ब्रेकिंग न्यूज़
मिशन क्लीन पंजाब के दूसरे फेज में लुधियाना में सफाई अभियान, MLA सिद्धू और मानूके ने संभाली कमान

लुधियाना / सत्ता संदेश

पंजाब सरकार की ओर से राज्य के शहरों और कस्बों को साफ, सुंदर और स्वस्थ बनाने के उद्देश्य से शुरू किए गए ‘मिशन क्लीन पंजाब’ अभियान के दूसरे फेज के तहत लुधियाना जिले में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान विभिन्न इलाकों में जनप्रतिनिधियों और नगर निगम की टीमों ने मिलकर सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने का प्रयास किया।

आत्म नगर विधानसभा क्षेत्र से विधायक कुलवंत सिंह सिद्धू की अगुवाई में वार्ड नंबर 45 में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अभियान में वार्ड काउंसलर के साथ CSO, CSI, SI, B&R टीम, O&M टीम, CF और हेल्थ टीम के सदस्य मौजूद रहे।

इस दौरान इलाके की सफाई के साथ-साथ लोगों को सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के प्रति जागरूक किया गया। लोगों से अपील की गई कि वे अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों में कचरा जमा न होने दें तथा कचरे को अलग-अलग करके सफाई कर्मचारियों को सौंपें।

इसी तरह जगराओं विधानसभा क्षेत्र में विधायक सरबजीत कौर मानूके की अगुवाई में जगराओं बस अड्डा चौक से सुआ पुली, लुधियाना जीटी रोड तक मुख्य हाईवे पुल के दोनों तरफ विशेष सफाई अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान विधायकों ने लोगों से अपील की कि वे अपने आसपास का वातावरण साफ रखें और ‘मिशन क्लीन पंजाब’ को केवल सरकारी अभियान न मानकर जनभागीदारी वाला अभियान बनाएं। उन्होंने कहा कि शहरों और कस्बों को साफ एवं सुंदर बनाए रखना सरकार के साथ-साथ हर नागरिक की भी जिम्मेदारी है।

विधायकों ने कहा कि ‘मिशन क्लीन पंजाब’ राज्य सरकार का एक महत्वपूर्ण अभियान है, जिसका उद्देश्य शहरों और कस्बों में सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता पैदा करना है। स्वच्छ वातावरण प्रत्येक नागरिक का अधिकार होने के साथ-साथ उसकी जिम्मेदारी भी है।

उन्होंने कहा कि सफाई को केवल किसी विशेष दिन या अभियान तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि इसे रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनाया जाना चाहिए। खासकर बारिश के मौसम में गलियों, नालियों, सड़कों और सार्वजनिक स्थानों की सफाई पर विशेष ध्यान देना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि बेहतर सफाई व्यवस्था, जागरूकता और सही तरीके से कचरा प्रबंधन के जरिए कई मौसमी और जलजनित बीमारियों को फैलने से रोकने में मदद मिल सकती है।

लोगों से अपील की गई कि वे ‘मिशन क्लीन पंजाब’ को जन आंदोलन बनाने में सहयोग करें और अपने घरों, दुकानों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तथा आसपास के क्षेत्रों को साफ रखने का संकल्प लें।