ब्रेकिंग न्यूज़
लुधियाना दक्षिण : विकास को नई गति, विधायक राजिंदरपाल कौर छिना ने तीन जगह आरएमसी सड़कों का किया उद्घाटन

लुधियाना / सत्ता संदेश

लुधियाना दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में सड़क निर्माण से जुड़े विकास कार्यों को गति देते हुए विधायक राजिंदरपाल कौर छिना ने वार्ड नंबर 33 के अंतर्गत तीन अलग-अलग स्थानों पर आरएमसी (RMC) सड़क निर्माण कार्यों का उद्घाटन किया।

विधायक छिना ने हरगोबिंद नगर स्ट्रीट नंबर 10, करमजीत नगर और सुखदेव नगर स्ट्रीट नंबर 8 में सड़क निर्माण कार्यों की शुरुआत करवाई। इस दौरान स्थानीय निवासियों ने विधायक का आभार जताते हुए कहा कि लंबे समय से लंबित सड़क निर्माण की मांग अब पूरी हो रही है।

हरगोबिंद नगर की गली नंबर 10 के निवासियों के अनुसार, इस सड़क का निर्माण करीब 10 से 15 वर्षों से नहीं हुआ था। वहीं, करमजीत नगर के लोग भी लगभग 15 वर्षों से नई सड़क का इंतजार कर रहे थे। टूटी सड़कों के कारण लोगों को रोजाना आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता था। आरएमसी सड़क निर्माण शुरू होने से अब क्षेत्रवासियों को राहत मिलने की उम्मीद है।

वहीं, सुखदेव नगर स्ट्रीट नंबर 8 में पिछली सरकार के समय अधूरे छोड़े गए सड़क निर्माण कार्य को भी दोबारा शुरू किया गया है। यहां आरएमसी तकनीक के माध्यम से सड़क का निर्माण किया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान राजिंदर शर्मा और उनकी पूरी टीम के अलावा बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी मौजूद रहे।

विधायक राजिंदरपाल कौर छिना ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार जनता से किए गए वादों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि लुधियाना दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य करवाए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का समाधान करना, गलियों और सड़कों का विकास करना तथा लोगों को जरूरी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।

पूनम अरोड़ा ने संभाला PUNBUS की डायरेक्टर का चार्ज, यात्रियों की सुविधाओं पर रहेगा फोकस

लुधियाना / सत्ता संदेश

पूनम अरोड़ा ने पंजाब स्टेट बस स्टैंड मैनेजमेंट कंपनी (PUNBUS) की डायरेक्टर का चार्ज संभाल लिया है। नई जिम्मेदारी संभालने के बाद उन्होंने इस अवसर के लिए पंजाब सरकार का विशेष रूप से धन्यवाद किया।

ट्रांसपोर्ट विभाग के एडिशनल चीफ सेक्रेटरी अनुराग वर्मा IAS ने पूनम अरोड़ा को नई जिम्मेदारी संभालने पर बधाई दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि पूनम अरोड़ा के नेतृत्व में PUNBUS के कामकाज को और मजबूती मिलेगी।

इस अवसर पर PUNBUS के मैनेजिंग डायरेक्टर राजीव कुमार गुप्ता IAS भी मौजूद रहे। उन्होंने डायरेक्टर पूनम अरोड़ा को PUNBUS के कामकाज और विभिन्न व्यवस्थाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

पूनम अरोड़ा ने कहा कि वह अपनी नई जिम्मेदारी को पूरी मेहनत, ईमानदारी और लगन के साथ निभाएंगी। उन्होंने कहा कि PUNBUS पंजाब सरकार के पंजाब रोडवेज के तहत संचालित एक जानी-मानी और भरोसेमंद बस सेवा है। इसकी प्रतिष्ठा और भरोसे को बनाए रखने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि यात्रियों के सफर को अधिक सुविधाजनक और आरामदायक बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और दिव्यांग यात्रियों को बस यात्रा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए हर मुमकिन कोशिश की जाएगी।

लुधियाना : हैबोवाल में रेहड़ा चोरी के आरोप में व्यक्ति पकड़ा, मौके पर जुटी भीड़

लुधियाना / सत्ता संदेश

लुधियाना शहर में चोरी की वारदातों के बीच हैबोवाल डेयरियों के पास एक व्यक्ति को कथित तौर पर रेहड़ा चोरी करने के आरोप में स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ लोगों द्वारा पकड़े गए व्यक्ति के साथ कथित तौर पर मारपीट किए जाने की बात भी सामने आई है।

जानकारी के मुताबिक, स्थानीय लोगों ने व्यक्ति पर रेहड़ा चोरी करने का आरोप लगाया और उसे मौके पर पकड़ लिया। इसके बाद देखते ही देखते वहां काफी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। स्थिति को लेकर इलाके में हंगामे का माहौल बन गया।

हालांकि, रेहड़ा चोरी के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पूरे मामले की वास्तविक स्थिति पुलिस जांच और पकड़े गए व्यक्ति से पूछताछ के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में भी चिंता का माहौल है। लोगों का कहना है कि इलाके में चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए पुलिस को प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए।

25 साल के हरजिंदर सिंह की हत्या के बाद हाईवे जाम, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े परिजन

लुधियाना / सत्ता संदेश

Report : गुरमीत सिंह

लुधियाना के टिब्बा रोड स्थित स्वतंत्र नगर इलाके में शुक्रवार रात हुई अंधाधुंध फायरिंग में 25 वर्षीय हरजिंदर सिंह की हत्या के बाद परिवार और स्थानीय लोगों का गुस्सा भड़क उठा। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर रविवार को मृतक के परिजनों और इलाके के लोगों ने नेशनल हाईवे मेन जीटी रोड पर धरना देकर जाम लगा दिया। प्रदर्शन के कारण हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई।

धरने की सूचना मिलते ही पुलिस के उच्चाधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया और हाईवे से धरना हटाने की अपील की। हालांकि, मृतक के परिजन और प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे।

36 घंटे बाद भी गिरफ्तारी नहीं होने पर परिजनों में रोष

मृतक के परिवार का कहना था कि वारदात को 36 घंटे से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। परिजनों ने पुलिस और पंजाब सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें केवल आश्वासन दिए जा रहे हैं, जबकि परिवार आरोपियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई चाहता है।

प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। गुस्साए कुछ प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों के खिलाफ पुलिस एनकाउंटर की मांग भी रखी।

परिजनों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जा सकता है। परिवार की ओर से यह तक कहा गया कि जरूरत पड़ी तो शव को नेशनल हाईवे पर रखकर प्रदर्शन किया जाएगा।

पहले मारपीट की घटना का भी परिवार ने लगाया आरोप

मृतक के परिजनों ने दावा किया कि हरजिंदर सिंह के साथ पहले भी मारपीट की घटना हो चुकी थी। परिवार का आरोप है कि उस समय यदि पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की होती, तो शायद यह वारदात टाली जा सकती थी।

प्रदर्शनकारियों ने कथित पुलिस लापरवाही की भी जांच कराने और मामले में जिम्मेदार पुलिस कर्मचारियों को निलंबित करने की मांग की।

फिलहाल पुलिस अधिकारियों ने परिवार और प्रदर्शनकारियों को आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिया है। मामले में पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई पर सभी की नजरें बनी हुई हैं।

डॉ. AVM पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में सेमिनार का आयोजन

लुधियाना / सत्ता संदेश

डॉ. ए.वी.एम. पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, निकट ईसा नगरी पुली में मौसम में बदलाव के दौरान होने वाली वायरल बीमारियों के प्रति छात्रों को जागरूक करने के उद्देश्य से सी.एम.सी. अस्पताल के नर्सिंग विभाग के विद्यार्थियों और स्टाफ द्वारा एक सेमिनार का आयोजन किया गया।

इस सेमिनार का मुख्य उद्देश्य छात्रों को डेंगू, मलेरिया, हैजा जैसी खतरनाक बीमारियों के कारणों, लक्षणों और बचाव के तरीकों के बारे में जानकारी देना था। इस दौरान जागरूकता के लिए मॉडल, चार्ट और पोस्टर भी तैयार किए गए।

इस अवसर पर स्कूल के डायरेक्टर राजीव कुमार लवली और प्रिंसिपल मनीषा गाबा ने सी.एम.सी. से आई टीम का स्वागत करते हुए कहा कि बदलते मौसम के साथ-साथ वायरल बीमारियों के फैलने का खतरा भी बना रहता है। उन्होंने कहा कि डॉ. ए.वी.एम. पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में बच्चों को शैक्षणिक शिक्षा देने के अलावा अपने आसपास की स्वच्छता और नैतिक गुणों के प्रति भी जागरूक किया जाता है, ताकि ये विद्यार्थी अपने समाज और परिवार के प्रति अपने कर्तव्य को बेहतर ढंग से निभा सकें।

सेमिनार के दौरान अस्पताल के नर्सिंग स्टाफ और विद्यार्थियों ने स्कूली बच्चों को जमा पानी में पैदा होने वाले मच्छरों के प्रति सावधान करते हुए बताया कि बीमारी को फैलने से पहले ही किस तरह रोका जा सकता है। उन्होंने बताया कि आमतौर पर घरों की छतों और खुले स्थानों पर रखे गमलों, पुराने टायरों और कूलरों में जमा पानी डेंगू के मच्छरों के पनपने का कारण बनता है। इन बीमारियों से बचने के लिए हमें अपने घर और आसपास के क्षेत्र को साफ-सुथरा रखने की आवश्यकता है।

इस सेमिनार में स्कूल स्टाफ ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस अवसर पर अमिता राजन, हर्ष बाला, सोनिया, कामिनी, इशिता कत्याल, नवनीत कौर, जसवंत कौर, रूबी वर्मा, रीमा, गुरप्रीत बजाज, कुलदीप कौर, वंदना सूद, निशु, मंजू, हरजीत कौर, मुस्कान, हर्ष बाला और गुरलीन कौर सहित अन्य उपस्थित रहे।