ब्रेकिंग न्यूज़
दिल्ली में ‘क्वाड’ की हुंकार: जयशंकर ने आतंकवाद पर घेरा, रुबियो बोले- ‘अब केवल चर्चा नहीं, एक्शन का मंच है क्वाड’

नेशनल डेस्क : भारत की मेजबानी में आज राजधानी दिल्ली में क्वाड (Quad) विदेश मंत्रियों की एक हाई-प्रोफाइल बैठक आयोजित की गई। विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने इस रणनीतिक बैठक की अध्यक्षता की, जिसमें अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो, जापानी विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी और ऑस्ट्रेलियाई विदेश मंत्री पेनी वोंग शामिल हुए।

आतंकवाद पर कड़ा रुख : बैठक के दौरान विदेश मंत्री एस जयशंकर ने आतंकवाद के मुद्दे पर स्पष्ट संदेश दिया। उन्होंने कहा कि आतंकवाद के प्रति ‘बिल्कुल भी सहनशीलता’ (Zero Tolerance) नहीं होनी चाहिए और प्रभावित देशों को अपनी रक्षा करने का पूरा अधिकार है। उन्होंने जोर देकर कहा कि क्वाड देश व्यापार, स्वास्थ्य और डिजिटल सहयोग के माध्यम से क्षेत्र में समृद्धि लाने के लिए एकजुट हैं।

‘एक्शन फोरम’ बना क्वाड: अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भारत की मेजबानी की सराहना करते हुए कहा कि क्वाड अब केवल बातचीत का मंच नहीं रहा, बल्कि एक ‘एक्शन फोरम’ में बदल चुका है, जो धरातल पर ठोस कार्रवाई कर रहा है। वहीं, जापानी विदेश मंत्री ने संदेश दिया कि यह समूह एक स्वतंत्र और खुले हिंद-प्रशांत (Indo-Pacific) के लिए प्रतिबद्ध है।

भारत एक वैश्विक शक्ति: ऑस्ट्रेलियाई विदेश मंत्री पेनी वोंग ने भारत को एक ‘प्रमुख वैश्विक शक्ति’ बताया जो दुनिया को नया आकार दे रही है। उन्होंने समुद्री सुरक्षा, अवैध मछली पकड़ने पर लगाम लगाने के लिए सैटेलाइट डेटा साझा करने और बुनियादी ढांचे के विकास जैसे क्षेत्रों में क्वाड के ठोस परिणामों पर चर्चा की।

भारत-अमेरिका संबंधों को नई दिशा देने दिल्ली पहुंचे अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो, पीएम मोदी से करेंगे अहम मुलाकात

नई दिल्ली / सत्ता संदेश

अमेरिका के विदेश मंत्री Marco Rubio शनिवार को आधिकारिक दौरे पर नई दिल्ली पहुंचे। उनकी यह यात्रा भारत और अमेरिका के बीच पिछले कुछ समय से चले आ रहे कूटनीतिक तनाव को कम करने और रणनीतिक साझेदारी को नई मजबूती देने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

दिल्ली पहुंचने के बाद रूबियो कई उच्चस्तरीय बैठकों में हिस्सा लेंगे। वह भारत के विदेश मंत्री S. Jaishankar के साथ द्विपक्षीय संबंधों, रक्षा सहयोग, व्यापार, इंडो-पैसिफिक क्षेत्र की सुरक्षा और वैश्विक चुनौतियों समेत कई अहम मुद्दों पर व्यापक चर्चा करेंगे।

इसके अलावा अमेरिकी विदेश मंत्री प्रधानमंत्री Narendra Modi से भी मुलाकात करेंगे। माना जा रहा है कि इस बैठक में दोनों देशों के बीच रणनीतिक सहयोग, तकनीक, ऊर्जा, रक्षा और आर्थिक साझेदारी को और मजबूत करने पर विशेष जोर रहेगा।

रूबियो नई दिल्ली में आयोजित होने वाली ‘क्वाड’ देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में भी भाग लेंगे। इस बैठक में भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के प्रतिनिधि शामिल होंगे। बैठक के दौरान इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में चीन की बढ़ती गतिविधियों, समुद्री सुरक्षा, आपूर्ति श्रृंखला और क्षेत्रीय स्थिरता जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।

विशेषज्ञों का मानना है कि रूबियो का यह दौरा भारत-अमेरिका रिश्तों में नई ऊर्जा भरने और दोनों देशों के बीच रणनीतिक विश्वास को और मजबूत करने की दिशा में अहम कदम साबित हो सकता है।