ब्रेकिंग न्यूज़
लुधियाना में 6वीं की छात्रा ने की आत्महत्या: पेपर देकर लौटी थी 13 साल की अंजलि; कमरे में पंखे से लटका मिला शव

पंजाब डेस्क : पंजाब के लुधियाना स्थित ढंडारी खुर्द इलाके में एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहाँ छठी कक्षा में पढ़ने वाली एक 13 वर्षीय छात्रा ने अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान अंजलि के रूप में हुई है। इस आत्मघाती कदम के बाद से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।

परीक्षा देकर लौटी थी छात्रा: परिजनों के अनुसार, अंजलि मंगलवार को स्कूल में अपनी सालाना परीक्षा (Exam) देकर घर लौटी थी। उस समय वह बिल्कुल सामान्य लग रही थी। घर आने के कुछ देर बाद वह अपने कमरे में चली गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। काफी देर तक जब कमरे से कोई हलचल नहीं हुई, तो परिजनों ने दरवाजा खटखटाया।

पंखे से लटका मिला शव: अंदर से कोई जवाब न मिलने पर जब खिड़की से झांक कर देखा गया, तो अंजलि का शव पंखे से लटका हुआ था। परिजनों के शोर मचाने पर पड़ोसी इकट्ठा हुए और दरवाजा तोड़कर बच्ची को नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। अंजलि के पिता एक फैक्ट्री में काम करते हैं और उसके 4 भाई-बहन हैं।

जांच जारी : घटना की सूचना मिलते ही हेड कांस्टेबल हरबंस सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुँची। पुलिस ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे आत्महत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।

पुलिस अब छात्रा के स्कूल बैग की तलाशी ले रही है और उसकी सहेलियों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं वह किसी मानसिक दबाव या स्कूल की किसी समस्या से तो नहीं जूझ रही थी।पुलिस ने धारा 174 के तहत कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी।