डॉ. मनमोहन सिंह ट्रस्ट द्वारा आई.आई.एस.ई.आर. मोहाली में शैक्षणिक उत्कृष्टता पुरस्कार एवं फेलोशिप की स्थापना
चंडीगढ़ / सत्ता संदेश
डॉ. मनमोहन सिंह ट्रस्ट ने भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (आई.आई.एस.ई.आर.) मोहाली में डॉ. मनमोहन सिंह शैक्षणिक उत्कृष्टता पुरस्कार तथा डॉ. मनमोहन सिंह फेलोशिप स्थापित करने की घोषणा की है। इन पहलों का उद्देश्य विज्ञान शिक्षा में उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों को सम्मानित करना तथा मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहन एवं सहयोग प्रदान करना है।
डॉ. मनमोहन सिंह शैक्षणिक उत्कृष्टता पुरस्कार पहली बार 16 जून को आई.आई.एस.ई.आर. मोहाली के 15वें दीक्षांत समारोह में प्रदान किए जाएंगे। इस अवसर पर एकीकृत बीएस-एमएस कार्यक्रम से स्नातक हो रहे विद्यार्थियों में से अपने-अपने विज्ञान विषय में सर्वोच्च शैक्षणिक प्रदर्शन करने वाले चार विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।
इन पुरस्कारों की प्रस्तुति हेतु डॉ. मनमोहन सिंह ट्रस्ट के ट्रस्टी, प्रख्यात अर्थशास्त्री तथा योजना आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष श्री मोंटेक सिंह अहलूवालिया तथा प्रसिद्ध दर्शनशास्त्री एवं डॉ. मनमोहन सिंह के परिवारी डॉ. विजय तनखा द्वारा की जाएगा। दोनों विशिष्ट अतिथि के रूप में दीक्षांत समारोह में उपस्थित रहेंगे। श्री अहलूवालिया ने भारत के आर्थिक इतिहास के अनेक महत्वपूर्ण निर्णयों के दौरान डॉ. मनमोहन सिंह के साथ निकटता से कार्य किया, जबकि डॉ. विजय तनखा ने उन्हें पारिवारिक निकटता से जाना।
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की स्मृति में स्थापित ये पुरस्कार प्रतिवर्ष बीएस-एमएस कार्यक्रम के उन विद्यार्थियों को प्रदान किए जाएंगे जिन्होंने भौतिक विज्ञान, रासायनिक विज्ञान, जैविक विज्ञान, गणितीय विज्ञान तथा पृथ्वी एवं पर्यावरण विज्ञान विभागों में सर्वोच्च शैक्षणिक प्रदर्शन किया हो। प्रत्येक पुरस्कार के साथ 50,000 रुपए की नकद राशि प्रदान की जाएगी।
डॉ. मनमोहन सिंह फेलोशिप भी शैक्षणिक सत्र 2026–27 से प्रारंभ की जाएगी। प्रतिवर्ष बीएस-एमएस कार्यक्रम के चौथे वर्ष में प्रवेश करने वाले दो उत्कृष्ट विद्यार्थियों को यह फेलोशिप प्रदान की जाएगी। प्रत्येक फेलोशिप के अंतर्गत दो वर्षों तक ₹2 लाख प्रतिवर्ष की वित्तीय सहायता दी जाएगी, जिससे चयनित विद्यार्थी अपनी विज्ञान शिक्षा और शोध गतिविधियों को आगे बढ़ा सकें। चयन शैक्षणिक उपलब्धियों, आर्थिक आवश्यकता, विविधता तथा साक्षात्कार में प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा।
डॉ. मनमोहन सिंह फेलोशिप के प्रथम प्राप्तकर्ताओं की घोषणा सितंबर 2026 में आई.आई.एस.ई.आर. मोहाली के स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर की जाएगी। यह अवसर विशेष रूप से महत्वपूर्ण होगा क्योंकि ठीक बीस वर्ष पूर्व, सितंबर 2006 में, डॉ. मनमोहन सिंह ने संस्थान की आधारशिला रखी थी।
ये सम्मान आई.आई.एस.ई.आर. मोहाली के लिए विशेष महत्व रखते हैं क्योंकि संस्थान का इतिहास डॉ. मनमोहन सिंह की विज्ञान शिक्षा संबंधी दूरदर्शी सोच से गहराई से जुड़ा हुआ है। डॉ. मनमोहन सिंह ने 26 सितंबर 2006 को आई.आई.एस.ई.आर. मोहाली की आधारशिला रखी थी और संस्थान को मोहाली में स्थापित करने में निर्णायक भूमिका निभाई थी। बाद में पंजाब सरकार ने नॉलेज सिटी परियोजना के अंतर्गत मोहाली में 381 एकड़ भूमि अधिग्रहित की, जहां आज आई.आई.एस.ई.आर. मोहाली स्थित है।
डॉ. मनमोहन सिंह का योगदान केवल आई.आई.एस.ई.आर. मोहाली तक सीमित नहीं था, बल्कि समूचे आई.आई.एस.ई.आर. संस्थानों की स्थापना में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। उच्च गुणवत्ता वाली स्नातक शिक्षा को अग्रणी वैज्ञानिक अनुसंधान से जोड़ने वाले विशेष संस्थानों की स्थापना की अवधारणा को प्रारंभिक चरण से ही उनका पूर्ण समर्थन प्राप्त था। आज आई.आई.एस.ई.आर. संस्थान भारत में विज्ञान शिक्षा और अनुसंधान की सबसे सफल पहलों में से एक माने जाते हैं और देशभर में वैज्ञानिकों एवं विद्वानों की नई पीढ़ियों को तैयार कर रहे हैं।
इन पुरस्कारों और फेलोशिप की स्थापना का निर्णय इस वर्ष अप्रैल में डॉ. मनमोहन सिंह की पुत्रियों, प्रख्यात इतिहासकार प्रो. उपिंदर सिंह तथा प्रसिद्ध लेखिका सुश्री दमन सिंह, जो दोनों डॉ. मनमोहन सिंह ट्रस्ट की ट्रस्टी हैं, के आई.आई.एस.ई.आर. मोहाली दौरे के बाद लिया गया। इस यात्रा के दौरान डॉ. मनमोहन सिंह के संस्थान से गहरे संबंधों को स्थायी रूप से स्मरणीय बनाने तथा शिक्षा, वैज्ञानिक चिंतन और शैक्षणिक उत्कृष्टता के प्रति उनकी आजीवन प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाने के उपायों पर विस्तृत चर्चा हुई।
इस पहल का स्वागत करते हुए आई.आई.एस.ई.आर. मोहाली के निदेशक प्रो. अनिल कुमार त्रिपाठी ने कहा: “डॉ. मनमोहन सिंह एक दूरदर्शी थे। विज्ञान शिक्षा को उत्कृष्टता के सर्वोच्च मानकों के साथ आगे बढ़ाने में उनका गहरा विश्वास था, और यही आदर्श आई.आई.एस.ई.आर. मोहाली प्रतिदिन आत्मसात करने का प्रयास करता है। डॉ. मनमोहन सिंह ट्रस्ट द्वारा स्थापित ये पुरस्कार और फेलोशिप आने वाली पीढ़ियों के विद्यार्थियों को इसी आदर्श की ओर प्रेरित करेंगे। हमें गर्व है कि डॉ. सिंह की स्मृति को समर्पित इस महत्वपूर्ण पहल का केंद्र आई.आई.एस.ई.आर. मोहाली बना है।”
आई.आई.एस.ई.आर. मोहाली के 15वें दीक्षांत समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. ए. एस. किरण कुमार, प्रख्यात अंतरिक्ष वैज्ञानिक तथा भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के पूर्व अध्यक्ष होंगे। डॉ. किरण कुमार ने भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम के एक महत्वपूर्ण दौर का नेतृत्व किया और मंगलयान (मार्स ऑर्बिटर मिशन) सहित अनेक ऐतिहासिक अंतरिक्ष अभियानों के संचालन में प्रमुख भूमिका निभाई।

