ब्रेकिंग न्यूज़
भगवंत मान का बड़ा दावा: गैंगस्टरों पर कार्रवाई में 1,777 गिरफ्तार, भारी मात्रा में हथियार और ड्रग्स बरामद

पंजाब के CM भगवंत मान ने गैंगस्टरों के खिलाफ अभियान की जानकारी दी। 1,777 गिरफ्तार, 24,864 से पूछताछ, हथियार, हेरोइन, अफीम और नकदी बरामद होने का दावा।

पंजाब / सत्ता संदेश

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने गैंगस्टरों और संगठित अपराध के खिलाफ राज्य सरकार की ओर से चलाए जा रहे अभियान को लेकर बड़ा दावा किया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि अभियान के तहत अब तक 1,777 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि 24,864 लोगों से पूछताछ की गई है।

मुख्यमंत्री के मुताबिक कार्रवाई के दौरान 1,170 हथियार और 15 हथगोले बरामद किए गए। इसके अलावा 858.26 किलोग्राम हेरोइन और 480.26 किलोग्राम अफीम भी जब्त की गई है। पुलिस कार्रवाई में 3,066.85 ग्राम सोना और करीब 2 करोड़ रुपये नकद बरामद किए जाने की जानकारी भी मुख्यमंत्री ने दी। उन्होंने बताया कि 28 वांछित गैंगस्टरों पर इनाम घोषित किया गया है।

गुजरात के बंदरगाहों से ड्रग्स की बरामदगी पर विपक्ष को घेरा

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पंजाब-पाकिस्तान सीमा से बरामद होने वाले नशीले पदार्थों के साथ-साथ गुजरात के बंदरगाहों से सामने आई बड़ी ड्रग्स बरामदगी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने पंजाब को नशे के मुद्दे पर निशाना बनाने वाले विपक्षी दलों पर सवाल खड़े किए।

मान ने कहा कि पंजाब सीमा से आमतौर पर कुछ किलोग्राम के पैकेटों में नशीले पदार्थ पकड़े जाते हैं, जबकि गुजरात के बंदरगाहों से हजारों किलोग्राम नशीले पदार्थों की बरामदगी के मामले सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस राजस्थान, मध्य प्रदेश और गुजरात समेत दूसरे राज्यों से मिली सूचनाओं के आधार पर भी आरोपियों को गिरफ्तार कर पंजाब लाती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केवल नशीले पदार्थों के मुद्दे पर पंजाब को बदनाम करना उचित नहीं है। उन्होंने भाजपा की प्रस्तावित नशे के खिलाफ यात्रा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पहले गुजरात के बंदरगाहों पर ध्यान दिया जाना चाहिए।

मान ने दावा किया कि भारत में एनडीपीएस मामलों में करीब 60 प्रतिशत बरामदगी में पंजाब का योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने और नशे के खिलाफ कार्रवाई में कोई कसर नहीं छोड़ रही है।

अकाली दल और कांग्रेस पर भी साधा निशाना

गैंगस्टरवाद के मुद्दे पर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अकाली दल और कांग्रेस को भी निशाने पर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन राजनीतिक दलों के शासनकाल में गैंगस्टरवाद को बढ़ावा मिला, उनके नेताओं द्वारा आज गैंगस्टरों के मुद्दे पर सवाल उठाना हास्यास्पद है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार गैंगस्टरों और नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखेगी और कानून-व्यवस्था से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।