ब्रेकिंग न्यूज़
पबजी गेम की लत ने ली 22 साल के युवक की जान; खेलते-खेलते बढ़ा BP और फट गई दिमाग की नस

नेशनल डेस्क : उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से मोबाइल गेमिंग की लत का एक खौफनाक परिणाम सामने आया है। यहाँ के खैरनगर इलाके में 22 वर्षीय युवक मोहम्मद कैफ की पबजी (PUBG) गेम खेलते समय अचानक तबीयत बिगड़ने और बाद में इलाज के दौरान मौत हो गई। डॉक्टरों के अनुसार, अत्यधिक तनाव और उत्तेजना के कारण युवक का ब्लड प्रेशर (BP) 300 के पार पहुँच गया था, जिससे उसके दिमाग की नस फट गई (ब्रेन हैमरेज)।

रात के 3 बजे बेड से नीचे गिरा: मृतक कैफ मेरठ के प्रॉपर्टी डीलर फारुक का इकलौता बेटा था। परिजनों के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 3 बजे कैफ अपने कमरे में हेडफोन लगाकर मोबाइल पर पबजी खेल रहा था, तभी वह अचानक बेड से नीचे गिर पड़ा। जब घरवाले कमरे में पहुँचे, तो उसकी हालत नाजुक थी। उसे तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उसका ब्लड प्रेशर असामान्य रूप से बढ़ा हुआ पाया गया।

इलाज के दौरान दिल्ली में तोड़ा दम: हालत गंभीर होने पर उसे दिल्ली के एक अस्पताल में रेफर किया गया। दो दिनों तक मौत से जंग लड़ने के बाद रविवार सुबह कैफ की मौत हो गई। कैफ को पिछले चार महीनों से ऑनलाइन गेमिंग का जुनून सवार था और वह अक्सर पूरी-पूरी रात जागकर गेम खेलता था। परिजनों ने उसे कई बार समझाने की कोशिश की थी, लेकिन वह नहीं माना।

विशेषज्ञों की चेतावनी: इस घटना ने ऑनलाइन गेम्स के खतरों को एक बार फिर उजागर कर दिया है। मनोवैज्ञानिकों का कहना है कि ऐसे गेम्स युवाओं के दिमाग में ‘डोपामाइन’ का स्तर बढ़ा देते हैं, जिससे इसकी गंभीर लत लग जाती है और शरीर में तनाव का स्तर जानलेवा हद तक बढ़ सकता है।