ब्रेकिंग न्यूज़
अमृतसर पुलिस ने 218 NDPS मामलों का नशीला माल किया नष्ट

अमृतसर / सत्ता संदेश

रिपोर्ट: विक्रमजीत सिंह, कैमरामैन तरजिंदर सिंह, अमृतसर

पंजाब में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट के 218 मामलों में बरामद नशीले पदार्थों को नष्ट कर दिया। यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर के निर्देशों पर गठित ड्रग डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में की गई। खन्ना पेपर मिल में बॉयलर के माध्यम से करोड़ों रुपये मूल्य के नशीले पदार्थों को नष्ट किया गया।

डीसीपी इन्वेस्टिगेशन रविंदर पाल सिंह संधू की अध्यक्षता वाली ड्रग डिस्पोजल कमेटी, जिसमें एडीसीपी गुरप्रताप सिंह सहोता और एसीपी जसविंदर सिंह सदस्य के रूप में शामिल थे, ने निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत एनडीपीएस एक्ट के 218 मामलों में बरामद नशीले पदार्थों को नष्ट किया।

नष्ट किए गए माल में 11 किलो 550 ग्राम हेरोइन, 14 हजार 986 नशीले कैप्सूल, 4 हजार 677 नशीली गोलियां, 13 किलो 891 ग्राम नशीला पाउडर, 4 किलो 480 ग्राम चरस, 11 किलो 250 ग्राम भूकी, 5 किलो 523 ग्राम स्मैक, 213 इंजेक्शन तथा अन्य नशीले पदार्थ शामिल थे।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि पंजाब को नशा मुक्त बनाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा और नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।