IPL 2026: संकट में केकेआर, लगातार हार के बीच कप्तान अजिंक्य रहाणे पर लगा 12 लाख का भारी जुर्माना
स्पोर्टस डेस्क : कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के लिए आईपीएल 2026 का सफर अब तक बेहद निराशाजनक रहा है,। टीम को न केवल मैदान पर हार का सामना करना पड़ रहा है, बल्कि अब उनके कप्तान अजिंक्य रहाणे पर आईपीएल कोड ऑफ कंडक्ट के उल्लंघन के लिए भारी जुर्माना भी लगाया गया है।
सीएसके के खिलाफ मैच में हुई कार्रवाई : यह कार्रवाई मंगलवार को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के खिलाफ खेले गए मैच के दौरान की गई,। इस मुकाबले में केकेआर की टीम सीएसके द्वारा दिए गए 193 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 32 रनों से हार गई। मैच के दौरान केकेआर की टीम निर्धारित समय में अपने ओवर पूरे करने में विफल रही, जिसके कारण आईपीएल ने कप्तान रहाणे पर स्लोओवर रेट के लिए 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।
पहली गलती पर लगा जुर्माना : आईपीएल के नियमों के अनुसार, कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.22 के तहत यह इस सीजन में केकेआर की टीम का पहला उल्लंघन था, इसलिए जुर्माने की राशि 12 लाख रुपये रखी गई है। हालांकि, यदि टीम दोबारा ऐसी गलती करती है, तो यह जुर्माना बढ़कर 25 लाख रुपये तक हो सकता है। रहाणे पर यह कार्रवाई पहली बार हुई है, इसलिए वे अगले मैच में खेल सकेंगे।
केकेआर का खराब प्रदर्शन: केकेआर के लिए इस सीजन में ‘कंगाली में आटा गीला’ वाली स्थिति हो गई है क्योंकि टीम ने अब तक 5 मैच खेले हैं और एक में भी उसे जीत नसीब नहीं हुई है। चार मैचों में हार और पंजाब किंग्स के खिलाफ बारिश के कारण रद हुए मैच से मिले एक अंक के साथ टीम के लिए टॉप 4 की राह मुश्किल हो गई है। अब केकेआर का अगला मुकाबला 17 अप्रैल को गुजरात टाइटंस के खिलाफ होगा।

