ब्रेकिंग न्यूज़
सुल्तानपुर लोधी : दिनदहाड़े दो घरों में चोरी, 2 लाख कैश और 3 सोने की अंगूठियां चोरी

सुल्तानपुर लोधी / सत्ता संदेश

पवित्र शहर सुल्तानपुर लोधी के घनी आबादी वाले इलाके में चोरों ने दिनदहाड़े दो घरों को निशाना बनाकर करीब 2 लाख रुपये की नकदी और 3 सोने की अंगूठियां चोरी कर लीं। एक ही इलाके में दो घरों में हुई चोरी की घटना के बाद लोगों में दहशत और रोष का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, सुखदेव सिंह अपने परिवार के साथ किसी रिश्तेदार से मिलने के लिए घर से बाहर गए हुए थे। उन्होंने बताया कि वह बुधवार दोपहर करीब 12 बजे घर से निकले थे। उनका बेटा इंग्लैंड से आया हुआ था और कुछ दिनों बाद वापस विदेश जाने वाला था। इसी के चलते परिवार श्री दरबार साहिब में माथा टेकने और रिश्तेदारों से मिलने गया था।

सुखदेव सिंह के मुताबिक, जब परिवार घर से बाहर था, उसी दौरान चोरों ने घर में दाखिल होकर करीब 1.5 लाख रुपये नकद और तीन सोने की अंगूठियां चोरी कर लीं। घर लौटने पर चोरी का पता चला तो परिवार के होश उड़ गए।

इसी दौरान पास में रहने वाली सुखविंदर कौर के घर को भी चोरों ने निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि चोर वहां से करीब 50 हजार रुपये की नकदी चोरी कर फरार हो गए। दोनों घरों को मिलाकर करीब 2 लाख रुपये नकद और तीन सोने की अंगूठियां चोरी होने की बात सामने आई है।

घनी आबादी वाले इलाके में दिनदहाड़े हुई चोरी की इस घटना से स्थानीय लोगों में पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। लोगों ने पुलिस प्रशासन से इलाके में पेट्रोलिंग बढ़ाने और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।

घटना की सूचना मिलते ही 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों घरों की जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल से जरूरी तथ्य जुटाए हैं और चोरों की पहचान के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल सकती है, जिससे आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिल सके।