ब्रेकिंग न्यूज़
AAP का बड़ा एक्शन: राघव चड्ढा को राज्यसभा में उपनेता पद से हटाया; अशोक मित्तल संभालेंगे कमान

पंजाब डेस्क: आम आदमी पार्टी (AAP) ने एक बड़ा संगठनात्मक बदलाव करते हुए राघव चड्ढा को राज्यसभा में पार्टी के उपनेता (Deputy Leader) के पद से हटा दिया है। पार्टी और राघव चड्ढा के बीच बढ़ती दूरियों और मतभेदों की अटकलों के बीच इस कदम को काफी अहम माना जा रहा है।

नया उपनेता: पंजाब से राज्यसभा सदस्य डॉ. अशोक मित्तल अब राज्यसभा में पार्टी के नए उपनेता के रूप में जिम्मेदारी संभालेंगे।

सचिवालय को पत्र: पार्टी ने इस संबंध में राज्यसभा सचिवालय को आधिकारिक पत्र भेज दिया है।बोलने पर रोक की मांग: चौंकाने वाली बात यह है कि ‘आप’ ने सचिवालय से यह भी अनुरोध किया है कि राघव चड्ढा को संसद में बोलने के लिए समय न दिया जाए।

मतभेदों की पुष्टि: हालांकि पार्टी ने आधिकारिक तौर पर किसी विवाद की बात नहीं कही है, लेकिन इस फैसले को राघव चड्ढा और पार्टी नेतृत्व के बीच चल रहे मनमुटाव पर मुहर के रूप में देखा जा रहा है।

राघव चड्ढा का सफर: राघव चड्ढा साल 2012 के लोकपाल आंदोलन के समय से ही अरविंद केजरीवाल के साथ जुड़े हुए हैं। वे 2022 में 33 साल की उम्र में राज्यसभा के सबसे कम उम्र के सदस्य बने थे और 2023 में उन्हें संजय सिंह की जगह राज्यसभा में पार्टी का नेता नियुक्त किया गया था। वर्तमान में राज्यसभा में ‘आप’ के कुल 10 सदस्य हैं, जिनमें से 7 पंजाब और 3 दिल्ली से हैं।

’10-मिनट डिलीवरी’ पर बैन: राघव चड्ढा ने केंद्र के फैसले का स्वागत किया; कहा- गिग वर्कर्स के लिए बड़ी जीत

नेशनल डेस्क: केंद्र सरकार ने एक अहम फैसला लेते हुए ब्लिंकिट, ज़ेप्टो, स्विगी, ज़ोमैटो, फ्लिपकार्ट और अमेज़न जैसे क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म की ’10-मिनट डिलीवरी’ सर्विस पर बैन लगा दिया है। केंद्रीय श्रम मंत्री मनसुख मंडाविया ने इन बड़े प्लेटफॉर्म के साथ मीटिंग करने के बाद उन्हें सख्त डिलीवरी टाइम लिमिट और अपनी ब्रांडिंग हटाने की सलाह दी है, जिस पर सभी कंपनियों ने सहमति जताई है।

राघव चड्ढा ने जताई खुशी:आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा ने इस फैसले पर खुशी जताई है और केंद्र सरकार को धन्यवाद दिया है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर लिखा, “सत्यमेव जयते, हम सब मिलकर जीत गए हैं”। चड्ढा के मुताबिक, जब राइडर के बैग या जैकेट पर ’10 मिनट’ लिखा होता था और कस्टमर की स्क्रीन पर टाइमर चल रहा होता था, तो इससे राइडर्स पर खतरनाक मेंटल प्रेशर पड़ता था, जो रोड सेफ्टी के लिए भी खतरा था।

डिलीवरी बॉय बनकर दर्द को समझा:यह फैसला ऐसे समय में आया है जब हाल ही में राघव चड्ढा का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वह खुद डिलीवरी बॉय की यूनिफॉर्म पहनकर स्कूटर चलाते हुए सामान पहुंचाते दिखे थे। उन्होंने कहा कि पिछले महीनों में उन्होंने सैकड़ों डिलीवरी पार्टनर्स से बात की, जो कम पैसे में अपनी जान जोखिम में डालकर काम कर रहे थे। उन्होंने इस फैसले को गिग वर्कर्स की इज्ज़त और सुरक्षा के लिए बड़ी राहत बताया है।