ब्रेकिंग न्यूज़
कपूरथला : कीर्तन दरबार, जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गर्गज ने दिया एकता का संदेश

कपूरथला के गांव खोजेवाल स्थित सेंट्रल गुरुद्वारा साहिब में ‘सरबत दा भला’ को समर्पित विशाल कीर्तन दरबार आयोजित हुआ। जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गरगज्ज ने मानवता की सेवा, धार्मिक सद्भाव और श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को मिलकर मनाने का आह्वान किया।

कपूरथला / सत्ता संदेश

गांव खोजेवाल स्थित सेंट्रल गुरुद्वारा साहिब में ‘सरबत दा भला’ के संदेश को समर्पित विशाल कीर्तन दरबार श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी, प्रवासी भारतीयों और क्षेत्र के निवासियों के विशेष सहयोग से आयोजित इस धार्मिक समागम में श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार सिंह साहिब ज्ञानी कुलदीप सिंह गरगज्ज विशेष रूप से शामिल हुए।

गांव खोजेवाल पहुंचने पर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी, क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों और बड़ी संख्या में उपस्थित संगत ने जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गरगज्ज का गर्मजोशी से स्वागत किया। समागम के दौरान संगत ने गुरबाणी कीर्तन के माध्यम से गुरु साहिबान के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।

संगत को संबोधित करते हुए जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गरगज्ज ने कोरोना महामारी के कठिन समय को याद किया। उन्होंने कहा कि जब कोविड-19 के दौरान दुनिया भर में मुश्किल परिस्थितियां थीं और कई जगहों पर लोगों की आवाजाही सीमित हो गई थी, तब गुरुद्वारों ने मानवता की सेवा के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि सिख धर्म की सेवा, समानता और मानव कल्याण की भावना दुनिया भर के लोगों को प्रभावित कर रही है।

जत्थेदार ने यह भी कहा कि क्षेत्र में धर्म प्रचार की गतिविधियों को व्यापक स्तर पर शुरू किया जाएगा, ताकि गुरु साहिबान की शिक्षाओं और सिख धर्म के सिद्धांतों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जा सके।

समागम के दौरान जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गरगज्ज ने रविदासी समुदाय के प्रतिनिधियों के साथ विशेष मुलाकात कर विचार-विमर्श किया। उन्होंने कहा कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब में जिन गुरु साहिबान और भगतों की पावन बाणी दर्ज है, वे सभी समूची संगत के लिए आदरणीय हैं। उन्होंने आपसी सम्मान, एकता और धार्मिक सद्भाव का संदेश देते हुए गांव खोजेवाल में श्री गुरु रविदास जी के आगामी 650वें प्रकाश पर्व को सभी संगत के सहयोग से बड़े स्तर पर मनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर रविदासी समुदाय और सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी, खोजेवाल की ओर से जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गरगज्ज को सिरोपाओ और सम्मान चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।

समागम ने धार्मिक एकता, मानवता की सेवा और आपसी भाईचारे का संदेश दिया। इस दौरान संगत ने गुरु साहिबान की शिक्षाओं पर चलने तथा समाज में प्रेम और सद्भाव बनाए रखने का संकल्प व्यक्त किया।