ब्रेकिंग न्यूज़
T20 वर्ल्ड कप 2026: फिन एलन के ऐतिहासिक शतक से न्यूजीलैंड फाइनल में; साउथ अफ्रीका फिर साबित हुई ‘चोकर्स’

स्पोर्ट्स डेस्क : टी20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड ने साउथ अफ्रीका को 9 विकेट से हराकर दूसरी बार टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में कीवी टीम ने दक्षिण अफ्रीका के 170 रनों के लक्ष्य को मात्र 12.5 ओवर में हासिल कर लिया।

फिन एलन का वर्ल्ड रिकॉर्ड: न्यूजीलैंड की इस धमाकेदार जीत के नायक सलामी बल्लेबाज फिन एलन रहे। उन्होंने मात्र 33 गेंदों पर नाबाद 100 रनों की तूफानी पारी खेली।अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास का सबसे तेज शतक जड़ने का विश्व रिकॉर्ड बनाया। एलन ने वेस्टइंडीज के दिग्गज क्रिस गेल (47 गेंद) का रिकॉर्ड तोड़ दिया।

उन्होंने 13वें ओवर में मार्को यानसन की गेंदों पर लगातार चार बाउंड्री लगाकर अपनी सेंचुरी पूरी की। इससे पहले उन्होंने 19 गेंदों पर न्यूजीलैंड के लिए सबसे तेज अर्धशतक भी लगाया।

साउथ अफ्रीका की पारी: इससे पहले टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी साउथ अफ्रीका की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 169 रन ही बना सकी। टीम की शुरुआत खराब रही और पावरप्ले में ही दो विकेट गिर गए। मार्को यानसन ने अंत में 50 रनों की जुझारू पारी खेली, जबकि डेवाल्ड ब्रेविस ने 34 और ट्रिस्टन स्टब्स ने 29 रनों का योगदान दिया। न्यूजीलैंड की ओर से मैट हेनरी और कोल मैकॉन्ची ने दो-दो विकेट झटके।

फिर टूटा साउथ अफ्रीका का सपना: लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड के ओपनर्स फिन एलन और टिम साइफर्ट (58 रन) ने पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी कर जीत की राह आसान कर दी। टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में न्यूजीलैंड ने पहली बार साउथ अफ्रीका को मात दी है। वहीं, अहम मौके पर हार के साथ दक्षिण अफ्रीका एक बार फिर ‘चोकर्स’ के टैग से उबरने में नाकाम रही। न्यूजीलैंड अब 8 मार्च को होने वाले फाइनल में भिड़ेगी।

होला मोहल्ला जा रहे जालंधर के युवक की ‘AK-47’ वाली बाइक जब्त; पुलिस ने काटा चालान

पंजाब डेस्क : श्री आनंदपुर साहिब में होला मोहल्ला (Holla Mohalla) के मद्देनजर पुलिस द्वारा लगाई गई विशेष नाकाबंदी के दौरान एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। पुलिस ने एक ऐसे मॉडिफाइड (Modified) मोटरसाइकिल को रोका है, जिस पर लोहे की छड़ों से बना AK-47 का मॉडल लगाया गया था।

वेल्डर ने खुद तैयार की थी ‘बंदूक‘: पकड़े गए युवक की पहचान दिलजीत के रूप में हुई है, जो जालंधर के शाहकोट का रहने वाला है। वह अपने एक दोस्त के साथ होला मोहल्ला पर माथा टेकने जा रहा था। पूछताछ में युवक ने बताया कि वह पेशे से एक वेल्डर है और उसने खुद लोहे के सरियों (सलीपरों) को वेल्ड करके यह AK-47 का मॉडल तैयार किया था और इसे अपनी बाइक के अगले हिस्से पर फिट किया था।

नियमों की जमकर उड़ी धज्जियां: पुलिस ने जब मोटरसाइकिल की जांच की, तो नियमों के उल्लंघन की लंबी सूची सामने आई कि बाइक के आगे या पीछे कोई नंबर प्लेट नहीं थी। नंबर प्लेट की जगह पर ‘होला मोहल्ला’ लिखा हुआ था। बाइक पर अवैध प्रेशर हॉर्न और विशेष लाइटें लगाई गई थीं।

पुलिस की कार्रवाई: पुलिस ने हुल्लड़बाजी रोकने के लिए लगाए गए नाके पर इस अतरंगी बाइक को देखते ही युवक को रोक लिया। पुलिस अधिकारियों ने युवक को नियमों का पाठ पढ़ाया और नियमों के उल्लंघन के लिए उसका चालान काटा। हालांकि, स्थिति स्पष्ट होने और चेतावनी देने के बाद पुलिस ने उसे जाने दिया।

लुधियाना में 6वीं की छात्रा ने की आत्महत्या: पेपर देकर लौटी थी 13 साल की अंजलि; कमरे में पंखे से लटका मिला शव

पंजाब डेस्क : पंजाब के लुधियाना स्थित ढंडारी खुर्द इलाके में एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहाँ छठी कक्षा में पढ़ने वाली एक 13 वर्षीय छात्रा ने अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान अंजलि के रूप में हुई है। इस आत्मघाती कदम के बाद से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।

परीक्षा देकर लौटी थी छात्रा: परिजनों के अनुसार, अंजलि मंगलवार को स्कूल में अपनी सालाना परीक्षा (Exam) देकर घर लौटी थी। उस समय वह बिल्कुल सामान्य लग रही थी। घर आने के कुछ देर बाद वह अपने कमरे में चली गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। काफी देर तक जब कमरे से कोई हलचल नहीं हुई, तो परिजनों ने दरवाजा खटखटाया।

पंखे से लटका मिला शव: अंदर से कोई जवाब न मिलने पर जब खिड़की से झांक कर देखा गया, तो अंजलि का शव पंखे से लटका हुआ था। परिजनों के शोर मचाने पर पड़ोसी इकट्ठा हुए और दरवाजा तोड़कर बच्ची को नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। अंजलि के पिता एक फैक्ट्री में काम करते हैं और उसके 4 भाई-बहन हैं।

जांच जारी : घटना की सूचना मिलते ही हेड कांस्टेबल हरबंस सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुँची। पुलिस ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे आत्महत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।

पुलिस अब छात्रा के स्कूल बैग की तलाशी ले रही है और उसकी सहेलियों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं वह किसी मानसिक दबाव या स्कूल की किसी समस्या से तो नहीं जूझ रही थी।पुलिस ने धारा 174 के तहत कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी।

थलपति विजय का बड़ा फैसला: तलाक के बदले पत्नी संगीता को दिया 250 करोड़ की एलिमनी का ऑफर

मनोरंजन डेस्क : तमिल सिनेमा के सबसे बड़े सितारों में से एक थलपति विजय और उनकी पत्नी संगीता सोर्नालिंगम के बीच तलाक का मामला इन दिनों सुर्खियों में है। 27 साल के लंबे वैवाहिक जीवन के बाद संगीता ने हाल ही में चेंगलपट्टू फैमिली कोर्ट में तलाक की याचिका दाखिल की है।

एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर के आरोप: रिपोर्ट्स के अनुसार, संगीता ने अपनी याचिका में विजय पर एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर और वैवाहिक जीवन में गंभीर समस्याओं के आरोप लगाए हैं। बताया जा रहा है कि संगीता पिछले दो सालों से विजय से अलग रह रही थीं। हालांकि, याचिका में किसी अभिनेत्री का नाम सार्वजनिक रूप से उजागर नहीं किया गया है।

कोर्ट के बाहर समझौते की कोशिश: खबर है कि विजय इस मामले को लंबी अदालती कार्रवाई में उलझाने के बजाय शांति से बाहर ही निपटाना चाहते हैं। इसके लिए उन्होंने संगीता को 250 करोड़ रुपये की भारी-भरकम एलिमनी (Alimony) ऑफर की है ताकि दोनों के बीच जल्द समझौता हो सके।

अपडेट पर टिकी निगाहें: विजय की तरफ से यह बड़ा प्रपोजल पेश करना संकेत देता है कि वे इस निजी मुद्दे को बिना किसी विवाद के खत्म करना चाहते हैं। फिलहाल, इस प्रस्ताव पर संगीता की प्रतिक्रिया और उनकी अगली कानूनी रणनीति का इंतजार किया जा रहा है। गौरतलब है कि अभी तक विजय या संगीता की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

होली पर शेयर बाजार में ‘खून की होली’: निवेशकों के 9 लाख करोड़ डूबे, मिडिल ईस्ट जंग ने बिगाड़ा त्योहार का मजा

बिजनेस डेस्क : देशभर में जहाँ आज (4 मार्च) होली का जश्न मनाया जा रहा है, वहीं शेयर बाजार के निवेशकों के लिए यह दिन बेहद निराशाजनक साबित हुआ है. मिडिल ईस्ट में जारी भीषण युद्ध और वैश्विक तनाव के कारण बुधवार को बाजार खुलते ही निवेशकों के 9 लाख करोड़ रुपये स्वाहा हो गए. पिछले तीन कारोबारी दिनों की बात करें तो निवेशकों को कुल 20 लाख करोड़ रुपये का भारी नुकसान झेलना पड़ा है.

सेंसेक्स और निफ्टी में कोहराम: आज सुबह शेयर बाजार खुलते ही बिकवाली का भारी दबाव देखा गया। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स 1,750 अंकों की भारी गिरावट के साथ 78,443 के स्तर पर पहुँच गया. इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 500 से अधिक अंकों की गिरावट के साथ 24,315 के निचले स्तर पर कारोबार करता देखा गया.

गिरावट के 3 बड़े कारण:

US-ईरान युद्ध का गहराता संकट: ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या के बाद से पश्चिम एशिया में तनाव चरम पर है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयान ने अनिश्चितता और बढ़ा दी है कि यह युद्ध अभी लंबा चल सकता है.

कच्चे तेल की कीमतों में आग: युद्ध के कारण सप्लाई चेन प्रभावित होने के डर से अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड 82 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुँच गया है. मंगलवार को तेल की कीमतों में 10 फीसदी तक का उछाल देखा गया था.रुपया रिकॉर्ड निचले स्तर पर: डॉलर की मजबूती और युद्ध के खतरों के बीच भारतीय रुपया 66 पैसे गिरकर 92.15 के अब तक के सबसे निचले स्तर पर पहुँच गया है.विशेषज्ञों का मानना है कि वैश्विक अनिश्चितता और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के कारण बाजार अभी और अधिक तबाही देख सकता है.

ईरान-अमेरिका युद्ध: 500 मिसाइलें, 2,000 ड्रोन और भीषण पलटवार; अमेरिका ने तबाह किए ईरान के 17 जहाज और 2,000 ठिकाने

इंटरनेशनल डेस्क : पश्चिम एशिया में चल रहा सैन्य संघर्ष अब चरम पर पहुँच गया है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (US Central Command) के अधिकारी ब्रैड कूपर ने एक बड़ा दावा किया है कि ईरान द्वारा किए गए हमलों के जवाब में अमेरिका ने भीषण पलटवार किया है, जिसमें ईरान को भारी सैन्य नुकसान उठाना पड़ा है।

ईरान का बड़ा हमला और अमेरिका की कार्रवाई: अमेरिकी सेना के अनुसार, ईरान ने जवाबी कार्रवाई में अब तक 500 से अधिक बैलिस्टिक मिसाइलें और 2,000 से ज्यादा ड्रोन लॉन्च किए हैं। इसके जवाब में अमेरिकी सेना ने सबमरीन समेत 17 ईरानी जहाजों को नष्ट कर दिया है और ईरान के भीतर लगभग 2,000 सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है। इन हमलों में ईरान के एयर डिफेंस सिस्टम और कमांड-कंट्रोल सेंटरों को काफी हद तक कमजोर कर दिया गया है।

खामेनेई की मौत और नेतृत्व का संकट: 28 फरवरी से शुरू हुई इस जंग में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला खामेनेई सहित कई वरिष्ठ नेताओं की मौत हो चुकी है। ईरान ने साफ कर दिया है कि वह अपने सर्वोच्च नेता की मौत का बदला लिए बिना नहीं रुकेगा और अब इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू उनके सीधे निशाने पर हैं।

होर्मुज की खाड़ी में सन्नाटा: ब्रैड कूपर ने दावा किया है कि आज अरब की खाड़ी, होर्मुज की खाड़ी या ओमान की खाड़ी में एक भी ईरानी जहाज मौजूद नहीं है। हालांकि, डर के कारण अन्य देशों के जहाजों की लंबी कतारें लगी हुई हैं और कोई भी जहाज आगे बढ़ने की हिम्मत नहीं कर पा रहा है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा है कि अमेरिकी सेना का पलटवार आने वाले कुछ और दिनों तक जारी रहेगा।

भारत पर असर और नौसेना अलर्ट: मिडिल ईस्ट में जारी इस संघर्ष के बीच भारतीय नौसेना भी पूरी तरह अलर्ट पर है। ओमान की खाड़ी में INS सूरत को तैनात किया गया है ताकि जरूरत पड़ने पर भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकाला जा सके।

T20 वर्ल्ड कप 2026: आज ईडन गार्डन्स में साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच पहला सेमीफाइनल; जानें कब और कहाँ देखें लाइव

स्पोर्ट्स डेस्क : टी20 वर्ल्ड कप 2026 अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुँच गया है और आज यानी 4 मार्च को टूर्नामेंट का पहला सेमीफाइनल मुकाबला खेला जाएगा। कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स स्टेडियम में होने वाले इस नॉकआउट मैच में साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड की टीमें आमने-सामने होंगी।

मैच का समय और लाइव स्ट्रीमिंग: यह महामुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 7:00 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस का समय शाम 6:30 बजे रखा गया है। क्रिकेट फैंस इस रोमांचक मैच का लाइव प्रसारण टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं। इसके अलावा, मैच की लाइव स्ट्रीमिंग जियो हॉटस्टार एप पर उपलब्ध होगी।

अजेय रही है साउथ अफ्रीका की टीम: एडेन मार्करम की कप्तानी वाली दक्षिण अफ्रीकी टीम इस समय जबरदस्त फॉर्म में है और इस वर्ल्ड कप में अब तक एक भी मैच नहीं हारी है। दूसरी ओर, मिचेल सैंटनर की अगुवाई में न्यूजीलैंड ने भी शानदार खेल दिखाया है, हालांकि उन्हें सुपर-8 में इंग्लैंड के खिलाफ एक हार का सामना करना पड़ा था।

हेड-टू-हेड रिकॉर्ड: सांख्यिकीय रूप से साउथ अफ्रीका का पलड़ा भारी नजर आ रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 19 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले गए हैं, जिनमें से 12 मैचों में दक्षिण अफ्रीका ने जीत दर्ज की है, जबकि न्यूजीलैंड केवल 7 मैच ही जीत सका है।

मोजतबा खामेनेई बने ईरान के नए सर्वोच्च नेता: पिता की मौत के बाद IRGC के दबाव में हुआ ऐतिहासिक चुनाव

इंटरनेशनल डेस्क : ईरान में अमेरिका और इजरायल के भीषण हवाई हमलों और सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के निधन के बीच सत्ता का बड़ा हस्तांतरण हुआ है। देश की सबसे शक्तिशाली संस्था ‘असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स’ ने अली खामेनेई के 56 वर्षीय बेटे मोजतबा खामेनेई को ईरान का अगला सर्वोच्च नेता चुन लिया है।

युद्ध के बीच वर्चुअल मीटिंग में फैसला: यह ऐतिहासिक चुनाव 3 मार्च 2026 को उस समय हुआ जब ईरान युद्ध की स्थिति से गुजर रहा था। सुरक्षा कारणों और जारी हमलों की वजह से 88 सदस्यों वाली असेंबली की भौतिक बैठक संभव नहीं थी, इसलिए यह निर्णय एक वर्चुअल मीटिंग के जरिए लिया गया।

रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) की भूमिका और विवाद: सूत्रों के अनुसार, मोजतबा का चुनाव इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कॉर्प्स (IRGC) के भारी दबाव में किया गया है। IRGC का तर्क है कि युद्ध के माहौल में कट्टर नीतियों को जारी रखने और स्थिरता के लिए यह जरूरी है।

हालांकि, यह चुनाव विवादास्पद माना जा रहा है क्योंकि 1979 की क्रांति राजशाही और वंशवाद को खत्म करने के लिए हुई थी। आलोचकों का मानना है कि पिता के बाद बेटे का उत्तराधिकार क्रांति की मूल भावना के खिलाफ है।

मोजतबा के सामने चुनौतियां: मोजतबा खामेनेई एक मिड-रैंक के धार्मिक नेता हैं और उनके पास अपने पिता जैसा उच्च धार्मिक दर्जा (आयतुल्लाह) नहीं है। ऐसे में अपनी वैधता साबित करने और सत्ता पर पकड़ बनाए रखने के लिए उन्हें पूरी तरह से रिवोल्यूशनरी गार्ड्स पर निर्भर रहना पड़ सकता है।

अंतिम विदाई की तैयारी: दिवंगत नेता अयातुल्ला अली खामेनेई को उनकी वसीयत के अनुसार मशहद में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। उनकी अंतिम विदाई के लिए तेहरान में एक बड़ा सार्वजनिक समारोह आयोजित करने की योजना बनाई जा रही है।