‘सिक्किम पूर्वी भारत का स्वर्ग’, पीएम मोदी ने 50वें स्थापना दिवस पर सिक्किम को दी 4000 करोड़ की सौगात
गंगटोक, सत्ता संदेश
गंगटोक में पीएम मोदी का जोशीला अंदाज देखने को मिला, जहां विकास परियोजनाओं से पहले उन्होंने युवाओं के साथ फुटबॉल खेलकर माहौल को जोशीला कर दिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिक्किम में 4,000 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने सिक्किम को पूर्वी भारत का स्वर्ग बताते हुए प्रकृति प्रेमी पर्यटकों से राज्य के ऑर्किडेरियम का भ्रमण करने का आग्रह किया। उन्होंने यह भी कहा कि पर्यटन राज्य की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और सरकार का मुख्य फोकस यहां कनेक्टिविटी और आधारभूत ढांचे को मजबूत करना है।
50 साल पूरे होने पर 4000 करोड़ की विकास परियोजना की मिली सौगात
सिक्किम राज्य को 50 साल पूरे होने पर राज्य में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने 4000 करोड़ की सौगात दी। पीएम मोदी ने कई विकास परियोजनाओं का उद्धघाटन किया। इन परियोजनाओं में सड़क, स्वास्थय, शिक्षा, पर्यटन, कृषि जैसे कई क्षेत्र शामिल है। जो विभिन्न क्षेत्रों में बुनियादी ढ़ाचे और सुविधाओं को मजबूत करने में अहम कदम माना जा रहा है। यह दौरा हिमालयी राज्य के लिए एक महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है, जो आने वाले समय में विकास की नई दिशा तय कर सकता है। सरकारी अधिकारियों के मुताबिक इन परियोजनाओं का उद्देश्य सिक्किम में समग्र और समावेशी विकास को गति देना है।
ऑर्किडेरियम का दौरा और आधुनिक पार्क की झलक
पीएम मोदी ने स्वर्णजयंती मैत्री मंजरी पार्क स्थित ऑर्किडेरियम का दौरा किया। यह पार्क विश्वस्तरीय ऑर्किड अनुभव केंद्र के रुप में विकसित किया गया है। जिसे सिक्किम की प्राकृतिक खूबसूरती और जैव विविधता का प्रतीक माना जा रहा है। इसके बाद प्रधानमंत्री पलजोर स्टेडियम में आयोजित मुख्य समारोह में शामिल हुए। जहां उन्होंने विकास परियोजनाओं का उद्घाटन कर जनता को संबोधित किया।

