ब्रेकिंग न्यूज़
राजासांसी में दर्दनाक सड़क हादसा, दो बच्चों के पिता की मौत

राजासांसी / सत्ता संदेश

राजासांसी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कुकरावाला के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो बच्चों के पिता बिक्रमजीत सिंह की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब वह राजासांसी से काम खत्म करके मोटरसाइकिल पर अपने घर लौट रहा था।

जानकारी के अनुसार, बिक्रमजीत सिंह अपने कुछ साथियों के साथ राजासांसी में काम करने के लिए गया था। काम खत्म होने के बाद सभी लोग अपनी-अपनी मोटरसाइकिलों पर घर लौट रहे थे। इसी दौरान बिक्रमजीत सिंह अपने साथियों से कुछ आगे निकल गया और अकेले मोटरसाइकिल चला रहा था।

जब वह कुकरावाला के पास पहुंचा तो उसकी मोटरसाइकिल सड़क पर खड़ी एक लालटेन मशीन से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बिक्रमजीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बिक्रमजीत सिंह को इलाज के लिए सिविल अस्पताल अजनाला पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक के साथ काम करने वाले उसके साथी सुखबीर सिंह और अंग्रेज सिंह ने बताया कि वे सभी राजासांसी से काम करके घर लौट रहे थे। उनके मुताबिक, बिक्रमजीत सिंह उनसे आगे मोटरसाइकिल पर अकेला जा रहा था। कुकरावाला के पास सड़क पर खड़ी लालटेन मशीन से उसकी मोटरसाइकिल टकरा गई, जिसके बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि उन्हें बिक्रमजीत सिंह के सड़क हादसे में घायल होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल के मुर्दाघर में रखवा दिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

हादसे की खबर से मृतक के परिवार और गांव में शोक की लहर है।