ब्रेकिंग न्यूज़
HDFC बैंक का बड़ा एक्शन: दुबई बॉन्ड स्कैम मामले में 3 टॉप अधिकारी बर्खास्त, ग्राहकों से धोखाधड़ी का आरोप

बिजनेस डेस्क: देश के सबसे बड़े प्राइवेट बैंक, HDFC बैंक ने एक सख्त कदम उठाते हुए अपने तीन शीर्ष अधिकारियों को नौकरी से निकाल दिया है। इन अधिकारियों पर आरोप है कि इन्होंने दुबई में विदेशी ग्राहकों को धोखे में रखकर उनका पैसा गलत और जोखिम भरी स्कीमों में निवेश करवाया था। बैंक ने यह कार्रवाई एक विस्तृत आंतरिक जांच के बाद की है।

क्या है पूरा मामला? यह विवाद बैंक की दुबई स्थित DIFC (दुबई इंटरनेशनल फाइनेंशियल सेंटर) ब्रांच से जुड़ा है। जांच में सामने आया कि बैंक अधिकारियों ने स्थापित नियमों का उल्लंघन करते हुए निवेशकों को सही जानकारी नहीं दी।

कई निवेशकों को प्रोत्साहित किया गया कि वे भारत में जमा अपने FCNR (विदेशी मुद्रा) डिपॉजिट्स को बहरीन ट्रांसफर करें और वहां से क्रेडिट सुइस (Credit Suisse) से जुड़े जोखिम भरे AT1 बॉन्ड में निवेश करें। जब निवेशकों को इस ‘मिस-सेलिंग’ (गलत बिक्री) का अहसास हुआ, तो उन्होंने शिकायत दर्ज कराई।

इन 3 बड़े अधिकारियों पर गिरी गाज: बैंक ने जिन अधिकारियों को बर्खास्त किया है, उनमें शामिल हैं:

-संपत कुमार: ग्रुप हेड, ब्रांच बैंकिंग।

-हर्ष गुप्ता: एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट (मध्य पूर्व और अफ्रीका)।

-पायल मंध्यान: एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट (मध्य पूर्व और अफ्रीका)।

नियामकों की सख्ती और इस्तीफे: इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पिछले साल दुबई फाइनेंशियल सर्विसेज अथॉरिटी (DFSA) ने बैंक की दुबई ब्रांच पर नए ग्राहकों को जोड़ने पर रोक लगा दी थी।

इसके अलावा, हाल ही में बैंक के पूर्व चेयरमैन अतानु चक्रवर्ती ने भी प्रबंधन के साथ “नैतिक” मतभेदों का हवाला देते हुए इस्तीफा दे दिया था। बैंक ने स्पष्ट किया है कि वे नियमों के पालन के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं और सुधारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं।