ब्रेकिंग न्यूज़
फारूक अब्दुल्ला पर गोली चलाने वाले व्यक्ति के बारे में जानकारी जुटा रही है पुलिस

जम्मू, 12 मार्च (भाषा) जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला की हत्या का प्रयास करने के आरोपी कमल सिंह जामवाल के बारे में पुलिस पूरी जानकारी एकत्र कर रही है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि गोलीबारी की घटना का मकसद क्या था इसका पता लगाने के लिए वह 63 वर्षीय जामवाल के निजी, सामाजिक और संभावित संगठनात्मक संबंधों सहित उसकी पृष्ठभूमि की जांच कर रही है।

नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के अध्यक्ष अब्दुल्ला बुधवार रात को जम्मू के बाहरी इलाके ग्रेटर कैलाश में एक विवाह समारोह से निकलते समय उस वक्त बाल-बाल बच गए जब आरोपी ने कथित तौर पर उन पर पीछे से गोली चला दी।

अब्दुल्ला के साथ तैनात सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए हत्या के प्रयास को विफल कर दिया। जामवाल के पास से कथित तौर पर अपराध में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी पिस्तौल बरामद की गई।

घटना के वक्त उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के सलाहकार नासिर असलम वानी भी नेकां प्रमुख के साथ मौजूद थे।

जम्मू के पुरानी मंडी निवासी जामवाल ने पुलिस को बताया कि वह पिछले 20 वर्षों से अब्दुल्ला को निशाना बनाने की ताक में था। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस हमले से पहले उसकी गतिविधियों की भी जांच कर रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारी फिलहाल जामवाल से पूछताछ कर रहे हैं। जामवाल ने जांच अधिकारियों को बताया कि वह अपनी दुकानों से प्राप्त किराए से अपनी आजीविका चलाता है।

अधिकारियों ने कहा कि कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी हथियार लेकर समारोह में प्रवेश करने में कैसे कामयाब रहा।

इस बीच, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता जहांजैब सिरवाल ने अब्दुल्ला पर हुए हमले की निंदा करते हुए कहा, ‘‘हिंसा के ऐसे कृत्य अस्वीकार्य हैं तथा एक लोकतांत्रिक और सभ्य समाज में इनकी कोई जगह नहीं है।’’

सिरवाल ने कहा, ‘‘आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। ऐसे में अधिकारियों को पूरी तरह से और पारदर्शी जांच सुनिश्चित करनी चाहिए ताकि हमले के सभी तथ्य सामने आ सकें और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जा सके।’’

फारूक अब्दुल्ला ने ईरान के उप-राजदूत से मुलाकात की, खामेनेई के निधन पर शोक व्यक्त किया

नयी दिल्ली, 10 मार्च (भाषा) जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला ने मंगलवार को यहां ईरानी उप-राजदूत मोहम्मद फथाली से मुलाकात की और ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई के निधन पर शोक व्यक्त किया।

तीस मिनट की बैठक के दौरान, अब्दुल्ला ने आशा व्यक्त की कि युद्ध जल्द ही समाप्त हो जाएगा और लोगों को कष्टों से मुक्ति मिलेगी।

ईरान के लोगों के प्रति एकजुटता व्यक्त करते हुए अब्दुल्ला ने कहा कि न केवल यह क्षेत्र पीड़ित है, बल्कि पूरी दुनिया भी एक अवांछित संकट में घिरी हुई है।

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने आगंतुक पुस्तिका में यह भी लिखा, ‘‘मेरी प्रार्थनाएं और एकजुटता ईरान के लोगों के साथ है।’’

उनके साथ जम्मू-कश्मीर से राज्यसभा सदस्य चौधरी मोहम्मद रमजान, सज्जाद अहमद किचलू और गुरविंदर सिंह ओबेरॉय भी थे।

पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष को मंगलवार को ग्यारह दिन हो गए।