ब्रेकिंग न्यूज़
Punjab Roadways Strike: पंजाब में रोडवेज का चक्का जाम, कच्चे कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू

पंजाब में पनबस और पीआरटीसी के कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारियों ने मांगें पूरी न होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान किया। जानें रेशम सिंह गिल ने सरकार पर क्या आरोप लगाए।

पंजाब / सत्ता संदेश

पंजाब में पंजाब रोडवेज, पनबस और पीआरटीसी के कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने का ऐलान किया है। पंजाब रोडवेज पनबस/पीआरटीसी कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स यूनियन पंजाब (25/11) ने कर्मचारियों को पक्का करने और अन्य मांगें पूरी करने की मांग को लेकर आंदोलन का रास्ता अपनाया है। हड़ताल के चलते बस सेवाओं पर असर पड़ने की आशंका है।

यूनियन और पंजाब सरकार के बीच मांगों को लेकर गतिरोध बरकरार है। यूनियन ने सरकार पर बार-बार बैठकों को आगे बढ़ाकर कर्मचारियों की मांगों को टालने का आरोप लगाया है। कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से उनकी मांगों पर चर्चा हो रही है, लेकिन अभी तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है।

यूनियन के प्रधान रेशम सिंह गिल ने बताया कि पिछले छह महीनों के दौरान वित्त एवं परिवहन मंत्री हरपाल सिंह चीमा के साथ सात से आठ बैठकें हो चुकी हैं। उनके मुताबिक, हर बैठक में यूनियन से दस दिन का समय मांगा जाता रहा, लेकिन इसके बावजूद कर्मचारियों की एक भी मांग पूरी नहीं हुई।

रेशम सिंह गिल के अनुसार, 5 अक्टूबर को हुई अंतिम बैठक में सरकार की ओर से 15 अक्टूबर तक लिए गए फैसलों को लागू करने और संबंधित नोटिफिकेशन जारी करने का आश्वासन दिया गया था। हालांकि, यूनियन का आरोप है कि तय समय सीमा बीत जाने के बाद भी मांगों को लेकर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

यूनियन ने स्पष्ट किया है कि जब तक कर्मचारियों की मांगों पर ठोस फैसला नहीं लिया जाता और सरकार अपने आश्वासनों को लागू नहीं करती, तब तक आंदोलन जारी रखने का रुख अपनाया जाएगा। हड़ताल की अवधि में बस सेवाओं पर पड़ने वाले वास्तविक असर और यात्रियों को होने वाली परेशानी की स्थिति संबंधित अपडेट के आधार पर स्पष्ट होगी।

Punjab Cabinet Decisions: चुनाव आयोग में 19 नए पद, नर्सिंग नियमों में संशोधन, पठानकोट में रणजीतगढ़ विकास प्राधिकरण

पंजाब कैबिनेट की बैठक में कई बड़े फैसले लिए गए। मुख्य चुनाव अधिकारी कार्यालय में 19 नए पद, नर्सिंग सेवा नियम-2016 में संशोधन और पठानकोट में रणजीतगढ़ विकास प्राधिकरण के गठन को मंजूरी मिली।

चंडीगढ़ / सत्ता संदेश

पंजाब कैबिनेट की बैठक में सोमवार को कई महत्वपूर्ण फैसलों को मंजूरी दी गई। बैठक के बाद कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने फैसलों की जानकारी देते हुए बताया कि सरकार ने मुख्य चुनाव अधिकारी कार्यालय में 19 नए पद सृजित करने का निर्णय लिया है। इन पदों पर नई नियुक्तियां की जाएंगी, जिससे चुनाव संबंधी कार्यों के लिए विभाग की प्रशासनिक क्षमता मजबूत होगी।

हरपाल सिंह चीमा ने बताया कि चुनाव आयोग लोकतांत्रिक व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए मुख्य चुनाव अधिकारी कार्यालय में नए पद सृजित किए गए हैं। सरकार के इस फैसले से कार्यालय के कामकाज के लिए कर्मचारियों की संख्या बढ़ेगी और चुनाव से जुड़े कार्यों को बेहतर तरीके से संचालित करने में मदद मिलेगी।

पंजाब नर्सिंग शिक्षा सेवा नियम-2016 में संशोधन

कैबिनेट ने पंजाब नर्सिंग शिक्षा सेवा नियम-2016 में संशोधन को भी मंजूरी दी है। चीमा के मुताबिक संबंधित विभाग का गठन वर्ष 2021 में किया गया था, लेकिन उस समय सेवा नियम तैयार नहीं किए गए थे। इसके बाद करीब 1,400 स्टाफ नर्सों की भर्ती भी की गई।

अब सरकार ने मंत्रिमंडल के माध्यम से नए नियमों को मंजूरी दे दी है। संशोधित नियम लागू होने के बाद नर्सिंग विभाग में सेवा से संबंधित व्यवस्थाएं निर्धारित नियमों के अनुसार संचालित की जा सकेंगी।

गैर-शिक्षण कर्मचारियों को भी सोसायटी के दायरे में लाने का फैसला

पंजाब सरकार ने गैर-शिक्षण कर्मचारियों की सेवाओं को भी संबंधित सोसायटी के दायरे में लाने का निर्णय लिया है। इससे पहले कंप्यूटर शिक्षकों को सोसायटी के दायरे में शामिल किया गया था। अब शेष गैर-शिक्षण कर्मचारियों को भी इस व्यवस्था के तहत लाने की मंजूरी दी गई है।

पठानकोट में रणजीतगढ़ विकास प्राधिकरण बनेगा

कैबिनेट बैठक में पठानकोट के पर्यटन विकास को लेकर भी अहम फैसला लिया गया। सरकार ने रणजीतगढ़ विकास प्राधिकरण के गठन को मंजूरी दी है। इसका उद्देश्य पठानकोट और आसपास के पर्यटन स्थलों को विकसित कर उन्हें विश्वस्तरीय पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करना है।

कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि पठानकोट में पर्यटन की काफी संभावनाएं हैं। रणजीत सागर बांध और आसपास के प्राकृतिक एवं पर्यटन स्थलों को विकसित कर क्षेत्र में पर्यटकों की आमद बढ़ाने की योजना है।

रणजीतगढ़ विकास प्राधिकरण में मुख्यमंत्री भगवंत मान को अध्यक्ष और संबंधित मंत्री को उपाध्यक्ष बनाए जाने का प्रावधान है। सरकार का कहना है कि प्राधिकरण के गठन से पठानकोट के पर्यटन विकास को संस्थागत रूप से आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी और क्षेत्र को राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने का प्रयास किया जाएगा।

पंजाब सरकार के मुताबिक इन फैसलों का उद्देश्य प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करना, नर्सिंग क्षेत्र में सेवा नियमों को व्यवस्थित करना, कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों का समाधान करना और पठानकोट में पर्यटन की संभावनाओं को विकसित करना है।

650वें प्रकाश पर्व को समर्पित पंजाब में होंगे धार्मिक समागम, चार शोभायात्राओं का आयोजन

चंडीगढ़ / सत्ता संदेश

पंजाब सरकार की ओर से श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित विभिन्न धार्मिक समागमों का आयोजन किया जा रहा है। कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने चंडीगढ़ में जानकारी देते हुए बताया कि पंजाब भर में गुरु रविदास जी की वाणी और शिक्षाओं के प्रचार-प्रसार के लिए कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि श्री गुरु रविदास जी का 650वां प्रकाश पर्व फरवरी में मनाया जाना है। इसी को समर्पित धार्मिक समागमों और कार्यक्रमों की तैयारियां की जा रही हैं।

मंत्री के अनुसार प्रकाश पर्व को लेकर चार शोभायात्राएं निकाली जाएंगी। इनमें एक शोभायात्रा 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक वाराणसी से शुरू होगी। इसके अलावा फरीदकोट से 2 दिसंबर से 3 दिसंबर तक तथा बठिंडा से 1 दिसंबर से 3 दिसंबर तक शोभायात्रा निकाली जाएगी।

उन्होंने बताया कि चौथी शोभायात्रा भी 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक आयोजित की जाएगी और सभी धार्मिक कार्यक्रमों के माध्यम से श्री गुरु रविदास जी की वाणी एवं संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

SDM ने इसरु में शहीदी समारोह की तैयारियों का लिया जायजा, अधिकारियों को सौंपी जिम्मदारियां

खन्ना / सत्ता संदेश

पंजाब सरकार की ओर से शहीद मास्टर करनैल सिंह इसरू के शहीदी दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को गांव इसरू में राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए खन्ना की सब-डिविजनल मजिस्ट्रेट (SDM) स्वाति टिवाना ने शुक्रवार को गांव इसरू में सिविल और पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कार्यक्रम को सुचारू और व्यवस्थित तरीके से संपन्न करवाने के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपीं।

हरपाल सिंह चीमा देंगे शहीद को श्रद्धांजलि

SDM स्वाति टिवाना ने बताया कि पंजाब के वित्त, योजना, कार्यक्रम क्रियान्वयन, कराधान एवं आबकारी और परिवहन मंत्री हरपाल सिंह चीमा राज्य स्तरीय समारोह में विशेष रूप से शामिल होकर शहीद मास्टर करनैल सिंह इसरू को श्रद्धांजलि देंगे। इस अवसर पर पंजाब सरकार के अन्य कैबिनेट मंत्री, विधायक और कई प्रमुख हस्तियां भी शहीद को नमन करेंगी।

गर्मी को देखते हुए किए जाएंगे विशेष इंतजाम

SDM ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समारोह में आने वाले लोगों के लिए पर्याप्त बैठने की व्यवस्था की जाए। गर्मी के मौसम को देखते हुए शामियाने, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं के उचित प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं।

उन्होंने बताया कि शहीद मास्टर करनैल सिंह इसरू की आदमकद प्रतिमा और स्मारक को सजाने की जिम्मेदारी भी संबंधित अधिकारियों को दी गई है। कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।

सुरक्षा, पार्किंग और ट्रैफिक व्यवस्था की जिम्मेदारी पुलिस को

समारोह में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए खन्ना पुलिस को सुरक्षा व्यवस्था संभालने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस विभाग को पार्किंग और ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।

वहीं, PSPCL अधिकारियों को कार्यक्रम के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक ड्यूटी सौंपी गई है।

कई अधिकारी और पंचायत प्रतिनिधि रहे मौजूद

बैठक के दौरान चेयरमैन ब्लॉक समिति खन्ना लखवीर सिंह गिल, जिला परिषद सदस्य मास्टर अवतार सिंह दैहिरू, OSD करण अरोड़ा, अमरदीप सिंह पुरेवाल, BDPO खन्ना सतविंदर सिंह कंग, सेक्रेटरी मार्केट कमेटी खन्ना कमलदीप सिंह, SMO खन्ना मनिंदर भसीन, पंचायत अधिकारी कुलदीप सिंह, सरपंच जतिंदरजोत सिंह इसरू सहित पंचायत प्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

15 अगस्त को आयोजित होने वाला यह राज्य स्तरीय समारोह गोवा की आजादी के महान शहीद मास्टर करनैल सिंह इसरू के बलिदान और देश के प्रति उनके योगदान को याद करने के लिए आयोजित किया जा रहा है।

पंजाब में 13 टैक्स बकायेदारों की संपत्तियां होंगी नीलाम, 30 सितंबर तक बढ़ी OTS योजना

पंजाब में वित्त मंत्रालय की सख्ती के बाद बकाया कर न चुकाने वाले 13 उद्यमियों की संपत्तियां अगस्त में नीलाम की जाएंगी। इस संदर्भ में प्रस्ताव को वित्तमंत्री हरपाल सिंह चीमा ने मंजूरी दे दी है। यदि संबंधित उद्यमी नीलामी प्रक्रिया से पहले अपनी बकाया कर राशि चुका देता है तो उनकी संपत्ति की नीलामी प्रक्रिया रद्द कर दी जाएगी।

चीमा ने साफ कहा कि राज्य सरकार जहां जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए संसाधन जुटाने हेतु प्रतिबद्ध है वहीं लगातार कर बकाया रखने वालों के विरुद्ध भी समान रूप से कठोर रुख अपनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि विभाग ने वैट के पुराने बकायेदारों के विरुद्ध संपत्तियों की कुर्की और नीलामी की कार्रवाई तेज कर दी है। इसके अलावा सर्वोच्च न्यायालय के ‘समाधान’ अभियान के तहत भी अब तक 12 बड़े कर विवादों का समाधान किया जा चुका है व चार अन्य विवाद भी समाधान के अंतिम चरण में हैं।



उधर वित्तमंत्री ने जीएसटी लागू होने से पूर्व के कर बकायों के निपटारे के लिए शुरू की गई पंजाब एकमुश्त निपटान (वन टाइम सेटलमेंट) योजना की अंतिम तिथि 31 जुलाई से बढ़ाकर 30 सितंबर कर दी है। योजना के अंतर्गत अब तक करदाताओं द्वारा 167.23 करोड़ रुपये जमा कराए जा चुके हैं जबकि सरकार ने कर, ब्याज और जुर्माने में 534.54 करोड़ रुपये की राहत प्रदान की है।

वित्त मंत्री चीमा ने बताया कि पंजाब सरकार पात्र करदाताओं को लंबे समय से लंबित कर विवादों का समाधान करने तथा व्यापक कानूनी राहत प्राप्त करने का एक अंतिम अवसर दे रही है। इसी उद्देश्य से तारीख को बढ़ाया गया है। आंकड़ों के तहत 30 जुलाई तक आबकारी एवं कराधान विभाग को 9,782 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें 437.51 करोड़ रुपये की कुल कर मांग शामिल है। इन आवेदनों के विरुद्ध करदाताओं ने 167.23 करोड़ रुपये जमा किए हैं जबकि राज्य सरकार ने उन्हें 534.54 करोड़ रुपये की कर राहत प्रदान की है।

वित्तमंत्री के अनुसार इन सख्ती के परिणामस्वरूप 12.39 करोड़ रुपये से अधिक की वसूली की जा चुकी है। कई करदाताओं ने अपने विरुद्ध कार्रवाई या नीलामी शुरू होते ही ओटीएस योजना के तहत अपना बकाया चुकता कर दिया है। शेष 9,386 पात्र करदाताओं से अपील करते हुए मंत्री ने कहा कि वे 30 सितंबर से पहले योजना का लाभ अवश्य उठाएं ताकि उन्हें ब्याज और जुर्माने पर 100 प्रतिशत छूट के साथ-साथ अपनी निर्धारित स्लैब के अनुसार मूल कर में भी पर्याप्त राहत प्राप्त हो सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वैच्छिक कर निपटान कारोबारियों के लिए सबसे किफायती और लाभकारी विकल्प है।

बैंक खाते सील करने की चेतावनी

मंत्री ने साफ किया कि योजना की अवधि में किया गया यह विस्तार अंतिम है और इसके बाद किसी प्रकार की अतिरिक्त मोहलत नहीं दी जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद विभाग कर कानूनों तथा पंजाब भूमि राजस्व अधिनियम के अंतर्गत बैंक खाते सील करने, संपत्तियों की कुर्की एवं नीलामी जैसी कठोर वसूली कार्रवाई तेज करेगा।

पंजाब में रिपब्लिक डे का शेड्यूल जारी: CM मान होशियारपुर में और गवर्नर पटियाला में फहराएंगे तिरंगा

पंजाब डेस्क । पंजाब सरकार ने रिपब्लिक डे सेलिब्रेशन का शेड्यूल जारी कर दिया है। पटियाला में एक स्टेट-लेवल फंक्शन होगा, जहां पंजाब के गवर्नर गुलाब चंद कटारिया नेशनल फ्लैग फहराएंगे और मार्च पास्ट की सलामी लेंगे। पंजाब के मुख्य मंत्री भगवंत सिंह मान 26 जनवरी, 2026 को होशियारपुर में नेशनल फ्लैग फहराएंगे, जबकि पंजाब विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवान संगरूर में और पंजाब विधानसभा डिप्टी स्पीकर जय किशन रोड़ी बरनाला में नेशनल फ्लैग फहराएंगे।

अलग-अलग जिलों में होने वाले प्रोग्राम और मुख्य मेहमान की जानकारी देते हुए प्रवक्ता ने बताया कि फाइनेंस, प्लानिंग और टैक्सेशन और एक्साइज मिनिस्टर हरपाल सिंह चीमा बठिंडा, न्यू और रिन्यूएबल एनर्जी सोर्स और प्रिंटिंग और स्टेशनरी, गुड गवर्नेंस और इन्फॉर्मेशन और टेक्नोलॉजी और एम्प्लॉयमेंट जेनरेशन और ट्रेनिंग मिनिस्टर अमन अरोड़ा पठानकोट, सोशल जस्टिस, एम्पावरमेंट और माइनॉरिटी और सोशल सिक्योरिटी, वुमन एंड चाइल्ड डेवलपमेंट मिनिस्टर डॉ. बलजीत कौर फिरोजपुर, इंडस्ट्रीज़ एंड कॉमर्स, इन्वेस्टमेंट एंड प्रमोशन, एनआरआई अफेयर्स और एनर्जी मिनिस्टर संजीव अरोड़ा फरीदकोट, हेल्थ एंड फैमिली वेलफेयर और मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च मिनिस्टर और इलेक्शन मिनिस्टर डॉ. बलबीर सिंह शहीद भगत सिंह नगर।

इसके साथ ही रेवेन्यू, रिहैबिलिटेशन और डिजास्टर मैनेजमेंट, वॉटर सप्लाई एंड सैनिटेशन और हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट मिनिस्टर हरदीप सिंह मुंडियां अमृतसर, फूड, सिविल सप्लाई और कंज्यूमर अफेयर्स, फॉरेस्ट और वाइल्डलाइफ मिनिस्टर लाल चंद मालेरकोटला, ट्रांसपोर्ट और जेल मिनिस्टर लालजीत सिंह भुल्लर श्री मुक्तसर साहिब, टेक्निकल एजुकेशन और इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग, हायर एजुकेशन, स्कूल शिक्षा और सूचना और पब्लिक रिलेशन मंत्री श्री हरजोत सिंह बैंस फाजिल्का।

पब्लिक वर्क्स मंत्री श्री हरभजन सिंह लुधियाना, खान और भूविज्ञान, जल संसाधन और भूमि और जल संरक्षण मंत्री श्री बरिंदर कुमार गोयल जालंधर, पर्यटन और सांस्कृतिक मामले, श्रम, आतिथ्य और ग्रामीण विकास और पंचायत मंत्री श्री तरुणप्रीत सिंह सौंद रूपनगर, स्थानीय सरकार और संसदीय मामले मंत्री डॉ. रवजोत सिंह मानसा, कृषि और किसान कल्याण, पशुपालन, मछली पालन और डेयरी विकास और खाद्य प्रसंस्करण मंत्री श्री गुरमीत सिंह खुड्डियां तरनतारन और रक्षा सेवा कल्याण, स्वतंत्रता सेनानी और बागवानी मंत्री श्री मोहिंदर भगत एस.ए.एस. नगर में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे।