ब्रेकिंग न्यूज़
लुधियाना : 1984 के सिख नरसंहार के विवाद के बाद कांग्रेस नेता का विपक्ष पर पलटवार, गोधरा कांड को लेकर दिया बयान

पूर्व विधायक कुलदीप सिंह वैद ने 1984 सिख नरसंहार के पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई और भाजपा पर निशाना साधते हुए गोधरा कांड का भी जिक्र किया।

लुधियाना / सत्ता संदेश

राहुल गांधी के पंजाब दौरे और 1 नवंबर को होने वाले कार्यक्रम को लेकर सियासत तेज हो गई है। भाजपा के साथ-साथ 1984 के सिख नरसंहार के पीड़ित परिवारों की ओर से भी कांग्रेस के कार्यक्रम को लेकर विरोध जताया जा रहा है। इस बीच लुधियाना से वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व विधायक कुलदीप सिंह वैद ने पूरे मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।

कुलदीप सिंह वैद ने कहा कि 1984 के सिख नरसंहार का दुख सभी को है। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने विधानसभा में भी इस मुद्दे को उठाया था। हालांकि, भाजपा पर पलटवार करते हुए वैद ने कहा कि भाजपा को गोधरा कांड को भी याद करना चाहिए।

राहुल गांधी के कार्यक्रम में शामिल होने के सवाल पर कुलदीप सिंह वैद ने स्पष्ट किया कि वह इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। वहीं, कांग्रेस नेता परगट सिंह के कार्यक्रम में शामिल होने को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि यदि पार्टी अध्यक्ष कोई निर्देश देते हैं, तो वह उनके फैसले से सहमत होंगे।

कुलदीप सिंह वैद के इस बयान के बाद 1984 के सिख नरसंहार, पीड़ित परिवारों की मांगों और कांग्रेस के 1 नवंबर के कार्यक्रम को लेकर राजनीतिक चर्चा जारी है।