अमृतपाल सिंह होंगे CM चेहरा, 2 डिप्टी CM बनाने का ऐलान: अकाली दल वारिस पंजाब दे
लुधियाना/सत्ता संदेश
अकाली दल “वारिस पंजाब दे” की ओर से सांसद भाई अमृतपाल सिंह को वर्ष 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों में मुख्यमंत्री पद का चेहरा बनाया जाएगा और दो उपमुख्यमंत्री भी बनाए जाएंगे। यह घोषणा पार्टी के सरपरस्त बापू तरसेम सिंह ने लुधियाना में आयोजित विशाल पंथक एकत्रता को संबोधित करते हुए की।
आज पार्टी को लुधियाना में भारी समर्थन मिला, जब बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी के साथ लुधियाना के मुंडियां कला, 33 फुटा रोड पर एक विशाल पंथक एकत्रता का आयोजन किया गया। पार्टी के वरिष्ठ नेता गुरप्रीत सिंह सोनू द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में संगठन के सरपरस्त बापू तरसेम सिंह मुख्य अतिथि रहे। भारी भीड़ यह संकेत दे रही थी कि राज्य के लोग 2027 विधानसभा चुनावों में एक पंथक सरकार चाहते हैं।
इस अवसर पर संबोधित करते हुए, बापू तरसेम सिंह ने कहा कि भाई अमृतपाल सिंह पार्टी की ओर से विधानसभा चुनावों में मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे और दो उपमुख्यमंत्री बनाए जाएंगे, जो हिंदू और दलित समुदाय से होंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी समाज के सभी वर्गों की भागीदारी में विश्वास रखती है। उन्होंने कहा कि पंजाब को नशे, गैंगस्टरवाद, लूटपाट और बेरोजगारी जैसी समस्याओं से छुटकारा दिलाने के लिए अकाली दल “वारिस पंजाब दे” को सत्ता में लाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि लोग सांसद भाई अमृतपाल सिंह की अगुवाई में राज्य में अगली सरकार बनते देखना चाहते हैं।
इस दौरान उन्होंने लोकलुभावने वादे करके सत्ता में आने वाली पार्टियों पर भी तंज कसते हुए कहा कि अब लोगों का उनसे मोहभंग हो चुका है। उन्होंने कार्यक्रम के आयोजक गुरप्रीत सिंह सोनू और स्थानीय नेतृत्व की भी सराहना की।
वहीं पर, अपने संबोधन में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं परमजीत सिंह जौहल, प्रिथीपाल सिंह बटाला, राजीव कुमार लवली, संदीप सिंह रुपालों और गुरप्रीत सिंह सोनू आदि ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों की भीड़ साफ तौर पर दिखा रही है कि 2027 विधानसभा चुनावों में पंजाब में पंथक पार्टी की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि लोग भाई अमृतपाल सिंह को राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहते हैं, जिन्होंने नशे की गंभीर समस्या समेत अन्य सामाजिक मुद्दों के खिलाफ जोरदार आवाज उठाई। इसी कारण बड़ी संख्या में लोगों ने उन्हें वोट देकर सांसद बनाया। उन्होंने कहा कि सरकारों की कोशिशों के बावजूद लोगों का अकाली दल “वारिस पंजाब दे” के प्रति समर्थन लगातार बढ़ रहा है।
इस अवसर पर अन्य लोगों के अलावा, एडवोकेट इंदरजीत सिंह, जसबीर सिंह लुधियाना, शुभम शर्मा, जसवंत सिंह चीमा, रोशन सिंह सागर, संदीप रुपालो, सुरजीत सिंह, गुरविंदर सिंह, परमिंदर सिंह, कमलजीत सिंह, जुगराज सिंह, नरेंद्र सिंह, मनजिंदर पाल सिंह, गुरलाल सिंह, लखविंदर सिंह, जगरूप सिंह, किरपाल सिंह, प्रगट सिंह और अवतार सिंह भी मौजूद रहे।

