ब्रेकिंग न्यूज़
नाभा में नशा तस्करों पर पुलिस का शिकंजा, ककराला और साधोहेड़ी में छापेमारी

नाभा में ऑपरेशन कासो के तहत पुलिस ने गांव ककराला, साधोहेड़ी और बाजीगर बस्ती में छापेमारी की। एसपी राजेश छिब्बर और डीएसपी गुरिंदर सिंह बल के नेतृत्व में तलाशी अभियान चलाया गया। पुलिस ने कई कथित नशा तस्करों की गिरफ्तारी का दावा किया।

नाभा / सत्ता संदेश

रिपोर्ट : चेतन मेहता

पंजाब में नशा तस्करी पर लगाम लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में नाभा में एसपी पटियाला राजेश छिब्बर और डीएसपी नाभा गुरिंदर सिंह बल के नेतृत्व में भारी पुलिस बल ने नशे के हॉटस्पॉट माने जाने वाले कई इलाकों में अचानक छापेमारी की। पुलिस की यह कार्रवाई ऑपरेशन कासो के तहत की गई।

पुलिस टीमों ने गांव ककराला, गांव साधोहेड़ी और नाभा की बाजीगर बस्ती सहित विभिन्न इलाकों में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान कई घरों की तलाशी लेने के साथ-साथ संदिग्ध मोटरसाइकिलों की भी जांच की गई। पुलिस अधिकारियों ने दावा किया कि इस कार्रवाई के दौरान कई कथित नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

एसपी पटियाला राजेश छिब्बर और डीएसपी नाभा गुरिंदर सिंह बल ने बताया कि नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। ऑपरेशन कासो के तहत संवेदनशील इलाकों में अचानक छापेमारी की जा रही है, ताकि नशे के कारोबार पर अंकुश लगाया जा सके और तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कार्रवाई केवल चिन्हित हॉटस्पॉट तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि अन्य इलाकों में भी अचानक जांच और छापेमारी की जाएगी। हालांकि, पंजाब में नशे की समस्या अब भी एक बड़ी चुनौती बनी हुई है। ऐसे में पुलिस की इन कार्रवाइयों का असर नशा तस्करी पर कितना पड़ता है, यह आने वाले समय में देखने वाली बात होगी।