ब्रेकिंग न्यूज़
Air India Flights: सऊदी अरब के 3 शहरों की उड़ानें 24 अक्टूबर तक बंद, यात्रियों को मिलेगा रिफंड

Air India Flights Suspended: एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस ने जेद्दा, रियाद और दमाम की उड़ानें 24 अक्टूबर 2026 तक निलंबित कीं। यात्रियों को री-बुकिंग और रिफंड का विकल्प मिलेगा।

दिल्ली / सत्ता संदेश

एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस ने मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए सऊदी अरब के तीन प्रमुख शहरों जेद्दा, रियाद और दमाम से आने-जाने वाली उड़ानों को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है। एयरलाइन की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, यह रोक 24 अक्टूबर 2026 तक लागू रहेगी। इस फैसले से प्रभावित यात्रियों को टिकट री-बुकिंग, वैकल्पिक शहरों से यात्रा और रिफंड का विकल्प दिया गया है।

15 अक्टूबर तक टिकट बुक कराने वालों को राहत

एअर इंडिया के मुताबिक, जिन यात्रियों के कन्फर्म टिकट 15 अक्टूबर 2026 या उससे पहले जारी हुए हैं और जिनकी यात्रा 9 से 25 अक्टूबर 2026 के बीच निर्धारित है, वे पात्र बुकिंग पर 10 नवंबर 2026 तक एक बार बिना अतिरिक्त शुल्क के यात्रा की तारीख बदलवा सकते हैं। एयरलाइन ने कहा है कि वह प्रभावित यात्रियों की परेशानी कम करने के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास कर रही है।

दूसरे शहरों से यात्रा करने का विकल्प

उड़ानें प्रभावित होने के कारण यात्रियों को खाड़ी क्षेत्र के कुछ अन्य शहरों से यात्रा की री-बुकिंग कराने का विकल्प भी दिया गया है। उपलब्धता के आधार पर एअर इंडिया के यात्री दुबई या दोहा से आने-जाने वाली उड़ानों का विकल्प चुन सकते हैं।

वहीं, एअर इंडिया एक्सप्रेस के यात्री अबू धाबी, अल ऐन, बहरीन, दोहा, दुबई, कुवैत, मस्कट, रास अल खैमाह, सलालाह या शारजाह से उड़ानों की री-बुकिंग करा सकते हैं।

हालांकि, वैकल्पिक शहर से यात्रा करने वाले यात्रियों को संबंधित शहर तक पहुंचने की व्यवस्था खुद करनी होगी। इसके अलावा, उन्हें संबंधित देश के वीजा और प्रवेश नियमों का पालन करना होगा।

उड़ान रद्द होने पर मिलेगा पूरा रिफंड

एयरलाइन ने स्पष्ट किया है कि जिन यात्रियों की उड़ानें रद्द हुई हैं, वे यात्रा नहीं करने की स्थिति में पूरा रिफंड लेने का विकल्प चुन सकते हैं। री-बुकिंग और रिफंड से संबंधित सहायता के लिए एयरलाइन के संपर्क केंद्रों और बुकिंग कार्यालयों से संपर्क किया जा सकता है।

एअर इंडिया ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे एयरपोर्ट के लिए रवाना होने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति की पुष्टि संबंधित एयरलाइन से जरूर कर लें। कंपनी ने यह भी कहा है कि वह मौजूदा परिस्थितियों पर नजर रख रही है और जरूरत पड़ने पर आगे की जानकारी साझा करेगी।