ब्रेकिंग न्यूज़
समराला की गलियों में आवारा कुत्तों का आतंक, 5 लोगों पर हमला; लोगों में दहशत

समराला शहर में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या से लोगों में डर का माहौल है। अलग-अलग इलाकों में 5 लोगों पर कुत्तों के हमले की जानकारी सामने आई है। लोगों ने प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग की।

समराला / सत्ता संदेश

रिपोर्ट : परमिंदर वर्मा

पंजाब के समराला शहर में बढ़ती आवारा कुत्तों की संख्या अब लोगों के लिए चिंता का बड़ा कारण बनती जा रही है। शहर के अलग-अलग इलाकों में आवारा कुत्तों द्वारा 5 लोगों पर हमला कर उन्हें घायल करने की जानकारी सामने आई है। लगातार सामने आ रहे मामलों के बाद स्थानीय लोगों में डर का माहौल है और प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग उठ रही है।

शहरवासियों के मुताबिक, समराला की लगभग हर गली और मोहल्ले में आवारा कुत्तों की संख्या बढ़ती जा रही है। खासकर सुबह और शाम के समय बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई जगहों पर कुत्तों के झुंड लोगों का पीछा करते हैं, जिससे वाहन चालकों के साथ सड़क हादसा होने का खतरा भी बना रहता है।

पीड़ित जसविंदर सिंह काला ने बताया कि आवारा कुत्तों के हमलों के कारण शहरवासियों को लगातार परेशानी झेलनी पड़ रही है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।

शहरवासी मनदीप सिंह मणि ने प्रशासन से मांग की कि आवारा कुत्तों की समस्या का कोई स्थायी समाधान निकाला जाए। उनका कहना है कि केवल शिकायतों के बाद अस्थायी कार्रवाई करने के बजाय कुत्तों की बढ़ती संख्या को नियंत्रित करने के लिए प्रभावी व्यवस्था बनाई जानी चाहिए।

समराला के पार्षद दीपक कश्यप ने भी इस समस्या को गंभीर बताते हुए संबंधित विभाग से जरूरी कार्रवाई करने की अपील की है। वहीं अस्पताल के डॉक्टर ने कुत्ते के काटने की स्थिति में घाव को तुरंत साफ करने और बिना देरी किए चिकित्सकीय उपचार लेने की सलाह दी है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि शहर में आवारा कुत्तों की संख्या को नियंत्रित करने के लिए जल्द अभियान चलाया जाए और संवेदनशील इलाकों में विशेष व्यवस्था की जाए, ताकि बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों को खतरे से बचाया जा सके।