ब्रेकिंग न्यूज़
अमृतसर के 88 फीट रोड पर देर रात फायरिंग, एक व्यक्ति घायल

कार सवार हमलावरों ने युवक को बनाया निशाना, इलाके में दहशत का माहौल

अमृतसर / सत्ता संदेश

अमृतसर शहर के 88 फीट रोड क्षेत्र में देर रात हुई फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। अज्ञात हमलावरों द्वारा की गई गोलीबारी में एक व्यक्ति घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पूरे इलाके में भय और दहशत का माहौल है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देर रात इलाके में सामान्य गतिविधियां चल रही थीं कि अचानक गोलियों की आवाज सुनाई दी। फायरिंग होते ही आसपास मौजूद लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि कुछ ही क्षणों में पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग डर के कारण दुकानों तथा घरों में छिप गए।

बताया जा रहा है कि हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

स्थानीय निवासियों और व्यापारियों ने घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि यदि गोली किसी राहगीर या अन्य व्यक्ति को लग जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। लोगों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और नियमित गश्त बढ़ाने की मांग की है।

मामले की जानकारी देते हुए सदर थाना अमृतसर के एसएचओ इंस्पेक्टर किरणदीप सिंह ने बताया कि फायरिंग की इस घटना में सिमरनजीत सिंह उर्फ बिल्ला नामक व्यक्ति घायल हुआ है। उन्होंने बताया कि घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है, जिसमें सिमरनजीत सिंह अपनी स्विफ्ट कार में जाता दिखाई दे रहा है, जबकि दो युवक पीछे से उस पर फायरिंग करते नजर आ रहे हैं।

पुलिस के अनुसार, मामले में सदर थाना अमृतसर में केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही हैं।

एसएचओ किरणदीप सिंह ने कहा कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज, वायरल वीडियो और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि घटना में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल घायल व्यक्ति का इलाज जारी है और पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।