भी चेतावनी दी कि उनके क्षेत्र में यदि किसी भी तरह का अवैध या नियमों के विपरीत कारोबार होता है, तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में किसी भी तरह के “नंबर दो” के काम को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

लुधियाना : ट्रक चालक से विवाद का वीडियो वायरल, AAP विधायक पर थप्पड़ मारने का दावा

लुधियाना में सड़क के बीच खड़े ट्रक को लेकर AAP विधायक और ट्रक चालक के बीच विवाद का वीडियो वायरल है। विधायक पर चालक को थप्पड़ मारने का दावा, वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं।

लुधियाना / सत्ता संदेश

लुधियाना में सड़क के बीचों-बीच खड़े एक ट्रक को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि ट्रक के सड़क पर खड़े होने के कारण आम आदमी पार्टी की एक महिला विधायक की गाड़ी को रास्ता नहीं मिल पाया। इसके बाद विधायक खुद गाड़ी से उतरकर ट्रक चालक के पास पहुंचीं।

इस पूरी घटना का एक CCTV वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में विधायक ट्रक के पास जाती हुई दिखाई दे रही हैं। इसके बाद ट्रक चालक के साथ कथित तौर पर हाथापाई और थप्पड़ मारने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो के आधार पर किए जा रहे इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।

वीडियो सामने आने के बाद यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। लोग घटना को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं और मामले की पूरी सच्चाई सामने आने की मांग भी की जा रही है।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई और घटना के संबंध में पुलिस की ओर से क्या कार्रवाई की गई है। मामले में संबंधित पक्षों का आधिकारिक बयान सामने आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

नोट: सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो और उससे जुड़े दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। सत्ता संदेश वायरल वीडियो में किए जा रहे दावों को तथ्य के रूप में प्रस्तुत नहीं करता।