ब्रेकिंग न्यूज़
सऊदी अरब में पंजाबी युवक को मौत की सजा, परिवार ने भारत सरकार से लगाई मदद की गुहार

नंगल / सत्ता संदेश

सऊदी अरब में नंगल के लोअर पट्टी गांव के रहने वाले पंजाबी युवक गुरप्रीत सिंह को मौत की सजा सुनाए जाने की जानकारी सामने आई है। परिवार ने भारत सरकार, भारतीय दूतावास और संबंधित अधिकारियों से मामले में हस्तक्षेप कर गुरप्रीत को कानूनी एवं कूटनीतिक सहायता उपलब्ध कराने की अपील की है।

परिवार के मुताबिक, गुरप्रीत सिंह करीब चार साल पहले नौकरी की तलाश में मस्कट गया था, जहां वह ट्रक ड्राइवर के तौर पर काम करता था। इसके बाद वह सऊदी अरब गया। परिवार का कहना है कि करीब दो साल पहले उसे सऊदी अरब में ड्रग तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।

परिवार को 25 सितंबर को गुरप्रीत को मौत की सजा सुनाए जाने की जानकारी मिली। इस खबर के बाद परिवार में चिंता का माहौल है।

परिवार के अनुसार, गुरप्रीत अपने परिवार का इकलौता बेटा है और उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका है। उसकी बुजुर्ग मां सतवंत कौर और अन्य परिजनों ने सरकार से मामले में तत्काल मदद की मांग की है।

परिवार ने स्थानीय विधायक के साथ-साथ सरबत दा भला चैरिटेबल ट्रस्ट के एसपी ओबेरॉय से भी सहायता की अपील की है। परिवार की मांग है कि गुरप्रीत को कानूनी सहायता उपलब्ध करवाने के साथ-साथ मामले में जरूरी कूटनीतिक प्रयास किए जाएं।

अब परिवार की नजर भारत सरकार और संबंधित अधिकारियों की अगली कार्रवाई पर है।