ब्रेकिंग न्यूज़
ODI वर्ल्ड कप 2027: क्या मेजबान देश ही हो जाएगा टूर्नामेंट से बाहर? आईसीसी नियमों ने फंसाया पेचीदा पेंच

स्पोर्टस डेस्क : अगले साल के आखिर में होने वाले वनडे विश्व कप 2027 के आयोजन को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है। इस बार टूर्नामेंट की मेजबानी संयुक्त रूप से साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया के पास है, लेकिन एक पेचीदा गणित के कारण मेजबान नामीबिया पर ही बाहर होने का खतरा मंडरा रहा है।

आईसीसी नियमों का चक्रव्यूह : आमतौर पर मेजबान टीमों को टूर्नामेंट में सीधी एंट्री मिलती है, लेकिन आईसीसी के नियमों के अनुसार केवल ‘फुल मेंबर’ देश ही सीधी एंट्री पा सकते हैं। साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे फुल मेंबर होने के नाते क्वालीफाई कर चुके हैं, लेकिन नामीबिया एक ‘एसोसिएट मेंबर’ है, जिसे क्वालीफायर खेलकर अपनी जगह बनानी होगी।

क्या है नामीबिया की मौजूदा स्थिति?

आईसीसी लीग 2: नामीबिया फिलहाल इस लीग की अंक तालिका में 5वें नंबर पर है।

प्रदर्शन: टीम ने 28 में से केवल 10 मैच जीते हैं और उसके पास महज 22 अंक हैं।

अगली चुनौती: जुलाई में नामीबिया का मुकाबला नीदरलैंड्स और नेपाल से होगा। विश्व कप क्वालीफायर के अंतिम दौर में पहुंचने के लिए उसे टॉप-4 में जगह बनानी होगी, जो फिलहाल काफी मुश्किल नजर आ रहा है।

अगर नामीबिया टॉप-4 में नहीं आ पाती है, तो उसे क्वालीफायर प्लेऑफ के कठिन रास्ते से गुजरना होगा। ऐसे में यह पहली बार हो सकता है कि कोई मेजबान देश ही अपने घर में होने वाले वर्ल्ड कप का हिस्सा न बन पाए।