ब्रेकिंग न्यूज़
3 पंजाब बटालियन एनसीसी द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर विभिन्न शिक्षण संस्थानों में सामूहिक योग सत्रों का आयोजन

लुधियाना / सत्ता संदेश

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर 3 पंजाब बटालियन एनसीसी, लुधियाना द्वारा अपने कार्यक्षेत्र के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में बड़े पैमाने पर योग सत्रों का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य युवाओं में स्वास्थ्य, फिटनेस एवं समग्र कल्याण को बढ़ावा देना था।

मुख्य कार्यक्रम गुरु नानक देव इंजीनियरिंग कॉलेज, लुधियाना में आयोजित किया गया, जिसमें 530 एनसीसी कैडेटों ने उत्साहपूर्वक सामूहिक योग सत्र में भाग लिया। यह कार्यक्रम कर्नल अजय कोहली, कमांडिंग ऑफिसर, 3 पंजाब बटालियन एनसीसी, लुधियाना के संरक्षण में आयोजित किया गया, जिसमें कर्नल जे.पी. शर्मा, प्रशासनिक अधिकारी तथा सूबेदार मेजर कर्नैल सिंह भी उपस्थित रहे।

कैडेटों को संबोधित करते हुए कर्नल अजय कोहली ने शारीरिक फिटनेस, मानसिक दृढ़ता तथा भावनात्मक संतुलन बनाए रखने हेतु योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि योग भारत की विश्व को अमूल्य देन है तथा अनुशासित एवं स्वस्थ नाकों के निर्माण में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है।

मुख्य कार्यक्रम के अतिरिक्त सात अन्य स्थानों पर भी योग सत्रों का एक साथ आयोजन किया गया, जिनमें कुल 1,288 एनसीसी कैडेटों ने भाग लिया। प्रशिक्षित प्रशिक्षकों एवं एनसीसी स्टाफ के मार्गदर्शन में कैडेटों ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया।

यह कार्यक्रम युवाओं में स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने तथा योग के लाभों के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए एनसीसी की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। कार्यक्रम का समापन कैडेटों द्वारा नियमित रूप से योग करने तथा अन्य लोगों को भी स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने की शपथ के साथ हुआ