ब्रेकिंग न्यूज़
“मैं अपने देश के लिए खेलूंगा”: राशिद खान ने ठुकराया भारत और ऑस्ट्रेलिया की नागरिकता का ऑफर

स्पोर्टस डेस्क : अफगानिस्तान के दिग्गज स्पिनर राशिद खान ने एक बेहद चौंकाने वाला खुलासा करते हुए दावा किया है कि उन्हें भारत और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों की ओर से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने और वहां की नागरिकता लेने का प्रस्ताव मिला था। 27 वर्षीय इस स्टार खिलाड़ी ने अपनी आगामी किताब “राशिद खान: सड़क से स्टारडम तक” में इन बातों का विस्तार से जिक्र किया है।

IPL के दौरान मिला था ऑफर: राशिद खान ने किताब में उस किस्से को साझा किया जब वह आईपीएल में गुजरात टाइटंस (GT) की टीम का हिस्सा थे। उन्होंने बताया कि फ्रैंचाइजी के एक अधिकारी ने उन्हें जानकारी दी थी कि BCCI के एक बड़े अधिकारी उनसे मिलना चाहते हैं। मुलाकात के दौरान अधिकारी ने अफगानिस्तान के खराब हालातों का हवाला देते हुए राशिद को भारत में बसने और भारतीय दस्तावेजों के साथ टीम इंडिया के लिए क्रिकेट खेलने की पेशकश की थी।

देशप्रेम को दी प्राथमिकता : राशिद खान ने बताया कि वह इस प्रस्ताव को सुनकर चौंक गए थे, लेकिन उन्होंने मुस्कुराते हुए इसे ठुकरा दिया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, “मैं अपने देश अफगानिस्तान के लिए ही खेलूंगा”। राशिद के अनुसार, उन्हें ऑस्ट्रेलिया से भी इसी तरह का ऑफर मिला था, लेकिन उन्होंने अपने वतन के प्रति वफादारी और वहां के लिए खेलने को ही प्राथमिकता दी। उन्होंने किताब में लिखा है कि यदि वह अपने देश के लिए नहीं खेल सकते, तो वह किसी और देश के लिए भी नहीं खेलेंगे।

T20 वर्ल्ड कप में मोहम्मद नबी का धमाका: 41 की उम्र में रचा इतिहास, तोड़ा राशिद खान का रिकॉर्ड

स्पोर्ट्स डेस्क: अफगानिस्तान के अनुभवी ऑलराउंडर मोहम्मद नबी ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में कनाडा के खिलाफ खेलते हुए क्रिकेट जगत में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। चेन्नई में खेले गए इस मुकाबले में 41 वर्षीय नबी की घातक गेंदबाजी के सामने कनाडा की टीम पूरी तरह बेबस नजर आई।

सबसे उम्रदराज खिलाड़ी का रिकॉर्ड: मोहम्मद नबी अब आईसीसी वर्ल्ड कप (वनडे और टी20 दोनों मिलाकर) के इतिहास में 4 विकेट हॉल लेने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने 41 साल और 49 दिन की उम्र में कनाडा के खिलाफ अपने 4 ओवर के कोटे में मात्र 7 रन देकर 4 विकेट चटकाए। यह उनके करियर का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन भी है।

राशिद खान को छोड़ा पीछे : इस शानदार प्रदर्शन के साथ नबी ने अफगानिस्तान के लिए टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में बेस्ट बॉलिंग फिगर के मामले में अपने ही कप्तान राशिद खान को पीछे छोड़ दिया है और अब वे इस सूची में तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। इससे पहले राशिद ने 2021 के वर्ल्ड कप में स्कॉटलैंड के खिलाफ 9 रन देकर 4 विकेट लिए थे। इस लिस्ट में अब नबी से आगे केवल फजलहक फारूकी और मुजीब-उर-रहमान हैं।

मैच का संक्षिप्त विवरण : अफगानिस्तान ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी की और इब्राहिम जादरान की 95 रनों (56 गेंद) की तूफानी पारी की बदौलत 20 ओवर में 200 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। 201 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए कनाडा की टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर केवल 118 रन ही बना सकी। अफगानिस्तान ने यह मैच 82 रनों के बड़े अंतर से जीत लिया। इब्राहिम जादरान को उनकी शानदार बल्लेबाजी के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।