ब्रेकिंग न्यूज़
लुधियाना : CBI रेड के विरोध में AAP का प्रदर्शन, BJP ऑफिस के बाहर जमकर नारेबाजी

लुधियाना / सत्ता संदेश

दिनांक: 7 अक्टूबर 2026

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के OSD और उनसे जुड़े लोगों के ठिकानों पर हुई CBI की कार्रवाई के विरोध में आम आदमी पार्टी (AAP) के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बुधवार को लुधियाना में BJP कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन दाना मंडी, अरोड़ा पैलेस के पास स्थित BJP कार्यालय के बाहर किया गया।

प्रदर्शन में AAP जिला इंचार्ज जतिंदर सिंह खंगूरा, विधायक अशोक पराशर पप्पी, दलजीत सिंह भोला ग्रेवाल, कुलवंत सिंह सिद्धू, जीवन सिंह संगोवाल, हाकम सिंह ठेकेदार, लोकसभा इंचार्ज शरणपाल सिंह मक्कड़ और चेयरमैन हेमराज राजी समेत बड़ी संख्या में पार्टी नेता, कार्यकर्ता और वॉलंटियर शामिल हुए।

प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने BJP कार्यालय के आसपास बैरिकेडिंग कर सुरक्षा बढ़ा दी थी। AAP नेताओं ने CBI की कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार और BJP पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि केंद्रीय जांच एजेंसियों का इस्तेमाल पंजाब में राजनीतिक दबाव बनाने के लिए किया जा रहा है।

AAP नेताओं ने कहा कि BJP पंजाबियों को डराकर आगामी विधानसभा चुनाव नहीं जीत सकती। उन्होंने आरोप लगाया कि CBI की कार्रवाई का उद्देश्य मुख्यमंत्री भगवंत मान और उनकी सरकार की छवि को नुकसान पहुंचाना है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी CBI कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए इसे चुनाव से पहले केंद्रीय एजेंसियों के इस्तेमाल से जोड़कर देखा है।

प्रदर्शन के दौरान AAP कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और BJP के खिलाफ नारेबाजी की। दूसरी ओर, BJP कार्यकर्ताओं ने भी विरोध जताते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान का पुतला जलाया। पुलिस ने दोनों पक्षों के प्रदर्शन को देखते हुए इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी।

CBI की कार्रवाई को लेकर पंजाब में AAP और BJP के बीच राजनीतिक टकराव और तेज हो गया है। CBI की जांच मुख्यमंत्री के OSD राजबीर सिंह घुमन और अन्य लोगों से जुड़े कथित भ्रष्टाचार के मामले में हो रही है, जबकि AAP इस कार्रवाई को राजनीतिक दबाव बता रही है।