ब्रेकिंग न्यूज़
देशभर में मेडिकल स्टोर बंद, मरीजों को भारी परेशानी का सामना

अमृतसर / सत्ता संदेश

ऑनलाइन फार्मेसी और नई नीति के विरोध में केमिस्टों की हड़ताल

अमृतसर की दवा मंडी समेत पंजाबभर में मेडिकल दुकानों पर लगे ताले

केमिस्ट एसोसिएशन की चेतावनी — मांगें नहीं मानी गईं तो संघर्ष होगा तेज

देशभर में आज मेडिकल स्टोर और दवाइयों की दुकानों के बंद रहने से आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। मरीजों और उनके परिजनों को जरूरी दवाइयों के लिए इधर-उधर भटकना पड़ा, लेकिन ज्यादातर मेडिकल स्टोर बंद होने के कारण लोगों को निराश होकर वापस लौटना पड़ा। कई जगहों पर लोग मेडिकल स्टोरों के बाहर खड़े नजर आए, लेकिन बंद होने के कारण उन्हें दवाइयां नहीं मिल सकीं।

पंजाब के अमृतसर में भी इस बंद का बड़ा असर देखने को मिला। अमृतसर के कटड़ा शेर सिंह इलाके, जिसे दवाइयों की सबसे बड़ी होलसेल मार्केट माना जाता है, वहां पूरी तरह सन्नाटा पसरा रहा। अमृतसर केमिस्ट एसोसिएशन द्वारा पहले ही बंद का ऐलान किया गया था, जिसके चलते शहर की लगभग सभी मेडिकल दुकानें बंद रहीं। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि यह बंद रात 12 बजे तक जारी रहेगा।

मीडिया से बातचीत करते हुए अमृतसर केमिस्ट एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी मनजीत सिंह ने बताया कि यह हड़ताल पंजाब केमिस्ट एसोसिएशन और ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ ड्रगिस्ट्स के आह्वान पर की गई है। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन फार्मेसी कंपनियां भारी छूट देकर दवाइयां बेच रही हैं, जिससे छोटे दुकानदारों का कारोबार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। उनका कहना था कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर बिना उचित जांच के दवाइयां बेची जा रही हैं, जिससे नकली दवाइयों का खतरा भी बढ़ रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि पंजाब सरकार द्वारा लाई जा रही नई नीतियों के कारण आने वाले समय में केमिस्टों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा। एसोसिएशन के मुताबिक ऑनलाइन नेशनल ड्रग लाइसेंस पोर्टल में भी कई तकनीकी खामियां हैं, जिससे दुकानदार परेशान हैं।

वहीं अमृतसर केमिस्ट एसोसिएशन के वाइस प्रधान अमरदीप सिंह ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के जरिए फर्जी प्रिस्क्रिप्शन तैयार कर ऑनलाइन दवाइयां बेची जा रही हैं, जो लोगों की सेहत के लिए खतरनाक साबित हो सकती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर नकली दवाइयों की सप्लाई भी आसानी से हो रही है, इसलिए केमिस्ट इसके विरोध में आवाज उठा रहे हैं।

एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि अगर सरकार ने उनकी मांगों की ओर ध्यान नहीं दिया तो आने वाले समय में संघर्ष को और तेज किया जाएगा। अगले महीने ऑल इंडिया स्तर पर बैठक की जाएगी, जिसमें आगे की रणनीति तय की जाएगी। फिलहाल देशभर में मेडिकल स्टोर बंद रहने से मरीजों और आम लोगों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

बाइट — केमिस्ट एसोसिएशन के वाइस प्रधान अमरदीप सिंह

बाइट — अमृतसर केमिस्ट एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी मनजीत सिंह

पीजीआईएमईआर में 20 अप्रैल से न्यूरोलॉजी एवं न्यूरोसर्जरी ओपीडी एडवांस्ड न्यूरोसाइंस सेंटर में शिफ्ट होंगी

“रोगी देखभाल को बेहतर बनाने और क्लिनिकल दक्षता को सुव्यवस्थित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम” : प्रो. विवेक लाल, निदेशक, पीजीआईएमईआर

चंडीगढ़, 17 2026: अप्रैल पीजीआईएमईआर, चंडीगढ़ ने घोषणा की है कि न्यूरोलॉजी और न्यूरोसर्जरी (न्यूरोसर्जरी ट्रॉमा ओपीडी को छोड़कर) की बाह्य रोगी सेवाएं (ओपीडी) 20 अप्रैल 2026 से एडवांस्ड न्यूरोसाइंसेज सेंटर के लेवल-2 पर (एसबीआई बैंक और गोल मार्केट के पास) संचालित होंगी।

इस परिवर्तन को सुगम बनाने के लिए ये सेवाएं 18 अप्रैल 2026 की दोपहर के बाद न्यू ओपीडी ब्लॉक से बंद कर दी जाएंगी।

इस बदलाव को रोगी देखभाल और क्लिनिकल दक्षता को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताते हुए पीजीआईएमईआर के निदेशक प्रो. विवेक लाल ने कहा,“यह केवल स्थान परिवर्तन नहीं, बल्कि न्यूरोलॉजिकल देखभाल प्रदान करने के तरीके में एक परिवर्तनकारी कदम है। एडवांस्ड न्यूरोसाइंस सेंटर में परामर्श, जांच और उन्नत उपचार सुविधाओं को एकीकृत करके हम एक रोगी-केंद्रित प्रणाली विकसित कर रहे हैं, जो विलंब को कम करती है, उपचार के परिणामों को बेहतर बनाती है और मरीजों को अधिक सहज अनुभव प्रदान करती है। यह कदम सुपर-स्पेशलिटी स्वास्थ्य सेवाओं में नए मानक स्थापित करने की पीजीआईएमईआर की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।”

ओपीडी के समय और कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं किया गया है।न्यूरोलॉजी ओपीडी सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को संचालित होंगी, जबकि गुरुवार को विशेष क्लिनिक (सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक) लगेगा।न्यूरोसर्जरी ओपीडी मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को पूर्ववत संचालित होंगी, जिनका सामान्य समय सुबह 8:00 बजे से 11:00 बजे तक रहेगा।

मरीज और उनके परिजन पीजीआईएमईआर, चंडीगढ़ के गेट नंबर 3 से एडवांस्ड न्यूरोसाइंसेज सेंटर में प्रवेश कर सकते हैं। आगंतुकों के मार्गदर्शन और सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।

सभी संबंधित पक्षों से अनुरोध है कि इस परिवर्तन का संज्ञान लें और सहयोग प्रदान करें।