ब्रेकिंग न्यूज़
श्री गुरु नानक देव के शादी पर्व से पहले फाड़ें होर्डिंग्स, राजनीतिक दलों ने की कार्रवाई की मांग

बटाला / सत्ता संदेश

रिपोर्ट: लकी सिंह

श्री गुरु नानक देव जी और माता सुलखनी जी की शादी की सालगिरह 18 सितंबर को बटाला में मनाई जानी है। इस ऐतिहासिक आयोजन से पहले शहर में लगाए गए सैकड़ों होर्डिंग्स को देर रात किसी शरारती तत्व ने फाड़ दिया। घटना के बाद राजनीतिक दलों में रोष देखने को मिला है।

जानकारी के मुताबिक, अलग-अलग राजनीतिक पार्टियों की ओर से शहर के बाहर से आने वाली संगत और श्रद्धालुओं का स्वागत करने तथा उन्हें शादी पर्व की बधाई देने के लिए विभिन्न स्थानों पर होर्डिंग्स लगाए गए थे। इन होर्डिंग्स पर श्री गुरु नानक देव जी और माता सुलखनी जी के नाम भी अंकित थे।

देर रात अज्ञात शरारती तत्वों ने इन होर्डिंग्स को फाड़ दिया। घटना की जानकारी सामने आने के बाद विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने इस हरकत की निंदा की और मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की।

राजनीतिक दलों ने एकमत होकर कहा कि धार्मिक भावनाओं से जुड़े इन होर्डिंग्स को फाड़ना बेहद गंभीर मामला है। उन्होंने मांग की कि पुलिस इस घटना को लेकर बेअदबी का मामला दर्ज करे और जिस व्यक्ति या लोगों ने यह हरकत की है, उनकी पहचान कर उन्हें कानून के दायरे में लाया जाए।

नेताओं ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी और माता सुलखनी जी के शादी पर्व का बटाला के इतिहास और धार्मिक परंपराओं में विशेष महत्व है। ऐसे पवित्र आयोजन से पहले इस तरह की हरकत माहौल खराब करने का प्रयास है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए।

उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान की जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो।