वृंदावन नाव हादसा: जगराओं के पीड़ित परिवारों से मिले सुखबीर बादल
पंजाब डेस्क : उत्तर प्रदेश के वृंदावन में हुए दर्दनाक नाव हादसे के बाद लुधियाना जिले के जगराओं शहर में मातम का माहौल है। इस हादसे में जगराओं के एक ही परिवार के 4 सदस्यों सहित कुल 6 लोगों की जान चली गई थी। इसी दुख की घड़ी में शिरोमणि अकाली दल (SAD) के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल पीड़ित परिवारों से मिलने जगराओं पहुंचे और उन्हें सांत्वना दी।
यूपी सरकार और सुरक्षा इंतजामों पर सवाल : सुखबीर बादल ने इस घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए उत्तर प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली पर कड़े सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि नदियों और तेज बहाव वाले जलाशयों में चलने वाली नावों में सेफ्टी जैकेट अनिवार्य होनी चाहिए। बादल ने आरोप लगाया कि इस तरह के हादसों में सामने आने वाली लापरवाहियां सरकार की बड़ी नाकामी को दर्शाती हैं और कानून को सख्ती से लागू करने की जरूरत है।
मुआवजे की मांग: ₹2 लाख को बताया कम केंद्र सरकार द्वारा मृतक परिवारों के लिए घोषित 2 लाख रुपये के मुआवजे पर प्रतिक्रिया देते हुए बादल ने इसे “बेहद कम” बताया। उन्होंने मांग की कि पंजाब सरकार अपनी चुप्पी तोड़े और पीड़ित परिवारों को कम से कम 50 लाख रुपये प्रति व्यक्ति की आर्थिक सहायता प्रदान करे।
अकाली दल के नेता रहे मौजूद: इस मुलाकात के दौरान सुखबीर बादल के साथ हल्का इंचार्ज कलेर, पूर्व चेयरमैन कमलजीत सिंह मल्ला और कई अन्य वरिष्ठ अकाली नेता व पदाधिकारी भी मौजूद रहे, जिन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

