ब्रेकिंग न्यूज़
समराला में 29 दिन बाद खत्म हुई सफाई कर्मचारियों की हड़ताल, वेतन बढ़ोतरी के बाद शुरू हुआ सफाई अभियान

समराला / सत्ता संदेश

Report : परमिंदर वर्मा, समराला

समराला में 29 दिनों से जारी सफाई कर्मचारियों की हड़ताल वेतन बढ़ोतरी के बाद समाप्त हो गई। नगर काउंसिल ने कर्मचारियों का स्वागत किया, शहर में फिर शुरू हुई सफाई।

समराला शहरवासियों के लिए राहत भरी खबर है। पिछले 29 दिनों से जारी सफाई कर्मचारियों की हड़ताल आखिरकार समाप्त हो गई है। पंजाब सरकार द्वारा कर्मचारियों के वेतन में बढ़ोतरी किए जाने के बाद सफाई कर्मचारी काम पर लौट आए हैं और पूरे शहर में दोबारा सफाई अभियान शुरू कर दिया गया है।

हड़ताल समाप्त होने के बाद नगर काउंसिल समराला के प्रधान लाला मंगत राय ने सफाई कर्मचारियों का मुंह मीठा करवाकर उनका स्वागत किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने कर्मचारियों की जायज मांगों को स्वीकार करते हुए उनके वेतन में वृद्धि की है। इसके साथ ही शहर की सफाई व्यवस्था एक बार फिर सामान्य होने लगी है।

सफाई कर्मचारी यूनियन समराला के प्रधान मास्टर सुरिंदर कुमार ने बताया कि कच्चे सफाई कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर पिछले 29 दिनों से हड़ताल पर थे। इस दौरान शहरवासियों ने उनका पूरा सहयोग किया। उन्होंने कहा कि सरकार के सकारात्मक फैसले से कर्मचारियों को बड़ी राहत मिली है और सभी कर्मचारी इस निर्णय से संतुष्ट हैं।

कर्मचारियों ने भरोसा दिलाया कि वे पहले की तरह पूरी जिम्मेदारी और मेहनत के साथ शहर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए कार्य करेंगे। इस अवसर पर नगर काउंसिल प्रधान लाला मंगत राय, यूनियन प्रधान मास्टर सुरिंदर कुमार और महिला सफाई कर्मचारी भारती देवी ने भी अपने विचार साझा किए।

शहरवासियों को उम्मीद है कि सफाई व्यवस्था सामान्य होने से पिछले कई दिनों से जमा कचरे का जल्द निपटारा होगा और समराला फिर से स्वच्छ एवं साफ-सुथरा नजर आएगा।