ब्रेकिंग न्यूज़
अमृतसर में SHO समेत चार के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज

अमृतसर/ सत्ता संदेश

अमृतसर में एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें मौजूदा SHO और उसके साथियों के खिलाफ एक व्यक्ति के अपहरण के आरोप में केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने SHO प्रभजीत सिंह, रणबीर सिंह, जतिंदर सिंह और नछत्तर सिंह को नामजद किया है।

पीड़ित गुरपाल सिंह निवासी गांव झीते कला के बयान के आधार पर मामला दर्ज किया गया। आरोप है कि SHO प्रभजीत सिंह ने अपने साथियों की मदद से एक युवक का अपहरण करवाया। पुलिस ने SHO प्रभजीत सिंह को गिरफ्तार कर माननीय अदालत में पेश किया, जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया। बताया जा रहा है कि वह इस समय गोइंदवाल साहिब में तैनात है।

गुरपाल सिंह ने बताया कि अमृतसर अदालतों के बाहर से तीन व्यक्तियों ने उसे इनोवा कार में जबरन बैठाकर अगवा कर लिया। इसके बाद आरोपियों ने उसे नग्न कर बेरहमी से पीटा। पीड़ित के अनुसार, गोल्डन गेट के पास SHO प्रभजीत सिंह दूसरी गाड़ी में बैठकर गोइंदवाल साहिब चला गया, जबकि बाकी आरोपी उसे नागोके गांव के मक्के के खेतों में ले गए और वहां मारपीट की।

पीड़ित ने आगे बताया कि उसे गोइंदवाल थाने ले जाकर मुंशी के दफ्तर में भी पीटा गया और जबरन खाली कागजों पर हस्ताक्षर करवाए गए। उसने कहा कि यह पूरा मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा हुआ है।

गुरपाल सिंह के अनुसार, उसकी साढ़े पांच किल्ले जमीन का सौदा अल्फा सिटी के पीछे प्रति किल्ला 2 करोड़ रुपये में तजिंदर सिंह निवासी काजीकोट और उसके भाई नछत्तर सिंह के साथ हुआ था। इस सौदे के तहत तजिंदर सिंह ने 30 लाख रुपये बिना किसी लिखित समझौते के उसके खाते में डाले थे। बाद में जब वे रकम का इंतजाम नहीं कर पाए तो उन्होंने पैसे वापस मांगे, जिसे देने से गुरपाल सिंह ने इनकार कर दिया।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और अदालत से SHO का एक दिन का रिमांड हासिल किया गया है।