लुधियाना :धान खरीद सीजन की तैयारियां पूरी, 17.25 लाख मीट्रिक टन खरीद का लक्ष्य
लुधियाना / सत्ता संदेश
खरीफ सीजन 2026-27 के दौरान किसानों को धान की बिक्री में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए लुधियाना जिला प्रशासन ने मंडियों में खरीद की तैयारियां पूरी करने का दावा किया है। डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन के निर्देशों के तहत एडिशनल डिप्टी कमिश्नर शिखा भगत ने पंजाब एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी के खेम सिंह गिल ऑडिटोरियम में अधिकारियों, खरीद एजेंसियों, आढ़तियों और अन्य प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की।
एडिशनल डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि इस खरीफ सीजन में लुधियाना जिले में करीब 2.57 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में धान की खेती हुई है और लगभग 17.25 लाख मीट्रिक टन धान मंडियों में पहुंचने की उम्मीद है। पिछले खरीद सीजन के दौरान जिले में करीब 13.11 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद की गई थी।
जिले में धान की सुचारू खरीद के लिए 109 नियमित अनाज मंडियों में जरूरी व्यवस्थाएं करने की जानकारी दी गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि खरीद प्रक्रिया तेज और निर्बाध तरीके से पूरी की जाए तथा किसानों को उनकी फसल का भुगतान समय पर सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।
शिखा भगत ने कहा कि सभी सब-डिविजनल मजिस्ट्रेट (SDM) अपने-अपने अधिकार क्षेत्र में आने वाली अनाज मंडियों में खरीद प्रक्रिया की निगरानी करेंगे। उन्होंने अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने को कहा कि किसानों को मंडियों में फसल बेचते समय किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
मंडी बोर्ड के अधिकारियों को मंडियों में धान को बारिश से बचाने के लिए पर्याप्त इंतजाम करने के साथ-साथ साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा खरीद केंद्रों पर बिजली, किसानों के लिए शेड, पीने के पानी और धान की गुणवत्ता की निगरानी से जुड़े जरूरी प्रबंध करने को कहा गया।
एडिशनल डिप्टी कमिश्नर ने किसानों से अपील की कि वे मंडियों में 17 प्रतिशत या उससे कम नमी वाला धान लेकर आएं, ताकि फसल की बिक्री के दौरान उन्हें किसी तरह की परेशानी न हो और खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से चल सके।
बैठक में DFSC वेस्ट सरताज सिंह चीमा, DFSC ईस्ट लखवीर सिंह, DM मार्कफेड सुधीर, DM PUNSUP मोनिका गोयल, DM PSWC सुखविंदर सिंह, DMO गुरमतिपाल सिंह, आढ़ती एसोसिएशन के प्रतिनिधियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

