ब्रेकिंग न्यूज़
चंडीगढ़ : SEBI ने शुरू किया ‘समझ से इन्वेस्टिंग सिंपल’ अभियान, छात्रों के लिए MUST पहल और WhatsApp चैनल लॉन्च

चंडीगढ़ / सत्ता संदेश

भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) ने विश्व निवेशक सप्ताह 2026 के अवसर पर पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ में ‘प्रोजेक्ट जागरूक’ के तहत ‘समझ से इन्वेस्टिंग सिंपल’ अभियान जारी किया। इस अभियान का उद्देश्य निवेश को आसान बनाना, निवेशकों में वित्तीय जागरूकता बढ़ाना और लोगों को सूचित एवं जिम्मेदार निवेश निर्णय लेने के लिए प्रोत्साहित करना है।

प्रोजेक्ट जागरूक को वित्तीय साक्षरता बढ़ाने और वित्तीय धोखाधड़ी की रोकथाम के उद्देश्य से देशव्यापी अभियान के रूप में शुरू किया गया है। इसमें डिजिटल और भौतिक माध्यमों को एक साथ जोड़ते हुए बहुभाषी और बहु-माध्यम तरीके से निवेशक शिक्षा पर जोर दिया जा रहा है। यह अभियान सेबी द्वारा प्रमुख प्रतिभूति बाजार भागीदारों के सहयोग से संचालित किया जा रहा है। इनमें राष्ट्रीय प्रतिभूति बाजार संस्थान (NISM), बीएसई, एनएसई, एमसीएक्स, सीडीएसएल, एनएसडीएल और एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया (AMFI) शामिल हैं।

विश्व निवेशक सप्ताह 2026 के तहत अभियान

इंटरनेशनल ऑर्गनाइजेशन ऑफ सिक्योरिटीज कमीशन्स (IOSCO) के तत्वावधान में आयोजित विश्व निवेशक सप्ताह का 10वां संस्करण भारत में 5 से 11 अक्टूबर 2026 तक मनाया जा रहा है। इस वर्ष की थीम ‘समझ से इन्वेस्टिंग सिंपल’ रखी गई है।

इस अभियान के माध्यम से निवेशकों को विभिन्न निवेश उत्पादों की विशेषताओं और उनसे जुड़े जोखिमों को समझने, निवेश प्लेटफॉर्म और भुगतान संबंधी अनुरोधों की प्रामाणिकता जांचने तथा निवेश से पहले उचित जानकारी हासिल करने के लिए जागरूक किया जा रहा है।

छात्रों के लिए शुरू हुई MUST पहल

सेबी ने विश्वविद्यालयों और कॉलेजों के छात्रों के बीच वित्तीय साक्षरता एवं प्रतिभूति बाजार की समझ बढ़ाने के लिए ‘मेंटोरिंग ऑफ यूनिवर्सिटी/कॉलेज स्टूडेंट्स बाय ट्रेनर्स (MUST)’ पहल की शुरुआत की है।

इस पहल के तहत विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में चयनित शिक्षकों, कर्मचारियों या वरिष्ठ छात्रों को सेबी, प्रतिभूति बाजार भागीदारों और NISM की ओर से पार्टनर ट्रेनर्स (PT) के रूप में प्रशिक्षित और प्रमाणित किया जाएगा। ये प्रशिक्षित लोग अपने-अपने परिसरों में छात्रों को बुनियादी वित्तीय साक्षरता, सूचित निवेश और वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव के बारे में जानकारी देंगे।

सेबी इस पहल और प्रोजेक्ट जागरूक को विश्वविद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों में व्यापक स्तर पर लागू करने के लिए एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज (AIU) के साथ भी सहयोग कर रहा है।

MUST पहल के तहत छात्रों के लिए एक इंटरैक्टिव लीफलेट भी पेश किया गया है, जिसमें निवेश की तुलना ट्रेकिंग से करते हुए इसे आसान तरीके से समझाया गया है। इसमें ‘स्पॉट द डिफरेंसेस’ गेम भी शामिल है, जिसका उद्देश्य छात्रों में बेहतर निवेशक आदतों को विकसित करना है। लीफलेट में निवेश और यात्रा दोनों में आने वाले उतार-चढ़ाव के उदाहरण के जरिए तैयारी और सोच-समझकर आगे बढ़ने के महत्व को समझाया गया है।

WhatsApp पर सेबी की आधिकारिक मौजूदगी

निवेशक जागरूकता और शिक्षा से जुड़ी जानकारी को आम लोगों तक आसानी से पहुंचाने के लिए सेबी ने WhatsApp पर अपनी आधिकारिक मौजूदगी की भी घोषणा की है। सेबी का आधिकारिक WhatsApp चैनल 1800 22 7575 के माध्यम से एक्सेस किया जा सकता है। प्रामाणिक खाते की पहचान में मदद के लिए आधिकारिक चैनल पर वेरिफाइड ब्लू टिक उपलब्ध होगा।

देशभर में जारी रहेंगी निवेशक जागरूकता पहल

सेबी और प्रतिभूति बाजार भागीदार राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों की सरकारों तथा पंचायती राज मंत्रालय के सहयोग से देशभर में वित्तीय साक्षरता और निवेशक जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रोजेक्ट जागरूक के तहत विभिन्न गतिविधियां जारी रखेंगे।

पंजाब विश्वविद्यालय में लगी निवेशक जागरूकता प्रदर्शनी

कार्यक्रम के दौरान पंजाब विश्वविद्यालय परिसर में निवेशक जागरूकता कला प्रदर्शनी भी आयोजित की गई। प्रदर्शनी में प्रतिभूति बाजार के विभिन्न पहलुओं और अलग-अलग निवेश विकल्पों से संबंधित पेंटिंग्स प्रदर्शित की गईं।

सिक्योरिटीज मार्केट पार्टनर्स ने कार्यक्रम में इंटरैक्टिव गेम्स, क्विज और निवेशकों से जुड़ी विभिन्न पहलों की जानकारी देने वाले स्टॉल लगाए। इन गतिविधियों के माध्यम से छात्रों और अन्य आगंतुकों को निवेश, निवेशकों के अधिकारों और वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव के बारे में जानकारी हासिल करने का अवसर मिला।

कार्यक्रम में सेबी, पंजाब विश्वविद्यालय, एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज और विभिन्न सिक्योरिटीज मार्केट पार्टनर्स के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए।