ब्रेकिंग न्यूज़
बांग्लादेश में भीषण सड़क हादसा: पद्मा नदी में गिरी खचाखच भरी बस, 23 यात्रियों की मौत

इंटरनेशनल डेस्क: बांग्लादेश के राजबाड़ी जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहाँ बुधवार शाम एक यात्री बस पद्मा नदी में गिर गई,। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 23 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि कई अन्य यात्री अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।

फेरी पर चढ़ते समय हुआ हादसा: यह दुर्घटना बुधवार शाम करीब 5 बजे दौलतदिया फेरी टर्मिनल नंबर 3 के पास हुई। जानकारी के अनुसार, ‘सौहार्दो परिवहन’ की यह बस राजबाड़ी से ढाका जा रही थी। जब बस फेरी पर चढ़ने का प्रयास कर रही थी, तभी अचानक चालक ने नियंत्रण खो दिया और बस सीधे उफनती नदी में जा गिरी। चश्मदीदों के मुताबिक, बस यात्रियों से पूरी तरह भरी हुई थी और उसमें करीब 40 से 50 लोग सवार थे।

बचाव अभियान और चुनौतियां: हादसे के तुरंत बाद फायर सर्विस, नौसेना और पुलिस की टीमों ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया,। हालांकि, रात के अंधेरे के कारण बचाव कार्य में काफी बाधाएं आईं और इसे अस्थायी रूप से रोकना पड़ा, जिसे गुरुवार सुबह फिर से शुरू किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद, बचाव जहाज ‘हमजा’ ने करीब 6 घंटे बाद डूबी हुई बस को क्रेन की मदद से नदी से बाहर निकाला।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल: नदी के किनारे अपनों की तलाश में बड़ी संख्या में परिजन इकट्ठा हैं। हादसे में बाल-बाल बचे एक यात्री, अब्दुल अजीजुल ने रोते हुए बताया कि वह तो तैरकर किनारे आ गया, लेकिन उसकी पत्नी और बेटा उसकी आंखों के सामने ही पानी में डूब गए। प्रशासन अभी भी लापता लोगों की तलाश में जुटा हुआ है।