ब्रेकिंग न्यूज़
डॉलर की मार से सोना-चांदी हुए धराशाई: दिल्ली में चांदी ₹9,000 और सोना ₹2,950 टूटा

बिजनेस डेस्क: वैश्विक बाजारों में कमज़ोरी और अमेरिकी डॉलर की मजबूती के कारण भारतीय सर्राफा बाजार में सोमवार को सोने और चांदी की कीमतों में भारी गिरावट दर्ज की गई। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में चांदी की कीमत ₹9,000 (3.4%) गिरकर ₹2.56 लाख प्रति किलोग्राम पर आ गई है। वहीं, सोने की कीमत में ₹2,950 (1.81%) की कमी आई है, जिससे अब यह ₹1,60,250 प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुँच गया है।

गिरावट के मुख्य कारण:

विशेषज्ञों के अनुसार, इस बड़ी गिरावट के पीछे कई वैश्विक कारक हैं:

मजबूत अमेरिकी डॉलर: डॉलर इंडेक्स में बढ़त की वजह से निवेशकों का रुझान कीमती धातुओं से हटकर अमेरिकी डॉलर और बॉन्ड की ओर बढ़ गया है।

भू-राजनीतिक तनाव: मध्य-पूर्व (खासकर अमेरिका-ईरान) में चल रहे तनाव के कारण कच्चे तेल की कीमतों में उछाल आया है, जिससे वैश्विक स्तर पर महंगाई बढ़ने की आशंका है।

ब्याज दरें: महंगाई की चिंताओं के बीच यह अनुमान लगाया जा रहा है कि अमेरिकी सेंट्रल बैंक (फेड रिजर्व) ब्याज दरों में कटौती के फैसले को टाल सकता है।मार्च के महीने में अब तक सोना ₹4,400 से ज्यादा और चांदी ₹11,000 से अधिक सस्ती हो चुकी है।

विशेषज्ञों का मानना है कि जब तक अंतरराष्ट्रीय हालात या नीतियों में कोई बड़ा बदलाव नहीं होता, तब तक कीमतों में नरमी बनी रह सकती है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी हाजिर सोना (Spot Gold) 5,000 डॉलर प्रति औंस के स्तर से नीचे फिसल गया है।

पंजाब में आप सरकार के 4 साल पूरे: सीएम भगवंत मान ने पेश किया रिपोर्ट कार्ड

पंजाब डेस्क: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने सोमवार को अपनी सरकार के चार साल पूरे होने के अवसर पर चंडीगढ़ में पत्रकारों से बातचीत करते हुए सरकार की प्रमुख उपलब्धियां साझा कीं। सीएम ने एक बड़ी घोषणा करते हुए बताया कि इस बार पंजाब हॉकी एशिया कप की मेजबानी करेगा, जिसके मुकाबले जालंधर और मोहाली में आयोजित किए जाएंगे।

खेल और बुनियादी ढांचे पर ध्यान केंद्रित करते हुए, मान ने बताया कि राज्य गांवों में खेल के मैदानों के लिए 1,100 करोड़ रुपये का ऐतिहासिक निवेश कर रहा है। इसके तहत 3,000 आधुनिक खेल मैदान बनाए जा रहे हैं और 6,000 अन्य मैदानों पर जल्द काम शुरू होगा। साथ ही, युवाओं की फिटनेस के लिए गांवों में 6,000 इनडोर जिम स्थापित किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने अन्य प्रमुख क्षेत्रों में भी सफलता का दावा किया:

महिला सशक्तिकरण: महिलाओं को 1,000 रुपये की वित्तीय सहायता देने का वादा पूरा किया गया और राज्य के 27,314 आंगनवाड़ी केंद्रों में 7.40 करोड़ से अधिक सैनिटरी पैड मुफ्त वितरित किए गए हैं।

पारदर्शी भर्ती: सीएम ने दावा किया कि पंजाब में भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक की कोई घटना नहीं हुई है।

खिलाड़ियों का सम्मान: ओलंपिक पदक विजेता हॉकी खिलाड़ियों को 1 करोड़ रुपये और सरकारी नौकरी दी गई है, जबकि 2025 महिला क्रिकेट विश्व कप विजेताओं को 4.91 करोड़ रुपये के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा के वादे केवल ‘जुमला’ साबित हुए, जबकि उनकी सरकार ने जमीन पर काम किया है।

भारत ने ईरान से 550 से अधिक भारतीयों को निकाला, जयशंकर ने आर्मेनिया को धन्यवाद दिया

 नयी दिल्ली, 16 मार्च (भाषा) भारत ने आर्मेनिया के रास्ते ईरान से अपने 550 से अधिक नागरिकों को निकाला है। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने सोमवार को आर्मेनिया को पारगमन सुविधा प्रदान करने के लिए धन्यवाद दिया।

पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष को देखते हुए, नयी दिल्ली ईरान में फंसे भारतीय नागरिकों से आग्रह कर रही है कि वे सीमा पार कर आर्मेनिया की ओर आ जाएं, ताकि वहां से स्वदेश वापसी की सुविधा प्रदान की जा सके।

वर्तमान में ब्रसेल्स की यात्रा कर रहे जयशंकर ने कहा, ‘‘ईरान से अब तक 550 से अधिक भारतीय नागरिकों की सुरक्षित निकासी में सुविधा प्रदान करने के लिए आर्मेनिया सरकार और वहां के लोगों को धन्यवाद।’’

उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘इस चुनौतीपूर्ण समय में उनके समर्थन के लिए हम आभारी हैं।’’

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने पिछले सप्ताह कहा था कि लगभग 9,000 भारतीय ईरान में रह रहे हैं, और भारत सरकार उन लोगों की पूरी सहायता कर रही है जो अजरबैजान और आर्मेनिया के रास्ते स्वदेश लौटना चाहते हैं।

पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया के कॉलिन बैच को पुरुष हॉकी टीम का कोच नियुक्त किया

कराची, 16 मार्च (भाषा) पाकिस्तान हॉकी महासंघ (पीएचएफ) ने इस वर्ष होने वाले एफआईएच पुरुष विश्व कप से पहले ऑस्ट्रेलिया के पूर्व खिलाड़ी कॉलिन बैच को अपनी राष्ट्रीय टीम का नया मुख्य कोच नियुक्त किया है।

बैच अंतरिम मुख्य कोच ख्वाजा जुनैद की जगह लेंगे, जो हाल ही में हुए एफआईएच विश्व कप क्वालीफाइंग टूर्नामेंट के लिए टीम के साथ मिस्र गए थे, जहां पाकिस्तान फाइनल में इंग्लैंड से हार गया था, लेकिन आठ साल बाद विश्व कप में जगह बनाने में सफल रहा था।

पीएचएफ के एक प्रवक्ता ने कहा कि बैच के साथ बातचीत सफल रही। बैच ने ऑस्ट्रेलिया की तरफ से 1979 से 1990 तक 175 मैच खेले और 100 गोल किये।

बैच इससे पहले बेल्जियम, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया में कोच के रूप में काम कर चुके हैं। वह इस महीने के आखिर में पाकिस्तान की टीम से जुड़ेंगे जिससे कि वह एफआईएच प्रो नेशंस हॉकी लीग के तीसरे चरण और फिर विश्व कप के लिए टीम को तैयार कर सकें।

बिहार से आए प्रेस डेलीगेशन ने पंजाब लोक भवन में पंजाब के गवर्नर से मुलाकात की


चंडीगढ़, 15 मार्च, 2026: बिहार से आए एक प्रेस डेलीगेशन ने प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो (पीआईबी) के मीडिया आउटरीच प्रोग्राम के तहत पंजाब के गवर्नर और यू टी चंडीगढ़ के प्रशासक श्री गुलाब चंद कटारिया से पंजाब लोक भवन, चंडीगढ़ में मुलाकात की। भारत सरकार की इस पहल का मकसद पत्रकारों को अलग-अलग इलाकों में विकास की पहल, सेंट्रल स्कीम और गवर्नेंस प्रक्रियाओं के बारे में सीधे जानकारी देना है।

एक इंटरैक्टिव सेशन के दौरान, गवर्नर ने आए पत्रकारों से पंजाब और चंडीगढ़ के दौरे के दौरान अपने अनुभवों के बारे में फीडबैक मांगा। पत्रकारों ने पंजाब के प्रमुख हेरिटेज स्थानों, जैसे जलियांवाला बाग, अटारी बॉर्डर और स्वर्ण मंदिर घूमने के बाद अपने अनुभव साझा किए और राज्य की समृद्ध और आध्यात्मिक विरासत की प्रशंसा की।

 चंडीगढ़ दौरे के दौरान, पत्रकारों ने चंडीगढ़ के पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर और डेवलपमेंट प्रोजेक्ट्स जिनमें रिन्यूएबल एनर्जी साइंस एंड टेक्नोलॉजी प्रमोशन सोसाइटी, सीटीयू द्वारा संचालित पी एम ई-बस सेवा, सेक्टर-16 में सरकारी मल्टी-स्पेशलिटी हॉस्पिटल, सुखना लेक, रॉक गार्डन, सेक्टर-18 में एयर फ़ोर्स म्यूज़ियम और अन्य विशिष्ट स्थानों का दौरा किया। गवर्नर ने डेलीगेशन को चंडीगढ़ में विकास प्रयासों को अधिक मज़बूत करने के लिए अच्छे सुझाव देने के लिए प्रोत्साहित किया।

आए हुए पत्रकारों ने गवर्नर से विभिन्न विकास गतिविधियों की प्रगति पर अपनी संतुष्टि जताई और सौहार्द बातचीत और विचार साझा करने का अवसर प्रदान करने की सराहना की।

ईरान-इराक सीमा खुलते ही सस्ते सामान, इंटरनेट और काम की तलाश में इराक पहुंचे दर्जनों ईरानी

हाजी ओमेरान (इराक), 16 मार्च (एपी) युद्ध के कारण लंबे समय से बंद रही सीमा खुलने के बाद रविवार को दर्जनों ईरानी नागरिक सस्ती खाद्य सामग्री खरीदने, इंटरनेट का उपयोग करने, परिजनों से संपर्क साधने और काम की तलाश में उत्तरी इराक में दाखिल हुए।

यात्रियों ने बताया कि लगातार हो रहे हवाई हमलों और खाद्य वस्तुओं की बढ़ती कीमतों ने ईरान में जीवन बेहद कठिन बना दिया है।

इराक के कुर्द क्षेत्र से माल से लदे ट्रक हाजी ओमेरान सीमा चौकी के रास्ते ईरान की ओर बढ़ते दिखाई दिए। इससे ईरान में बढ़ती कीमतों से जूझ रहे लोगों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

अमेरिका और इज़राइल के साथ युद्ध शुरू होने से पहले भी ईरानी कुर्द अक्सर इराकी कुर्दिस्तान में आते-जाते रहे हैं। दोनों क्षेत्रों के बीच पारिवारिक, सांस्कृतिक और आर्थिक संबंध गहरे हैं तथा खुली सीमा के कारण व्यापार और आवागमन नियमित रहा है। अब युद्धग्रस्त क्षेत्र में ईरानियों के लिए बाहरी दुनिया से जुड़ने का अहम जरिया इराक का कुर्द क्षेत्र बन गया है।

ईरान की ओर सामान लेकर जा रहे ट्रक चालक खिदेर चोमानी ने कहा, ‘‘जब यह सीमा बंद थी, तब इसका असर गरीबों, अमीरों और मजदूरों सभी पर पड़ा।’’

क्षेत्रीय सैन्य तनाव बढ़ने के बाद इस सीमा को बंद कर दिया गया था। इराकी कुर्द प्रशासन लंबे समय से अपने ईरानी समकक्षों द्वारा इसे फिर से खोलने का इंतजार कर रहा था।

एपी से बात करने वाले लगभग सभी ईरानी कुर्दों ने अपनी पहचान गोपनीय रखने का अनुरोध करते हुए कहा कि उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर डर है और उन्हें संदेह है कि ईरानी खुफिया एजेंसियां मीडिया से बात करने वालों पर नजर रखती हैं।

उन्होंने दावा किया कि कई ईरानी सैन्य ठिकाने, खुफिया कार्यालय और अन्य सुरक्षा प्रतिष्ठान हमलों में नष्ट हो गए हैं। बमबारी के कारण सुरक्षा बलों की गतिविधियां भी सीमित हो गई हैं।

अधिकारियों के अनुसार, कई सुरक्षाकर्मी सरकारी इमारतों से दूर रहकर स्कूलों और अस्पतालों जैसे नागरिक ठिकानों में शरण ले रहे हैं या फिर कार्यालयों में रिपोर्ट करने के बजाय वाहनों में ही घूमते रहते हैं।

ईरान के पिरानशहर शहर की एक कुर्द महिला रविवार को अपने रिश्तेदारों से संपर्क करने और जरूरी सामान खरीदने के लिए सीमा पार कर आई। उसने बताया कि वह 15 किलोमीटर की यात्रा करके यहां पहुंची।

उसने कहा, ‘‘ मैं यहां फोन करने आई हूं। ईरान के अधिकतर हिस्सों में इंटरनेट नहीं है। पिछले 16 दिनों से मेरे रिश्तेदारों को मेरी कोई खबर नहीं मिली है और वे चिंतित हैं।’’

महिला ने बताया कि देशभर में इंटरनेट बाधित होने के कारण कई ईरानी इराकी सिम कार्ड खरीदते हैं और सीमा के पास जाकर विदेश में रह रहे अपने परिजनों और दोस्तों से संपर्क करते हैं।

वह सीमा के पास स्थित बाजार में अपने शहर पिरानशहर की तुलना में कम कीमत पर चावल और खाने का तेल जैसे जरूरी सामान खरीदने गई थी। उसके अनुसार, युद्ध के कारण महंगाई बढ़ने से ईरान में इन बुनियादी वस्तुओं की कीमतें बहुत अधिक हो गई हैं।

उसने कहा, “ईरान में हालात बहुत खराब हैं। लोग सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे, चीजें महंगी हैं और लोग घरों से निकलना नहीं चाहते।”

करीब आधे घंटे बाद वह दो प्लास्टिक बैग में सामान लेकर जल्दी-जल्दी वापस ईरान लौट गई। उसने बताया कि उसके बच्चे घर पर उसका इंतजार कर रहे हैं।

इसी दौरान काली शॉल में लिपटी एक बुजुर्ग महिला बारिश में अकेले सीमा पार करती दिखाई दी। उसने बताया कि वह ईरान के पश्चिम अजरबैजान प्रांत के सरदश्त से आई है और इराकी कुर्द क्षेत्र के चोमान शहर जा रही है, जो सीमा से करीब 40 किलोमीटर दूर है। वहां उसके कुछ दूर के रिश्तेदार रहते हैं, जिनसे वह मदद की उम्मीद कर रही है।

उसने बताया कि उसका बेटा 14 महीने पहले ईरानी सैनिकों की गोली से मारा गया था। वह सीमा पार सिगरेट और अन्य सामान की तस्करी करता था, जो इस इलाके में आजीविका का आम जरिया है। बेटे की मौत के बाद परिवार के पास आय का कोई साधन नहीं बचा और वह तीन छोटे बच्चों की देखभाल कर रही है, जिनमें सबसे बड़ा पांच साल का है।

महिला ने कहा कि खाद्य कीमतें बढ़ने से बच्चों का पेट भरना मुश्किल हो गया है और दो महीने का लगभग 200 डॉलर किराया भी बकाया है। उसने रोते हुए कहा, “मेरी मदद करने वाला वहां कोई नहीं है। युद्ध ने हालात और खराब कर दिए हैं। सब कुछ और महंगा हो गया है।”

वह अपने रिश्तेदारों को पहले से सूचना भी नहीं दे सकी थी और उम्मीद कर रही थी कि वे उसकी मदद करेंगे। उसने कहा, “मैं बेबस हूं, लेकिन बच्चे भूखे हैं और मुझे उनके लिए पूरी कोशिश करनी होगी।”

इस बीच तीन ईरानी मजदूर एक टैक्सी में सवार होकर इराकी कुर्द क्षेत्र में अपने काम पर लौट रहे थे। उन्होंने बताया कि वे एक ही निर्माण कंपनी में काम करते हैं और बढ़ती महंगाई से निपटने के लिए एक महीने तक काम करके पैसे कमाने का इरादा रखते हैं।

उनमें से एक मजदूर ने कहा, “हालात और खराब होंगे और इसका असर आम लोगों पर ही पड़ेगा। हम अपने बच्चों और पत्नियों को छोड़कर यहां काम करने आए हैं, वरना उन्हें अकेला नहीं छोड़ते।”

ईरान के उरमिया शहर में रहने वाले और इराक के इरबिल में काम करने वाले एक पेंटर ने बताया कि लगातार बमबारी अब रोजमर्रा की हकीकत बन गई है। वह हाल ही में विस्फोटों से डरी अपनी मां को सांत्वना देने के लिए घर लौटा था।

इराकी कुर्द क्षेत्र में काम करने वाले एक अन्य ईरानी कुर्द फैक्टरी मजदूर ने बताया कि हालात इतने खराब हैं कि उसने उरमिया में रह रहे अपने परिवार-पत्नी और तीन बच्चों को भी यहां आकर रहने के लिए बुला लिया। वे रविवार को यहां पहुंचे और सड़क किनारे एक रेस्तरां में आराम करते देखे गए।

उसने कहा कि लगातार हमलों के कारण सुरक्षा बल अब अपने ठिकानों में नहीं रुकते। कई सैन्य, खुफिया और पुलिस ठिकाने खंडहर में बदल चुके हैं।

उसने कहा, “वे अब अपने दफ्तरों में नहीं रहते। वे कारों में, पुलों के नीचे, स्कूलों और अस्पतालों में रहते हैं और लगातार इधर-उधर घूमते रहते हैं। उनके ठिकाने नष्ट हो चुके हैं।”

एआई क्षेत्र में संभावित प्रतिस्पर्धा-विरोधी गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी में सीसीआई: चेयरपर्सन

नयी दिल्ली, 16 मार्च (भाषा) भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई) की चेयरपर्सन रवनीत कौर ने सोमवार को कहा कि आयोग कृत्रिम मेधा (एआई) के क्षेत्र में उभरने वाली प्रतिस्पर्धा-विरोधी गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई की तैयार कर रहा है जिनमें एल्गोरिथम संबंधी मिलीभगत भी शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि निगरानी संस्था खेल, नागर विमानन, ‘पेंट व वार्निश’ तथा मद्य क्षेत्रों में भी प्रतिस्पर्धा-विरोधी मामलों की जांच कर रही है।

भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई) बाजार में अनुचित व्यापारिक गतिविधियों पर नजर रखता है।

उन्होंने कहा, ‘‘ …हम कृत्रिम मेधा (एआई) के क्षेत्र में उभरने वाली किसी भी प्रतिस्पर्धा-विरोधी गतिविधि के खिलाफ कार्रवाई करने की तैयारी कर रहे हैं।’’

कौर ने कहा, ‘‘ हमने संभावित प्रतिस्पर्धा-विरोधी गतिविधियों की पहचान की है… जिसमें कृत्रिम मेधा (एआई) की मूल्य श्रृंखला में अत्यधिक केंद्रीकरण शामिल हो सकता है। इसमें एल्गोरिथम आधारित मिलीभगत, लक्षित मूल्य भेदभाव, स्वयं को प्राथमिकता देना या कृत्रिम मेधा (एआई) में किसी प्रकार की अपारदर्शिता शामिल हो सकती है।’’

भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग ने पिछले वर्ष कृत्रिम मेधा (एआई) और प्रतिस्पर्धा पर एक बाजार अध्ययन भी जारी किया था।

राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित प्रतिस्पर्धा कानून के अर्थशास्त्र पर 11वें राष्ट्रीय सम्मेलन में आयोग की चेयरपर्सन ने कहा कि नियामक के पास आए करीब 90 प्रतिशत प्रतिस्पर्धा-विरोधी मामलों का निपटारा किया जा चुका है।

उन्होंने कहा, ‘‘ हमें हर क्षेत्र से प्रतिस्पर्धा-विरोधी मामलों की जानकारी मिलती है। आयोग को कुल 1,360 प्रतिस्पर्धा-विरोधी सूचनाएं प्राप्त हुई हैं और इनमें से 1,211 मामलों का निपटारा किया जा चुका है।’’

इस मौके पर में नीति आयोग के सदस्य राजीव गौबा ने कहा कि विदेशी निवेश आकर्षित करने के लिए एक मजबूत प्रतिस्पर्धा व्यवस्था आवश्यक है।

उन्होंने प्रतिस्पर्धा कानून के संदर्भ में अतिवाद और अत्यधिक नियमन से बचने और संतुलित दृष्टिकोण बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया।

रास : तृणमूल ने बंगाल में अधिकारियों को हटाने के निर्वाचन आयोग के फैसले के विरोध में बहिर्गमन किया

नयी दिल्ली, 16 मार्च (भाषा) राज्यसभा में सोमवार को तृणमूल कांग्रेस के सदस्यों ने निर्वाचन आयोग द्वारा पश्चिम बंगाल के शीर्ष अधिकारियों को पद से हटाए जाने का विरोध करते हुए सदन से बहिर्गमन किया।

उच्च सदन में शून्यकाल शुरू होने पर तृणमूल कांग्रेस के डेरेक ओ ब्रायन ने यह मुद्दा उठाया और कहा कि निर्वाचन आयोग ने देर रात पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव, प्रधान सचिव और गृह सचिव को पद से हटा दिया।

उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी आयेाग के इस कदम का विरोध करती है और दिन भर के लिए सदन से बहिर्गमन कर रही है।

इस पर, संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि निर्वाचन आयोग एक संवैधानिक निकाय है और उसके फैसले से सरकार का कोई लेनादेना नहीं है। उन्होंने कहा कि संविधान में निर्वाचन आयोग को अधिकार दिया गया है और उसके फैसले को सदन में उठाने का कोई मतलब नहीं है। उन्होंने कहा कि ऐसे मुद्दे उठाना सदन के समय का दुरूपयोग है।

उन्होंने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान किया जाना चाहिए लेकिन तृणमूल कांग्रेस और कांग्रेस पार्टी संवैधानिक निकायों पर हमला करती रहती है।

ओडिशा: अस्पताल के आईसीयू में भीषण आग लगने से 10 मरीजों की मौत, 11 कर्मी झुलसे

भुवनेश्वर, 16 मार्च (भाषा) ओडिशा सरकार द्वारा संचालित एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के आईसीयू में रविवार देर रात भीषण आग लगने से कम से कम 10 मरीजों की मौत हो गयी। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने यह जानकारी दी।

घटना के बाद अस्पताल पहुंचे मुख्यमंत्री ने बताया कि मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालने के दौरान अस्पताल के करीब 11 कर्मचारी झुलस गए।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आग लगने की घटना में मरीजों की मौत पर शोक व्यक्त किया और प्रधानमंत्री राष्ट्रीय आपदा कोष (पीएमएनआरएफ) से प्रत्येक मृतक के परिजनों को दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।

प्रधानमंत्री कार्यालय ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘ओडिशा के कटक स्थित एक अस्पताल में हुई दुर्घटना अत्यंत दुखद है। अपनों को खोने वाले सभी लोगों के प्रति गहरी संवेदना। प्रत्येक मृतक के परिजनों को पीएमएनआरएफ की ओर से दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।’’

मुख्यमंत्री माझी ने भी प्रत्येक मृतक के परिजन को 25 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।

उन्होंने बताया कि ट्रॉमा केयर गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) और उससे सटे आईसीयू व वार्ड में 23 मरीज भर्ती थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आग लगने से सात मरीजों की मौत हो गई जबकि तीन अन्य लोगों की मौत दम घुटने से हुई।

माझी ने पत्रकारों को बताया, ‘‘इस घटना में कुल 10 मरीजों की मौत हुई है।’’

उन्होंने कहा कि आग शायद शॉर्ट सर्किट के कारण लगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अस्पताल के ट्रॉमा केयर विभाग के आईसीयू में आग लगी, जहां गंभीर रूप से बीमार मरीजों का इलाज किया जा रहा था।

माझी ने इस मामले में न्यायिक जांच की भी घोषणा की और अग्निशमन सेवा के महानिदेशक को मामले की जांच करने तथा तुरंत उन्हें रिपोर्ट सौंपने के लिए कहा।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं अग्निशमन विभाग के महानिदेशक को निर्देश देता हूं कि वह स्वयं एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का दौरा करें और अग्निशमन सुरक्षा नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करें।’’

मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि न्यायिक जांच के बाद रिपोर्ट में अगर कोई दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

एक अधिकारी ने बताया कि आग देर रात ढाई बजे से तीन बजे के बीच लगी और दमकलकर्मी तुरंत अस्पताल पहुंचे व आग बुझाने के लिए अभियान शुरू किया।

दमकल सेवा के अधिकारियों ने अस्पताल के कर्मचारियों, पुलिस कर्मियों व मरीजों के तीमारदारों के साथ मिलकर आईसीयू में भर्ती मरीजों को बाहर निकाला और उन्हें एससीबी अस्पताल के अन्य विभागों में स्थानांतरित किया।

माझी ने स्वास्थ्य मंत्री मुकेश महालिंग के साथ अस्पताल का दौरा किया और स्थिति की समीक्षा की।

उन्होंने अस्पताल में इलाज करा रहे मरीजों का भी हालचाल जाना।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मैंने संबंधित अधिकारियों को घायल मरीजों और कर्मचारियों के उचित उपचार के निर्देश दिए हैं।’’

माझी ने बताया कि 11 चिकित्सा अधिकारियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर बचाव अभियान में हिस्सा लिया और उनका अस्पताल के एक वार्ड में इलाज हो रहा है।

उन्होंने बताया, ‘‘पदभार ग्रहण करने के बाद मैंने संबंधित विभाग को सभी चिकित्सा संस्थानों को आग लगने की स्थिति से निपटने के लिए तैयार करने के निर्देश दिए थे और मैंने उन्हें इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया था।’’

मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार ने इस उद्देश्य के लिए 2025-26 के वार्षिक बजट में 320 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है, जबकि आगामी वर्ष (2026-27) के बजट में 400 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

उन्होंने कहा कि सरकारी चिकित्सा प्रतिष्ठानों में अग्निशमन उपकरण लगाने का काम युद्धस्तर पर जारी है।

एक प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, बिजली दो बार गुल हुई और फिर आग लग गई और पूरे आईसीयू में घना धुआं भर गया।

प्रत्यक्षदर्शी ने बताया, ‘‘मैंने दमकल कर्मियों को फोन किया और वे लगभग 20 मिनट बाद पहुंचे। इस बीच, मरीजों के परिजनों और तीमारदारों ने चिकित्सा कर्मचारियों के साथ मिलकर मरीजों को बचाने में मदद की।’’

एक अन्य व्यक्ति ने बताया कि उसने मरीजों और अस्पताल के कर्मचारियों तक किसी भी तरह की सहायता पहुंचने से पहले एक खिड़की का शीशा तोड़ दिया और आग बुझाने के लिए पानी का इस्तेमाल किया।

उन्होंने बताया, ‘‘अस्पताल की एक नर्स के कहने पर मैंने कुछ विद्युत उपकरणों को बंद कर दिया और आईसीयू से सात मरीजों को बाहर निकाला, जिनकी हालत बहुत गंभीर थी।’’

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण सचिव स्वास्थ्य एस ने अस्पताल में पत्रकारों को बताया, ‘‘हमारी पहली प्राथमिकता घायल मरीजों को बेहतर उपचार सुविधाएं प्रदान करना है। हमने अपने चिकित्सकों को इसी के अनुरूप कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।’’

एक अन्य अधिकारी ने बताया कि कम से कम पांच घायलों की हालत गंभीर बतायी जा रही है।

ओडिशा के राज्यपाल हरि बाबू कंभमपति ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के ट्रॉमा केयर आईसीयू में भीषण आग लगने की घटना से मैं अत्यंत व्यथित हूं। प्रभावित मरीजों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया है और उनका इलाज निर्बाध जारी है। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं सभी प्रभावित लोगों के साथ हैं और मैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’’

विपक्ष के नेता नवीन पटनायक ने आग लगने की घटना में मारे गए 10 मरीजों की मौत पर दुख व्यक्त किया।

उनके कार्यालय से जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, बीजू जनता दल (बीजद) प्रमुख ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

विज्ञप्ति में बताया गया कि राज्यपाल एससीबी मेडिकल कॉलेज अस्पताल का दौरा करेंगे।

नवरात्रि, गुड़ीपड़वा, रमजान के कारण राज्यसभा में 19 और 20 मार्च को रहेगा अवकाश

नयी दिल्ली, 16 मार्च (भाषा) राज्यसभा की बैठकें 19 और 20 मार्च को नवरात्रि, गुड़ीपड़वा और रमजान आदि त्योहारों के कारण नहीं होंगी और इसकी भरपाई के लिए 28 और 29 मार्च को सदन की बैठकें होगीं।

सभापति सीपी राधाकृष्णन ने सोमवार को बैठक शुरू होने पर उच्च सदन में इसकी घोषणा की। उन्होंने कहा कि सदन की कार्य मंत्रणा समिति की बैठक में कुछ सदस्यों द्वारा दिए गए सुझावों पर गौर करते हुए 19 और 20 मार्च की बैठकों को रद्द कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि सदस्यों ने नवरात्रि, गुड़ीपड़वा और रमजान आदि त्योहारों को देखते हुए दोनों दिन बैठकें स्थगित करने का सुझाव दिया था।

सभापति ने कहा कि समय को हुए नुकसान की भरपाई के लिए सदन की बैठक 28 मार्च (शनिवार) और 29 मार्च (रविवार) को होगी।